Tuesday 16 April 2019

सत्ता और सिने कलाकारों का चुनाव में मिलन

हर बार की तरह इस बार भी लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों से चुनाव समर में पर्दे के स्टार किस्मत आजमा रहे हैं। अगर उत्तर प्रदेश की बात करें तो हेमा मालिनी, जया प्रदा और राज बब्बर प्रमुख हैं। हालांकि यह तीनों पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। उत्तर प्रदेश की मथुरा संसदीय क्षेत्र में क्या इस बार सपा-बसपा व रालोद गठबंधन ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी के ग्लैमर को भेद पाएगा, यह सवाल गठबंधन नेताओं के लिए भी चुनौती बन गया है। मथुरा संसदीय क्षेत्र में इस बार 18 अप्रैल को मतदान होगा। यहां भाजपा की मौजूदा सांसद हेमा मालिनी का मुकाबला सपा-बसपा व रालोद के संयुक्त प्रत्याशी पुंवर नरेंद्र सिंह से है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां से चुनाव मैदान में उतरे रालोद प्रत्याशी जयंत चौधरी का समर्थन किया था, लेकिन इस बार कांग्रेस ने यहां से महेश पाठक को चुनाव मैदान में उतारा है। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के साथ-साथ यहां ड्रीम गर्ल का जादू लोगों पर जमकर चला था और उन्होंने कुल 5,74,633 मत हासिल कर शानदार विजय हासिल की थी। उन्होंने जयंत चौधरी को 3,30,743 मतों के भारी अंतर से हराया था। हेमा के खिलाफ मथुरा के कुछ मतदाताओं की शिकायत है कि उन्होंने मथुरा को इतना समय नहीं दिया जिसकी आवश्यकता थी। फिर 2019 में मोदी लहर भी घटी है। हेमा को अपने दम-खम पर ही सीट निकालनी होगी। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को होना है और इसी चरण में फतेहपुर सीकरी और मथुरा लोकसभा का चुनाव होना है। फतेहपुर सीकरी से उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सिने स्टार राज बब्बर किस्मत आजमा रहे हैं। राज बब्बर आगरा और फिरोजाबाद से लोकसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश कोटे से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। 2014 में राज बब्बर गाजियाबाद में चुनाव लड़ने गए, जहां भाजपा के वीके सिंह ने उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक मतों से जीत का रिकॉर्ड बनाया। फतेहपुर सीकरी में 2014 के चुनाव में भाजपा के बाबू लाल चौधरी जीते थे, लेकिन इस बार उनका टिकट कट गया है। भाजपा के राज कुमार चाहर और सपा-बसपा गठबंधन से (बसपा) पूर्व विधायक भगवान शर्मा उर्प गुड्डू पंडित किस्मत आजमा रहे हैं। आजमगढ़ में पिता मुलायम सिंह यादव की विरासत को हासिल करने के लिए इस बार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मैदान में हैं। वहां छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा। रामपुर में मौजूदा सांसद नेपाल सिंह का टिकट काटकर भाजपा ने सिने अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला सपा सरकार के कई बार मंत्री रहे रामपुर के विधायक मोहम्मद आजम खान से है। रामपुर में कांग्रेस ने संजय कपूर को मौका दिया है। जया प्रदा का मुकाबला दिग्गज आजम खान से सीधे होने की वजह से रोमांचक हो गया है। जया प्रदा 2004 और 2009 में रामपुर में  बेगम नूर बानो को दो बार पटखनी दे चुकी हैं। 2014 में वह बिजनौर से हार गई थीं। तब वह अमर सिंह के साथ बगावत कर सपा से निकली थीं और रालोद के टिकट पर मैदान में उतरी थीं। मथुरा के गांवों में फसल काट ली हेमा मालिनी ने तो बेगूसराय में कन्हैया के पक्ष में खड़ी स्वरा भास्कर। कलाकारों के एक समूह ने मौजूदा सरकार को वोट नहीं देने की अपील की तो दूसरा खेमा मोदी के पक्ष में वोट देने की अपील करता नजर आ रहा है। सत्ता और सिनेमा में लोकप्रियता का मिलन हर चुनाव में दिखता है। 2019 में कोई भिन्न नहीं है।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment