Translater

Showing posts with label Rajassthan. Show all posts
Showing posts with label Rajassthan. Show all posts

Saturday, 7 April 2012

अशोक गहलोत सरकार संकट में फंसी

Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 7 April 2012
अनिल नरेन्द्र
कांग्रेस के सितारे इन दिनों गर्दिश में चल रहे हैं। आए दिन कोई नया खुलासा हो जाता है और कांग्रेस आलाकमान उससे जूझने में लग जाता है। अच्छी भली चल रही राज्य सरकार उसके लिए नया सिरदर्द पैदा कर देती है। अब आप राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार का ही किस्सा ले लीजिए। अच्छी भली चल रही सरकार में अपनी ही पार्टी वालों ने अशोक गहलोत के लिए नई समस्या खड़ी कर दी है। देशभर में मिल रही सियासी पराजय के बाद अब राजस्थान में भी उसके विधायकों ने अपनी ही गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत कर दी है। पिछले कई दिनों से राजस्थान के करीब दो दर्जन विधायकों ने दिल्ली में डेरा डाला हुआ है। उनकी मांग है कि पार्टी हाई कमान तत्काल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री पद से हटाकर केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को राज्य की बागडोर सौंपे। इन विधायकों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल से मिलकर सरकार के खिलाफ शिकायत की। विधायकों ने कहा कि प्रदेश सरकार में उनकी कोई सुनवाई नहीं है। इससे विधायकों और कार्यकर्ताओं में निराशा पनप रही है। विधायकों ने आलाकमान को आगाह किया कि अगर समय रहते हालत में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी को अगले चुनाव में भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इतना ही नहीं, अपने चहेते लोगों को खुली छूट दे रहे हैं जिससे एक तरफ भ्रष्टाचार को शह मिल रही है दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। असंतुष्ट विधायकों ने राहुल गांधी से भी मुलाकात की और उन्हें स्पष्ट रूप से बता दिया है कि यदि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री पद पर बने रहे और उन्हें तत्काल पद से नहीं हटाया गया तो करीब डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ-साथ उनका भी भट्ठा बैठ जाएगा। कहा जा रहा है कि असंतुष्ट विधायकों की संख्या बढ़ती जा रही है और अब यह आंकड़ा 60 तक पहुंच गया है जबकि 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के पास 106 विधायक हैं। यहां यह भी गौरतलब है कि राहुल अपने घर तुगलका रोड के बजाय सोनिया गांधी निवास 10 जनपथ पर मिले लेकिन सोनिया उनसे नहीं मिलीं। इन असंतुष्ट विधायकों की नाराजगी पहले तो मंत्रियों के प्रति ही थी पर अब मुख्यमंत्री भी निशाने पर आ गए हैं। विधानसभा के बजट सत्र से पहले जयपुर में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भी विधायकों की नाराजगी उभरी थी। बैठक में विधायकों ने मंत्रियों की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री गहलोत ने विधायकों से कहा था कि मंत्रियों की शिकायतें उनसे की जाएं और मुख्यमंत्री की ही कोई शिकायत है तो फिर कांग्रेस अध्यक्ष को बताई जाए। हमारा मानना है कि अशोक गहलोत एक अच्छे नेता हैं जिन पर व्यक्तिगत से कोई आरोप नहीं लगा। लगता है कि उन्हें अपना जनसम्पर्प और विधायकों से कम्युनिकेशन सुधारना होगा। उन्हें इस समस्या को खुद ही सुलटाना चाहिए। यह कांग्रेस हाई कमान की समस्या नहीं होनी चाहिए थी पर जब विधायकों की बात कोई सुनेगा ही नहीं तो उनके पास दिल्ली कूच के अलावा विकल्प क्या बचता है। कांग्रेस की आपसी लड़ाई कहीं पार्टी को राजस्थान में डुबा न दे।
Anil Narendra, Ashok Gehlot, Congress, Daily Pratap, Rajassthan, Vir Arjun

Sunday, 4 March 2012

भंवरी देवी अपहरण व हत्या मामले में चार्जशीट क्या कहती है

Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 4 March 2012
अनिल नरेन्द्र
बहुचर्चित भंवरी देवी हत्याकांड में सीबीआई ने बुधवार को जोधपुर की अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। 97 पेजों की चार्जशीट में 58 पेजों में आरोप व कहानी का खुलासा है। 300 गवाहों के बयान हैं और चार्जशीट में 313 दस्तावेज लगाए गए हैं। इनमें 93 साक्ष्यों की सूची भी लगाई गई है। चार्जशीट में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा और लूणी विधायक मलखान सिंह बिश्नोई पर एक ही आरोप लगाए हैं। यह भी खुलासा हुआ है कि मलखान की बहन इन्दिरा ने मदेरणा की सीडी बनवाई थी। मदेरणा आपत्तिजनक सीडी से ब्लैकमेल हो रहे थे, तो मलखान सिंह भंवरी की एक बेटी का पिता होने व खेजड़ली मेले में पोल खोलने से परेशान थे। दोनों ने सहीराम व सोहन लाल को भंवरी को ठिकाने लगाने का जिम्मा सौंपा और उसी साजिश में एक सितम्बर को उसका अपहरण किया गया। आरोप पत्र के अनुसार भंवरी देवी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की अश्लील सीडी के पीछे राजनीतिक साजिश थी एवं इस पूरे मामले में मास्टर माइंड इन्दिरा बिश्नोई थी। इन्दिरा ने ही अपने भाई मलखान को मंत्री बनवाने के लिए यह साजिश रची थी। गौरतलब है कि एक सितम्बर 2011 को भंवरी देवी गायब हुई थी और ठीक छह माह बाद कोर्ट में दूसरी चार्जशीट पेश की गई है। भंवरी देवी मामले के अपहरण और हत्या के मामले में मदेरणा, मलखान सिंह समेत 16 आरोपी जेल में हैं। यह आरोपी सोहन लाल, शहाबुद्दीन, बलदेव, सहीराम, परसराम, अमीरचन्द, उमेश राम, रेगचाराम, पुखराज, दिनेश, बिशन राम, ओम प्रकाश, कैलाश और अशोक हैं। इनमें इन्दिरा बिश्नोई अभी पकड़ी नहीं गई, वह चार माह से फरार है। पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा व मलखान एएनएम भंवरी देवी द्वारा ब्लैकमेलिंग से खासे परेशान थे। बदनामी से बचने के साथ ही राजनीतिक कैरियर को बचाने के मकसद से राजनीति के इन दोनों कद्दावर नेताओं ने भंवरी से छुटकारा पाने का षड्यंत्र रचा। आरोप पत्र के मुताबिक विधायक मलखान सिंह भंवरी देवी की जरूरतों को पूरा करता था। इसी कड़ी में उसने भंवरी की स्विफ्ट कार जो उसने 3 सितम्बर 2009 को खरीदी थी, का भुगतान 3 लाख 20 हजार 594 रुपये का अपनी ओर से भुगतान किया था। इस कार को दिलाने में महिपाल मदेरणा ने भी मदद की थी। इसी दिन भंवरी ने शिकारगढ़ में एक भूखंड भी खरीदा था। भंवरी देवी विधायक मलखान की सिर्प महिला मित्र बनकर ही नहीं रहना चाहती थी, ऐसे में वह अपनी छोटी पुत्री के अधिकार पाने की कोशिश में जुट गई। 7 सितम्बर 2010 को भंवरी जोधपुर के तत्कालीन एसपी के कार्यालय जा पहुंची और मलखान को छोटी पुत्री का पिता बताते हुए डीएनए टेस्ट कराने की गुहार लगाई किन्तु इन्दिरा उसे समझा-बुझाकर वहां से ले गई। फिर भंवरी ने ब्लैकमेलिंग का धंधा बढ़ा दिया। इन्दिरा के घर रची साजिशöमहिपाल मदेरणा व भंवरी की अश्लील सीडी मदेरणा के फार्म हाउस पर ही बनाई गई थी। टीवी चैनलों में इस सीडी के दिखाए जाने से दोनों परिवारों में खलबली मच गई। बहुत विचार-विमर्श के बाद भंवरी को जान से मारकर हमेशा के लिए इस मामले को खत्म करने की रणनीति बनाई गई। भंवरी का अपहरण व बाद में उसकी हत्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद भंवरी का पति अमीरचन्द अनजान बना रहा। साजिश में शामिल अमीरचन्द ने पुलिस के काफी दबाव डालने पर पहले गुमशुदगी और फिर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसे आशंका थी कि जांच के दौरान कहीं उसकी इस प्रकरण में संलिप्तता उजागर न हो जाए। इस कहानी में सभी हैं, लव, सेक्स, ब्लैकमेलिंग व हत्या।
Anil Narendra, Bhanwri Devi, CBI, Daily Pratap, Mhipal Maderna, Rajassthan, Sex, Sex Scandal, Sexy Photo, Vir Arjun

Saturday, 26 November 2011

भंवरी देवी के बाद राजस्थान में एक और सेक्स स्कैंडल


Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 26th November 2011
अनिल नरेन्द्र
भंवरी देवी का इतने दिन बाद भी कुछ पता नहीं चल सका। वह किस हालत में है, जिन्दा भी है या नहीं? जोधपुर जिले के नालीवाडा स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत नर्स भंवरी देवी गत एक सितम्बर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। सीबीआई इस प्रकरण में राजस्थान के बर्खास्त काबीना मंत्री महिपाल मदेरणा उसकी पत्नी लीला मदेरणा, कांग्रेस विधायक मलखान सिंह, उसकी बहन इन्द्रा समेत कई लोगों से पूछताछ कर चुकी। सीबीआई ने इस केस में शहाबुद्दीन और सोहन लाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। ये तीनों न्यायिक हिरासत में हैं। 24 नवम्बर को इस केस की राजस्थान हाई कोर्ट में तारीख थी। सीबीआई को अदालत में प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करनी थी। सीबीआई ने अदालत से कहा कि उसे अपनी जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए कुछ दिनों की और मौहलत चाहिए। अदालत ने उसके अनुरोध को स्वीकार करते हुए समय दे दिया है और अब अगली सुनवाई 15 दिसम्बर को होगी। न्यायाधीश गोविंद माथुर और न्यायाधीश एनके जैन की खंडपीठ ने लापता भंवरी देवी के पति की बन्दी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर बन्द कमरे में सुनवाई शुरू की। सीबीआई को इस केस में कोई उल्लेखनीय सफलता अब तक नहीं मिल सकी है। दो सौ से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने लो हावर के खेतों में लगभग 20 किलोमीटर तक खेतों व ढाणियों में भंवरी के अवशेषों की तलाश की। साथ ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री के वैज्ञानिकों से भी पूछताछ की जिन्होंने आरोपी शहाबुद्दीन की उस बुलेरो की जांच की थी जिसमें भंवरी देवी का अपहरण हुआ था। दरअसल सीबीआई यह एंगल स्टडी कर रही है कि उसी बुलेरो में तो भंवरी के साथ अनहोनी तो नहीं हुई?
अभी भंवरी देवी मामला सुलझा नहीं कि एक और सेक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ है। इसका खुलासा सिरसा के उपमंडल डबवाली के गांव आबू शहर की पीड़ित युवती ने किया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर राजस्थान के एक पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और युवती के पति तथा देवर सहित 18 लोगों के खिलाफ केस जयपुर के विशाली नगर थाने में दर्ज किया गया है। आबू शहर की युवती ने 19 नवम्बर को न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम 11 जयपुर की अदालत में इस्तगासा देकर इस मामले में न्याय की गुहार की थी। युवती ने हनुमानगढ़ निवासी अपने पति ओम प्रकाश गोदारा पर आरोप लगाया था कि वह अपना प्रोपर्टी डीलर का कारोबार बढ़ाने के लिए उसे नशे की गोलियां खिलाकर प्रभावशाली लोगों को परोसता ता। इसके बाद अदालत के आदेश पर 21 नवम्बर की रात जयपुर थाना वैशाली नगर में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच कर रहे निरीक्षक ने बताया कि जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें महिला का पति ओम प्रकाश गोदारा, पूर्व मंत्री जोगेश्वर गर्ग, पूर्व सांसद निहाल चन्द मेघवाल, राजस्थान विवि छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज, भाजपा नेताओं के निजी सहायक रहे विवेकानन्द, डीएसपी अनिल राय, पुलिस निरीक्षक महावीर सिंह समेत 18 लोग शामिल हैं। इन सबके खिलाफ धारा 376/328/343/323/506 आईपीसी तथा 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। चर्चित भंवरी देवी प्रकरण की तरह इस एक और सेक्स रैकेट से राजस्थान की राजनीति में नया उफान आ सकता है। जहां तक भंवरी देवी का प्रश्न है समझ नहीं आ रहा कि उसे जमीन निगल गई या आसमान खा गया? अखबार में छपी एक खबर के अनुसार भंवरी देवी की हत्या हो चुकी है लेकिन इस तथ्य के लिए सीबीआई को अभी सुबूत जुटाने हैं। यह बात सीबीआई ने बृहस्पतिवार को जोधपुर हाई कोर्ट में पेश स्टेटस रिपोर्ट में अदालत से कही है। इसी पर अदालत ने उसे 15 दिन का समय दिया। उधर आबू शहर की युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसकी 34 सीडी बनाई हैं और इनके जरिये वह संबंधित नेताओं को ब्लैकमेल करता था।
Anil Narendra, Bhanwri Devi, Daily Pratap, Rajassthan, Sex, Sex Racket, Sex Scandal, Vir Arjun

Thursday, 17 November 2011

गिरती साख को बचाने के लिए गहलोत ने उठाया सख्त कदम


Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 17th November 2011
अनिल नरेन्द्र
पिछले कई दिनों से राजस्थान में अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार विवादों से बुरी तरह घिरी हुई है। भंवरी देवी का लापता होना और भरतपुर में हुए दंगे दोनों ही बातें अशोक गहलोत के लिए भंवर जैसी बन गई है। कांग्रेस पहले ही दल-दल में फंसी थी। भ्रष्टाचार, काले धन की वापसी और जन लोकपाल बिल जैसे मुद्दे कांग्रेस को परेशान कर रहे थे। अब राजस्थान जैसे दोनों मुद्दों ने पांच राज्यों और खासकर यूपी में होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस को बैकफुट पर ला दिया है। इसीलिए अशोक गहलोत भी भंवर में हैं। पहले भरतपुर के निकट गोपालगढ़ के दंगों पर राजस्थान सरकार ने राजधर्म का पालन ठीक से नहीं किया। पुलिस के अत्याचारों के कारण राजस्थान सरकार सुर्खियों में रही। इन दंगों में नौ लोग मारे गए थे। मुस्लिम समुदाय में भी भारी नाराजगी थी। दुख से कहना पड़ता है कि चाहे भंवरी देवी का मामला रहा हो या भरतपुर दंगे का दोनों मामलों में पशासन की मिस हैंडलिंग थी। मामला दिल्ली दरबार तक भी पहुंच गया और गहलोत को कई बार दिल्ली आना पड़ा। गहलोत को करीब डेढ़ महीने में करीब 15 बार दिल्ली के चक्कर लगाने पड़े।
उन्होंने मौके की नजाकत समझी और बिना देर किए दोनों ही मामले सीबीआई को सौंप दिए। चूंकि भंवरी कांड में राजस्थान सरकार के एक से ज्यादा मंत्री शामिल होने का संदेह है इसलिए गहलोत ने फटाफट न केवल सभी मंत्रियों से उनके त्यागपत्र ले लिए बल्कि गृहमंत्री शान्ति धारीवाल को छोड 5 विवादित मंत्रियों की छुट्टी कर 6 नये चेहरों को शामिल कर लिया है। लंबे समय से राज्य की राजनीति में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ था। पार्टी हाईकमान के भी निर्देश थे। ऐसे में हमने गहलोत की ताकत बढ़ाने के लिए सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला किया। दरअसल भंवरी देवी मामले में महिपाल मदेरणा के आरोपी होने के बाद से ही मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें बढ़ गई थीं। पिछले दिनों खान राज्यमंत्री रामलाल जाट के चरित्र पर उठे सवाल से भी गहलोत परेशान थे। हालांकि दोनों भंवरी देवी सैक्स स्कैंडल और भरतपुर दंगों में अशोक गहलोत किसी भी तरह इन्वाल्ब नहीं थे पर सरकार की भूमिका की हैसियत से जिम्मेदारी से नहीं बच सकते थे। मैं समझता हूं कि गहलोत ने सही कदम उठाया है। गिरती साख को बचाने के लिए यह कुछ हद तक जरूरी भी था।
Anil Narendra, Ashok Gehlot, Bhanwri Devi, CBI, Daily Pratap, Rajassthan, Rajasthan High Court, Vir Arjun

Tuesday, 8 November 2011

भंवरी देवी सेक्स, ब्लैकमेल और अपहरण का स्कैंडल



Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 8th November 2011
अनिल नरेन्द्र
बहुचर्चित राजस्थान के भंवरी देवी सेक्स स्कैंडल में एक नया मोड़ आ गया है। क्या भंवरी देवी ने मंत्री महिपाल मदेरणा को एक सीडी को लेकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया था? पुलिस के हाथ एक चार मिनट की आडियो सीडी लगी है। इस क्लिप में कथित रूप से कांग्रेस विधायक मलखान बिश्नोई की बहन इन्द्रा एवं भंवरी के बीच मारवाड़ी भाषा में बातचीत है जिसमें भंवरी देवी इन्द्रा को यह भी धमकी दे रही है कि डील (धन का लेन-देन) नहीं हुई तो चार दिन बाद सीडी को टीवी पर चला दिया जाएगा। बर्खास्त मंत्री महिपाल मदेरणा और लूंगी में कांग्रेस विधायक मलखान का इसमें उल्लेख करते हुए सीडी का सौदा नहीं होने की स्थिति में एसपी के पास तक की बात कही गई है। बातचीत में दोनों पक्षों के पास सीडी होने की बात भी कही गई है। क्लिप में खुलकर अश्लील शब्दावली व गाली-गलौज का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि इन्द्रा बिश्नोई का दावा है कि न तो उसे आडियो क्लिप की जानकारी है और न ही उसकी आवाज है। आडियो क्लिप में ही भंवरी, इन्द्रा और सोहन लाल के बीच सीडी को लेकर आपसी बातचीत का ब्यौरा रिकार्ड है और उसमें अशोक गहलोत सरकार को संकट में डालने और सात करोड़ रुपये तक की सौदेबाजी का भी जिक्र है। इस मामले में कुछ दिनों पूर्व सीबीआई ने मलखान के छोटे भाई परसराम से भी पूछताछ की थी। इस कांड में सर्वाधिक चर्चित आरोपी शहाबुद्दीन ने सीबीआई कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। बताया जाता है कि सीबीआई टीम ने जोधपुर व आसपास के सम्भावित ठिकानों के साथ शहाबुद्दीन के घर जाकर उसके परिजनों से भी तहकीकात की थी। उसके परिजनों ने यह कहकर और गुमराह कर दिया कि शहाबुद्दीन की प्रेमिका का भी भंवरी देवी के अपहरण में बहुत बड़ा हाथ है। यह भी बात सामने आई कि शहाबुद्दीन पीपाड़ का रहने वाला है। अब यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना का मुख्य केंद्र पीपाड़ व आसपास का कोई इलाका हो सकता है। भंवरी देवी के पति अमीर चन्द ने अपनी पत्नी की हत्या की आशंका जताते हुए सीबीआई को कॉल डिटेल भी मुहैया करवाई है। इसमें वह सभी नम्बर हैं जिसके आधार पर भंवरी देवी प्रकरण की गुत्थी सुलझ सकती है। भंवरी के पति ने कांग्रेस विधायक मलखान सिंह के सेल नम्बर भी उपलब्ध कराए। सीबीआई टीम को अमीर चन्द ने बताया कि इन नम्बरों से मलखान सिंह लगातार फोन करते थे। पुलिस व सीबीआई टीम इस अफवाह की अब गहराई से जांच कर रही है कि क्या भंवरी देवी को पीपाड़ शहर और पीपाड़ रोड के बीच के चूने-भट्ठे में डालकर जिन्दा जला दिया गया? भंवरी देवी को चूने-भट्ठे में डालकर जिन्दा जला दिए जाने की आशंका के चलते सीबीआई ने पंचायत समिति के सदस्य गौरधन राम चौधरी के चूने-भट्ठे पर जाकर बाकायदा तलाशी ली और चौधरी के रिश्तेदारों से पूछताछ की है। सीबीआई भंवरी देवी अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो में मिले बालों के बारे में भी पता करने की कोशिश में है। भंवरी देवी अपहरण व आगे क्या हुआ इस मामले का अब जल्द खुलासा हो सकता है। सेक्स, ब्लैकमेल, अपहरण और फिर हत्या का यह मामला होने की पूरी सम्भावना है।
Anil Narendra, Bhanwri Devi, CBI, Daily Pratap, Rajassthan, Rajasthan High Court, Vir Arjun

Friday, 14 October 2011

लापता भंवरी देवी केस में अदालत की सरकार को फटकार

Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 14th October 2011
अनिल नरेन्द्र
राजस्थान हाई कोर्ट में मंगलवार को भंवरी देवी अपहरण मामले को लेकर सरकारी रवैये पर घोर नाराजगी जताई। भंवरी के पति अमीर चन्द की ओर से दायर बन्दी प्रत्यक्षीकरण याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश गोविंद माथुर व न्यायाधीश एनके जैन की खंडपीठ ने मौखिक रूप से कहा कि एक महिला के गायब होने की सरकार को कोई चिन्ता नहीं है। ऐसी कमजोर सरकार इतिहास में कभी नहीं देखी। यदि काम नहीं कर सकते तो छोड़ें और चले जाएं। खंडपीठ ने सरकार की ओर से इस मामले को सीबीआई को सौंपे जाने से लेकर अब तक की कार्रवाई पर यह टिप्पणी की। खंडपीठ ने कहा कि एक महिला एक महीने से गायब है और सरकार को इसकी चिन्ता नहीं है। जनता पुलिस का भरोसा खो बैठी है और सरकार को अपनी पुलिस पर ही भरोसा नहीं है। अदालत ने पुलिस की जांच की प्रगति रिपोर्ट को कूड़ेदान में फेंकने लायक बताया है। हाई कोर्ट ने सरकार के प्रति कड़ा रवैया अपनाते हुए कहा कि मामले की सीबीआई जांच की कोई जरूरत नहीं है। सरकार आरोपियों को बचाने और मामले के तथ्यों को छिपाने की कोशिश कर ही है। अदालत ने निर्देश दिया कि मामले की जांच रिपोर्ट रोजाना पेश की जाए और इसकी हर दूसरे दिन सुनवाई होगी ताकि जांच पर निगरानी रखी जा सके।
जोधपुर की नर्स भंवरी देवी एक सितम्बर से लापता है। पुलिस भंवरी देवी का अभी तक पता नहीं लगा पाई है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे काफी पूछताछ की है। भंवरी देवी के अपहरण के दो आरोपी पुलिस के हाथ अभी तक नहीं लगे हैं। पुलिस ने गुजरात के पालनपुर इलाके में उस जीप को बरामद कर लिया है जिसमें भंवरी देवी का अपहरण किया गया था। इस मामले में जोधपुर जिले की बिलाडा की स्थानीय अदालत में भंवरी देवी के पति के इस्तगासे के आधार पर जलदाय मंत्री महिपाल मदेरणा के खिलाफ मामला भी दर्ज करने के निर्देश पुलिस को दिए थे। भंवरी देवी मामले में एक आपत्तिजनक सीडी की प्रमुख भूमिका मानी जा रही है। इस सीडी में मंत्री और कांग्रेस के एक विधायक के जुड़ा होने की आशंका है। इसी सीडी को लेकर भंवरी देवी का अपहरण किया जाना पुलिस मान रही है। उधर मंगलवार को सीबीआई ने भंवरी देवी का केस अपने हाथ में ले लिया है। जांच मंगलवार से सीबीआई भी आगे बढ़ाएगी। सीबीआई सूत्रों ने दिल्ली में बताया कि पिछले महीने राजस्थान सरकार ने इस मामले में जांच सीबीआई को सौंपने का केंद्र से अनुरोध किया था जिसके बाद यह केस सीबीआई ने अपने हाथ में ले लिया और मामले को दर्ज कर लिया। अदालत में जब सरकारी वकील को लिखे गए पत्र की कॉपी दी तो उसे पढ़ने के बाद खंडपीठ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सीबीआई ने छह माह के लिए भवन व पेट्रोल सहित गाड़ियों के अलावा अन्य सुविधाओं की मांग की है। अदालत छह माह क्या छह घंटे के लिए भी इंतजार नहीं कर सकती है?
Anil Narendra, Bhanwri Devi, CBI, Daily Pratap, Rajassthan, Rajasthan High Court, Vir Arjun

Wednesday, 5 October 2011

सोनिया को अविलम्ब सरकार और पार्टी को सही लाइन पर लाना होगा


Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 5th October 2011
अनिल नरेन्द्र
रविवार को हर कांग्रेसी ने राहत की सांस ली होगी जब महात्मा गांधी व शास्त्राr जयंती पर लगभग दो महीने के बाद श्रीमती सोनिया गांधी को देखा। विदेश में सर्जरी कराने के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने भाग लिया। विदेश में सर्जरी कराने के बाद सितम्बर माह में सोनिया गांधी भारत लौट आई थीं। लेकिन मीडिया के सामने अभी तक मुखातिब नहीं हुई थीं। उनकी सेहत को लेकर मीडिया में कई तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं। देखने में सोनिया ठीक-ठाक लग रही थीं। थोड़ी कमजोर जरूर लगीं पर कुल मिलाकर पहले की तरह ही आत्मविश्वास से भरी दिखाई दे रही थीं। लाल कृष्ण आडवाणी सहित कई नेताओं ने उनकी कुशल मंगल होने के बारे में पूछा। फिर सोनिया ने संसद के केंद्रीय कक्ष में महात्मा गांधी और दिवंगत प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्राr के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के कार्यक्रम में भी  भाग लिया। करीब 15 मिनट चले इस कार्यक्रम में कई नेता उनकी कुशलक्षेम पूछने के लिए पहुंचे थे। विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने सोनिया से पूछा कि अब आपने पूरी तरह से जिम्मेदारियां निभाना शुरू कर दिया हैं? सोनिया ने हंसते हुए उनका धन्यवाद करते हुए उत्तर दिया `हां'। कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता राशिद अलवी ने कहा कि श्रीमती गांधी पूरी तरह से स्वस्थ हैं और पार्टी का 2014 का अगला लोकसभा चुनाव भी उन्हीं की अगुवाई में लड़ा जाएगा। सोनिया गांधी ने अब पूरी तरह फार्म में आकर पार्टी संबंधी जिम्मेदारियों को सम्भालना शुरू कर दिया है। गुरुवार को पार्टी के दो वरिष्ठ मंत्रियों के बीच विवाद जैसे राष्ट्रीय मसले को सुलझाने के बाद शुक्रवार को वह पूरी तरह प्रादेशिक और क्षेत्रीय मामलों में सक्रिय हो गईं। सोनिया महाराष्ट्र, राजस्थान और तेलंगाना के मसलों पर सरकार और पार्टी के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुईं। सबसे पहले उनकी मुलाकात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष माणिक राव गावित से हुई। इसके बाद सोनिया ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। भंवरी देवी मामले में और भरतपुर दंगों के बारे में की गई कार्रवाई का मुख्यमंत्री से तफ्सील से ब्यौरा लिया।
सोनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती कांग्रेस में चल रही उठापटक और सरकार की गिरती छवि को सम्भालना होगा। केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस और सरकार इन दिनों अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। केंद्र के अलावा उसकी राज्य सरकारें भी गम्भीर संकटों से घिरी हुई हैं और सबसे दुःखद बात यह है कि सोनिया के अलावा शायद ही और कोई इन्हें सही कर सके और पार्टी को पार लगा सके। कांग्रेस के 125 साल के इतिहास में यह पहली बार है कि उसके ज्यादातर बड़े नेता विवादों और भ्रष्टाचार के घेरे में फंसे हैं। केंद्र सरकार की लोकप्रियता अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। राज्यों में भी पार्टी की सेहत संतोषजनक नहीं। कांग्रेस का सबसे मजबूत गढ़ आंध्र प्रदेश इन दिनों केंद्र सरकार की तरह सबसे बुरी हालत में है। अलग तेलंगाना के गठन को लेकर उसकी पूर्ण बहुमत वाली किरण रेड्डी सरकार दो फाड़ होने की कगार पर है। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार भी बुरे दौर में है, स्वयं मुख्यमंत्री गहलोत के तथा उनके संबंधियों पर जमीन आवंटन में भारी धांधली के आरोप लग रहे हैं। राज्य में सांप्रदायिक दंगे हो रहे हैं जिसके चलते नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस की आक्रमण की धार तो पुंद हो ही रही है, साथ ही पार्टी की धर्मनिरपेक्ष छवि भी धूमिल हो रही है। इसके अलावा भंवरी देवी का पता नहीं चल रहा है। सरकार के वरिष्ठ मंत्री महिपाल मदेरणा सीधे कठघरे में है। दिल्ली में शीला दीक्षित सरकार भी केंद्र सरकार की तरह भारी जनाक्रोश झेल रही है। राष्ट्रमंडल खेल घोटालों के अलावा महंगाई की मार ने दिल्ली की कांग्रेस सरकार को जनता का दुश्मन नम्बर वन बना दिया है। हरियाणा सरकार के लिए अरविन्द केजरीवाल सिरदर्द बने हुए हैं। अन्ना हजारे अपना पहला प्रयोग हिसार संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव से कर रहे हैं। सोनिया गांधी के संसदीय सीट पर भी वह सर्वेक्षण करा रहे हैं। गोवा से भी खनन घोटाले की खबरों ने दिल्ली में बैठे आकाओं का सिरदर्द बढ़ा दिया है। केंद्र का तो बहुत ही बुरा हाल है। गृहमंत्री पी. चिदम्बरम के बाद स्वयं प्रधानमंत्री 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच की चपेट में हैं। कुल मिलाकर सरकार और पार्टी के सामने कई चुनौतियां और समस्याएं हैं जिन्हें सोनिया गांधी को सुलझाना होगा। मैडम खुद भी इन हालातों से दुःखी होंगी। भगवान उन्हें अच्छी सेहत बख्शे और वह इन मुंह फाड़ती चुनौतियों का हिम्मत, साहस और संयम से मुकाबला कर सकें।