Tuesday 10 November 2015

तो क्या बम धमाका था रूसी विमान दुर्घटना का कारण?

मिस्र के सिनाई पेनीनुसुला में पिछले सप्ताह हादसे का शिकार हुए रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स के मिलने से विमान हादसे के कारणों का खुलासा हो सकता है। रूसी विमान कंपनी कोगालीमाविया के उपमहानिदेशक अलैक्जेंडर सिमरनोव ने हादसे के बाद कहा था कि बाहरी कारणों के चलते विमान के हवा में दो टुकड़े हो गए होंगे। यह भी कहा गया था कि तकनीकी कारणों से इस
-321 विमान का हादसा हुआ है। पर ब्लैक बॉक्स के डाटा से संकेत मिला है कि विमान को बम से उड़ाया गया। फ्लाइट डाटा और वायस रिकार्डर ने विमान के उड़ान भरने के 24 मिनटों के बाद काम करना बंद कर दिया था। बीते 31 अक्तूबर को विमान ने मिस्र के शर्म-अल-शेख से रूस के सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरी थी यह सिनाई प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार सभी 224 लोगों की मौत हो गई थी। काहिरा और मॉस्को ने शुरुआत में आईएस के इस दावे को खारिज कर दिया था कि विमान को उसके लोगों ने गिराया है परन्तु अब जो साक्ष्य सामने आए हैं उससे पता चलता है कि एयरबस ए-321 पर आईएस ने हमला किया था। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने मिस्र को जाने वाले सभी रूसी विमानों की उड़ानों को रोक दिया है। जहां यह हादसा रूस के लिए करारा तमाचा है वहीं मिस्र को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मिस्र का पर्यटन उद्योग पहले से ही संघर्ष कर रहा है इससे और नुकसान होगा। उधर अमेरिका ने मिस्र में हुई रूसी विमान की दुर्घटना बाद एहतियात के तौर पर देशभर में हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। घरेलू सुरक्षा मंत्री जेब जानसन ने कहा कि एहतियात के तौर पर अमेरिकी सरकार ने क्षेत्र में सभी हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और इसके लिए बहुत से कदम उठाए गए हैं। यह रूसी विमान पता नहीं किस देश के सामान से बने बम से उड़ाया गया? आईएस ने अपनी ताजी लड़ाई में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। पर सभी जानते हैं कि आईएस के लिए मानवता का नामोंनिशान नहीं है, उसके लिए मानव जीवन का कोई महत्व नहीं है। बेशक अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उसे निर्दोष बच्चों, महिलाओं को मौत के घाट क्यों न उतारना पड़े। ब्लादिमीर पुतिन चुप बैठने वाले नेता नहीं हैं। वह इस कायराने हमले का जवाब जरूर देंगे।


-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment