Translater

Tuesday, 14 August 2012

भागवत के नीतीश प्रेम के पीछे क्या रणनीति है?




    Published on 14 August, 2012   

अनिल नरेन्द्र


भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में प्रस्तावित प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों को लेकर घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोदी बनाम नीतीश लड़ाई खुलकर सामने आ चुकी है। नीतीश के नरेन्द्र मोदी के विरोध को लेकर अब भाजपा नेताओं में भी रोष पैदा होने लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता यशवन्त सिन्हा ने पटना में ही नीतीश का बगैर नाम लिए उन पर निशाना साधा और कहा कि जाति की राजनीति करने वाले लोग धर्मनिरपेक्षता के ध्वजवाहक नहीं हो सकते। इन सबके बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने सुशासन में बिहार को गुजरात से बेहतर बताकर एक नया विवाद पैदा कर दिया। भागवत ने नई दिल्ली में विदेशी मीडिया के कुछ पत्रकारों से बातचीत में जब सुशासन वाले राज्यों की गिनती की तो सबसे पहले बिहार का नाम लिया। उन्होंने कहा कि जन साधारण के अनुसार बिहार विकास के मामलों में गुजरात से भी अच्छा काम कर रहा है। बिहार के बाद उन्होंने गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र का नाम लिया। मोहन भागवत की राय सार्वजनिक होते ही पहले की तरह उनके इस बयान को लेकर भी लीपापोती शुरू हो गई। ज्ञात हो कि कुछ समय पहले उन्होंने यह कहकर भाजपा-जद (यू) के बीच तल्खी बढ़ा दी थी कि भारत की बागडोर किसी हिन्दुवादी नेता के हाथ में क्यों नहीं होनी चाहिए? उन्होंने यह बयान नीतीश कुमार की इस राय पर दिया था कि कोई सेक्यूलर नेता ही प्रधानमंत्री होना चाहिए। मोहन भागवत के ताजा बयान पर राजनीतिक हलचल मचते ही संघ यह सफाई देने में जुट गया कि उन्होंने बिहार में नीतीश कुमार के शासन को गुजरात के नरेन्द्र मोदी शासन से ज्यादा अंक नहीं दिए हैं। संघ के राम माधव ने इसे मीडिया के सिर थोपते हुए कहा कि भागवत के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। सर संघ चालक बिना सोचे-समझे कोई भी बयान नहीं देते। श्री भागवत के इस बयान के पीछे भी कोई रणनीति होगी। यह सम्भव है कि मोहन भागवत ने ऐसा बयान नीतीश को शांत करने के लिए दिया हो। मोहन भागवत ने बिहार में संघ प्रचारक के पद पर लगभग 10 साल काम किया है। वह नहीं चाहते कि अब जब लोकसभा चुनावों को दो साल से कम का समय रह गया है भाजपा और एनडीए के दूसरे सबसे बड़े घटक जद (यू) में दरार बढ़े। इससे कांग्रेस को लाभ होगा। मोहन भागवत ने इस बयान से नीतीश को यह सन्देश भी देने का प्रयास किया है कि वह एनडीए के एक महत्वपूर्ण नेता हैं और एनडीए में अब किसी भी तरह का बिखराव नहीं होना चाहिए। मोहन भागवत के इस बयान पर इसलिए भी सन्देह होता है क्योंकि संघ फैसला कर चुका है कि नरेन्द्र मोदी 2014 में भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार होंगे। अब नीतीश की तारीफ करना थोड़ा हास्यास्पद लगता है। दिलचस्प यह भी है कि बिहार के भाजपा नेता संघ प्रमुख के आकलन को सही बताने में जुटे हुए हैं। बिहार भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सांसद सीपी ठाकुर ने कहा कि भागवत का आकलन ठीक है। बिहार का विकास सभी क्षेत्रों में हो रहा है। हम यह नहीं कह रहे कि गुजरात का विकास नहीं हो रहा। वहां भी हो रहा है लेकिन यदि भागवत बिहार के सुशासन को एक नम्बर पर रख रहे हैं तो यह स्वागत योग्य है। मोहन भागवत के बयान को इसलिए नीतीश को मनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Sunday, 12 August 2012

राहुल के बाद अब प्रियंका को सक्रिय राजनीति में उतारने की तैयारी




    Published on 12 August, 2012    

अनिल नरेन्द्र 

विपरीत राजनीतिक हालत और उत्तर प्रदेश में कमजोर संगठन को देखते हुए आगामी लोकसभा में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी क्या अपना संसदीय क्षेत्र रायबरेली से किनारा करने का मन बना रही हैं या फिर अपनी पुत्री प्रियंका गांधी बढेरा को राजनीति में उतारने की भूमिका बना रही हैं? यह सवाल हम इसलिए पूछ रहे हैं क्योंकि सोनिया गांधी अब रायबरेली की देखभाल का जिम्मा प्रियंका को दे रही हैं। हो सकता है कि सोनिया का बिगड़ता स्वास्थ्य भी उन्हें ऐसा करने पर मजबूर कर रहा हो। खैर! कारण जो भी हो प्रियंका गांधी बढेरा ने रायबरेली का मोर्चा सम्भाल कर यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह निकट भविष्य में सक्रिय राजनीति में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इसका एक और मतलब भी निकाला जा सकता है वह यह कि राहुल की मांग व लोकप्रियता में लगातार गिरावट आ रही है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब क्या प्रियंका से राहुल के मुकाबले ज्यादा उम्मीदें हैं? प्रियंका ने रायबरेली में अपना दरबार शुरू भी कर दिया है। रायबरेली में कांग्रेस की स्थिति भी चिन्ताजनक बन गई है। हाल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस न केवल रायबरेली की सभी विधानसभा सीटें हारी बल्कि एक को छोड़कर उसके उम्मीदवार दूसरे स्थान पर भी नहीं आए। लोगों के खिलाफ होते इस रुझान को याद कर ही सोनिया ने प्रियंका को रायबरेली के लोगों की समस्या सुनने के लिए दिल्ली में जनता दरबार लगाने को कहा और वहां जाकर लोगों के दुख-दर्द में हिस्सेदारी करने का निर्देश भी दिया। यह सम्भवत प्रियंका को रायबरेली से चुनाव में उतारने की तैयारी भी हो सकती है। उस सूरत में सम्भव है कि सोनिया खुद रायबरेली से 2014 में किनारा कर या तो चुनाव में भाग न लें या फिर कर्नाटक के बेल्लारी संसदीय चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ें। सब कुछ तय रणनीति के मुताबिक चला तो सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल और बेटी प्रियंका को नई जिम्मेदारी सौंप कर चुनावी राजनीति से संन्यास भी ले सकती हैं? भले ही यदा-कदा पार्टी के लिए प्रचार में जाती रहें या फिर ऊपरी तौर पर पार्टी का मार्गदर्शन करती रहें। सोनिया के करीबी सूत्रों का कहना है कि सोनिया इस वक्त अपने को राजनीति से अलग करने के लिए उचित समय मान रही हैं और वे पराजित योद्धा की तरह विदा होने के बजाय सम्मान के साथ उससे दूरी बना लेना चाहती हैं। यदि पार्टी और परिवार ने दबाव बनाया तो सम्भव है कि वे पार्टी को मजबूती देने हेतु दक्षिण भारत के कर्नाटक के बेल्लारी से चुनाव लड़ें। प्रियंका के लिए भी रास्ता आसान नहीं। इसका प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन न कर पाना। पिछले विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में प्रियंका की सक्रियता के बावजूद कांग्रेस को जिस तरह रायबरेली और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में भी अपेक्षित नतीजे नहीं मिल सके, उससे यह साफ हो जाता है कि महज उनकी सक्रियता से कुछ होने वाला नहीं। अब जिस तरह प्रियंका बढेरा को रायबरेली की जिम्मेदारी देकर सक्रिय राजनीति में उतारने की तैयारी से कहीं न कहीं इस धारणा को बल मिलता है कि नेहरू-गांधी परिवार का करिश्मा घटता जा रहा है और सोनिया इससे परिचित हैं।

अन्ना हजारे के बाद अब बाबा रामदेव




    Published on 12 August, 2012    

अनिल नरेन्द्र 

कहां पर पॉज लेना है, किस बात को दमदार तरीके से कहना है और कितनी आक्रमकता रखनी है, योग गुरू बाबा रामदेव ने इस बार रामलीला मैदान में सब कुछ साफ कर रखा है। इस बार बाबा की बातों में वह तल्खी नजर नहीं आ रही जो पिछली बार देखने को मिली थी। बाबा पर दो बातों का खासा असर नजर आया। वह पिछली बार रामलीला मैदान में पुलिस लाठीचार्ज को नहीं भूले और फिर उनके सबसे करीबी सहयोगी बालकृष्ण इस समय जेल में हैं। बाबा पर बालकृष्ण की गिरफ्तारी का इतना असर है कि उन्होंने अपने आंदोलन के पहले दिन बैनर पर शहीदों के बीच छपी बालकृष्ण की तस्वीर लगा दी और विरोध होने पर सफाई भी देनी पड़ी। बाद में बैनर को हटा दिया गया। बाबा ने अन्ना के जन लोकपाल समेत भ्रष्टाचार मिटाने और काले धन की वापसी की बात तो कही, लेकिन संयमित ढंग से। उनके निशाने पर न तो कांग्रेस है और न ही उसके नेता बल्कि इस बार तो वे सोनिया को माता और राहुल को भाई बोल रहे हैं। साफ है कि बाबा रामदेव सरकार की दबंगई पिछली बार इसी मैदान में देख चुके हैं, इसलिए अब की बार वह सरकार के लोगों से माता और भाई का रिश्ता जोड़ रहे हैं। रामलीला मैदान में बाबा के एक बुजुर्ग भक्त ने टिप्पणी की कि इससे बढ़िया तो अन्ना हैं, जिन्होंने किसी भी आंदोलन में कांग्रेस के नेताओं की तारीफ तो नहीं की। उन्होंने आगे कहा कि जब तक देश में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा, तब तक ये सरकार न अन्ना की आवाज सुनेगी और न ही बाबा की। `मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही, हो कहीं भी आग लेकिन आग जलनी चाहिए' कविता की इन लाइनों के उद्घोष के साथ अन्ना के आंदोलन का अन्त हुआ। महज छह दिनों के बाद बाबा रामदेव ने उसी आग से मशाल जलाते हुए भ्रष्टाचार, काले धन की वापसी को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इस बार बाबा रामदेव की प्रमुख मांगे हैं ः मजबूत लोकपाल बिल लाया जाए। सीबीआई व सीवीसी को स्वायत्त किया जाए। चुनाव आयुक्त व सीएजी की नियुक्ति प्रक्रिया निष्पक्ष हो। विदेशों और घरेलू स्रोतों में कुल 400 लाख करोड़ रुपए का काला धन है। प्राकृतिक संसाधनों की हो रही लूट इस पर लगाम लगे। भीड़ के लिहाज से बाबा के आंदोलन में ज्यादा भीड़ इस बार नजर आ रही है। बाबा के आंदोलन को सफल बनाने के लिए इस बार रामलीला मैदान में एक नहीं हजारों महिलाएं पहुंच रही हैं। पिछले वर्ष इसी रामलीला मैदान में हरियाणा  की रहने वाली राजबाला पुलिस लाठीचार्ज में गम्भीर रूप से घायल हो गई थीं और बहुत दिनों तक इलाज चलने के बाद भी उनकी मौत हो गई थी पर इससे बाबा की भक्त महिलाओं पर ज्यादा असर नहीं दिखा और वह बहुत बड़ी संख्या में इस आंदोलन में भाग ले रही हैं। उन्हें लग रहा है कि बाबा रामदेव का आंदोलन इस बार कोई न कोई रंग जरूर दिखाएगा। रामदेव और अन्ना का आंदोलन अब अलग-अलग दिखने लगा है। समर्थकों का मतभेद भी खुलकर दिखने लगा है। रामलीला मैदान से अन्ना टोपी और अन्ना टी-शर्ट गायब है। इतना ही नहीं, अन्ना समर्थकों की मौजूदगी भी नदारद रही जबकि पहले के सभी आंदोलनों में बेशक अन्ना हजारे और रामदेव एक मंच पर आएं या नहीं, समर्थक जरूर पहुंचते थे। सरकार के रवैये  का कानून मंत्री सलमान खुर्शीद की इस टिप्पणी से पता चलता है ः जैसे रामलीला हर साल होती है, वैसे ही लोकतंत्र में अलग-अलग विचारों वाले लोग समय-समय पर प्रदर्शन करते हैं। रामलीला तो हर साल होती है।

Saturday, 11 August 2012

क्या सोनिया तय रणनीति के अनुसार आडवाणी पर भड़कीं?




    Published on 11 August, 2012    

अनिल नरेन्द्र

संसद का मानसून सत्र हंगामे के साथ शुरू हुआ है। चार साल पहले यूपीए-1 सरकार के विश्वास मत के दौरान सांसदों की खरीद-फरोख्त के आरोपों का भूत बुधवार को फिर से जिन्दा हुआ तो लोकसभा में हंगामा खड़ा हो गया। असम में केंद्र सरकार की विफलता का जिक्र करते-करते भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने खरीद-फरोख्त का हवाला दिया और कहा, `यूपीए-2 सरकार अवैध है।' उनका इतना कहना था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भड़क गईं। उग्र तेवर दिखाते हुए सोनिया ने आडवाणी को बयान वापस लेने को कहा जिसके बाद आडवाणी ने अपने शब्द वापस लेने की घोषणा की। हालांकि ऐसा करते हुए उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि उनकी टिप्पणी यूपीए-2 सरकार के बारे में नहीं  बल्कि यूपीए-1 सरकार के समय विश्वास मत के दौरान हुए घटनाक्रम के सन्दर्भ में थी। कल तक विपक्ष मान कर चल रहा था कि प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद सत्ता पक्ष में कोई ऐसा नेता नहीं है जो सरकार का बचाव कर सके, लेकिन बुधवार को सोनिया गांधी के उग्र तेवर देखने के बाद उनकी उम्मीदों को जरूर झटका लगा होगा। जिस तरह सोनिया गरजीं उससे विपक्ष तो क्या सत्ता पक्ष भी हैरान हो गया। सत्ता पक्ष का भी हैरत में पड़ना स्वाभाविक ही था, क्योंकि यूपीए के 2004 में सत्ता सम्भालने के बाद से आठ साल के अब तक के कार्यकाल में सोनिया गांधी को इतने आक्रामक तेवर में पहले कभी नहीं देखा गया। अब तक ऐसे संकटों का सामना या सरकार का बचाव प्रणब दा किया करते थे। इसीलिए उन्हें यूपीए का संकट मोचक कहा जाता था। लगता है कि सोनिया के भड़कने के पीछे सोची-समझी रणनीति है। सोनिया ने विपक्ष को यह दिखाने की कोशिश की है कि सरकार को कमजोर न समझा जाए या यह नहीं माना जाए कि विपक्ष मनमाने तरीके से सरकार पर दबाव बना सकता है। सोनिया के तेवर को देखकर सत्ता पक्ष में जोश आ गया है और रणनीति यह  बनी है कि बड़ी संख्या में सांसद सदन में मौजूद रहकर सत्ता पक्ष के इस तेवर को बनाए रखेंगे और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मंत्री से लेकर सांसद तक पूरी तैयारी के साथ सदन में आएंगे। वैसे इससे एक और संकेत भी माना जा सकता है। सोनिया के तेवरों को भाजपा संसद में सद्भावना समाप्त करने वाले कदम के रूप में देख रही है। सोनिया के गुस्से भरे तेवरों से भाजपा के नेता भी हैरान हैं और भाजपा नेताओं को समझ नहीं आ रहा है कि सोनिया गांधी को भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी की टिप्पणी पर इतना गुस्सा क्यों आया? भाजपा नेता मान रहे हैं कि आडवाणी ने कोई ऐसा असंसदीय शब्द नहीं कहा था जिसके चलते सोनिया इतनी भड़क उठीं। इस घटना का भाजपा में अच्छा असर नहीं हुआ और इसका असर सत्र के आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है। नए वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम हाल ही में लोकसभा नेता विपक्ष सुषमा स्वराज से मिलने गए थे और उनसे सहयोग की बात कही थी पर बुधवार को सोनिया के तेवरों ने चिदम्बरम के मिशन सहयोग पर पानी फेर दिया है।

विस्कांसिन गोलीकांड ः सतवंत सिंह कालेका की कुर्बानी हमेशा याद रहेगी



   Published on 11 August, 2012   

अनिल नरेन्द्र

अमेरिका के विस्कांसिन राज्य के गुरुद्वारे में गोलीबारी में मारे गए निर्दोषों को श्रद्धांजलि स्वरूप राष्ट्रपति बराक ओबामा ने देश की सभी सरकारी इमारतों और विदेश में अमेरिकी मिशनों की इमारतों पर लगे अमेरिकी ध्वजों को आधे झुकाने का आदेश दिया है। ये ध्वज 10 अगस्त तक झुके रहेंगे। ओबामा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विस्कांसिन की इस विवेकाहीन हिंसा के शिकार लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए और 65 वर्षीय सतवंत कालेका ने हीरो की तरह जानें बचाईं, उसके लिए मैं व्हाइट हाउस और सभी सरकारी इमारतों, सैन्य चौकियों, नौसेना केंद्रों, सभी अमेरिकी अधिकार क्षेत्रों, कोलंबिया जिले की संघीय सरकार के नौसैनिक पोतों सहित पूरे अमेरिका में अमेरिकी ध्वज को शुक्रवार तक रोजाना सूर्यास्त तक आधा झुकाए रखने का आदेश देता हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस कदम का वहां रहने वाले सिख समुदाय के लोगों ने स्वागत किया है। विस्कांसिन गुरुद्वारे की इस शूटिंग की डिटेल अब धीरे-धीरे आ रही है। इस गोलीबारी में और ज्यादा तबाही हो सकती थी। यूं तो गुरुद्वारे गोलीकांड में छह लोगों ने अपनी जान गंवाई लेकिन इन मृत लोगों में कोई ऐसा भी है, जिसने अपनी जान देकर दर्जनों लोगों को मौत के मुंह में जाने से रोक लिया। यह थे विस्कांसिन गुरुद्वारे के 65 वर्षीय प्रमुख सतवंत सिंह कालेका। जिस समय 40 वर्षीय अश्वेत नवनाजी बेगुनाहों पर गोलियां बरसा रहा था, उस वक्त कालेका अपनी कृपाण लेकर अकेले ही उस पर टूट पड़े। हालांकि इस घटना में उनकी जान चली गई लेकिन अब जबकि सब कुछ शांत हो चुका है, तब पूरा अमेरिका उन्हें हीरो के रूप में याद कर रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कालेका जिस वक्त हमलावर वैड माइकल पेज का मुकाबला कर रहे थे, उस वक्त बहुत सी महिलाएं और बच्चे घटनास्थल से भागने में सफल हो गए। लेकिन कई लोगों को बचाने वाला यह बुजुर्ग खुद को नहीं बचा सका और इस बेमेल संघर्ष में वह हमलावर की गोलियों का शिकार हो गए। लोगों ने बताया कि गुरुद्वारे में एकत्रित बहुत सी महिलाएं और बच्चे हमलावर की गोलियों की जद में थे, लेकिन कालेका ने बड़ी बहादुरी से एक हद तक हमलावर की गतिविधि को धीमा कर दिया। इस घटना पर उनके बेटे अमरदीप कालेका ने बताया कि  जब तक वह हमलावर के साथ संघर्ष करते रहे तब तक वहां मौजूद महिलाओं को सुरक्षा मिलती रही। गुरुद्वारे पर हमला करने वाले हमलावर वैड माइकल पेज के शरीर पर टैंटू बने हुए थे, जो गुप्त नस्लीय कोड के प्रतीक थे और उसके श्वेत उन्मादी विचारों का स्पष्ट संकेत हैं। पेज की गर्दन के नीचे दाहिने बांह पर टैंटू बना था, जिसमें 838 लिखा हुआ था। यह संख्या इस बात का संकेत है कि कोई व्यक्ति एक उन्मादी मुहिम का हिस्सा है। यह भी पता चला है कि वैड माइकल अमेरिकी सेना में काम करने के दौरान अपने सहकर्मियों को गोरों की नस्ली श्रेष्ठता का पाठ पढ़ाया करता था। उधर एफबीआई ने एक नया रहस्योद्घाटन कर कहा कि पुलिस की गोली लगने के बाद वैड माइकल ने खुद ही अपने सिर पर गोली मार ली और इससे उसकी मौत हो गई। उधर अमेरिका में राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार मिट रोमनी ने इस घटना पर दुख जताते हुए वो सिख को शेख कह गए। आइयोवा राज्य में चुनाव प्रचार के लिए चन्दा जुटाने की एक रैली के दौरान रोमनी ने अपने भाषण में गुरुद्वारे पर हुए हमले का जिक्र किया। लेकिन वह अकसर अरब लोगों के लिए इस्तेमाल होने वाले सम्मान सूचक शब्द `शेख' और `सिख' में अन्तर नहीं कर पाए। उन्होंने दो बार सिख की जगह शेख का इस्तेमाल किया। हालांकि इससे पहले इलिनाइस में एक कार्यक्रम में रोमनी ने गुरुद्वारे हमले में मारे गए लोगों के लिए जब मौन रखा, तो उन्होंने सिख शब्द का इस्तेमाल किया था। लेकिन आइयोवा में उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा, `हमने उन लोगों के सम्मान में एक पल का मौन रखा जिन्होंने शेख मंदिर पर हुए हमले में जान गंवाई।' ये बहुत सारी वजहों से एक त्रासदी है। आगे उन्होंने कहा, `इन कारणों में ये तथ्य भी शामिल हैं कि शेख (सिख) लोग सबसे ज्यादा शांतिप्रिय और प्यारे लोग हैं। ऐसा ही उनका धर्म भी है।'

Friday, 10 August 2012

पाक सेना-आईएसआई ने खोदी सीमा पर 400 मीटर की सुरंग




  Published on 10 August, 2012 

अनिल नरेन्द्र

पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ करने के नए-नए तरीके निकालता रहता है। प्राप्त खबरों के अनुसार अब पाकिस्तान ने सांबा सैक्टर में पाकिस्तान की ओर से एक 400 मीटर लंबी सुरंग बनाई है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह सुरंग घुसपैठ और तस्करी के लिए खोदी गई थी। इस सुरंग का पता 28 जुलाई को लगा। यह सुरंग राष्ट्रीय शर्म के अलावा एक हास्यास्पद विषय भी है। पाकिस्तानी जनरल और आईएसआई भारत पर हंसते होंगे कि देखो हमने इनके नाक के नीचे एक सुरंग भी बना ली और इन्हें पता नहीं चला। फिल्म शोले का वह सीन मुझे याद आता है जब असरानी अपने वह मशहूर डायलॉग कहता है ः हम अंग्रेज के जमाने के जेलर हैं (हंसने लगता है) जेल में सुरंग है। कोई भी यह कल्पना नहीं कर सकता था कि सीमा के उस पार से इस तरह की हरकत होगी। इससे यह भी प्रश्न उठता है कि हमारे सुरक्षा बल क्या सो रहे थे? दुश्मन उनकी आंखों के नीचे हमारे क्षेत्र में 280 मीटर शून्य लाइन से बना लेता है और हमें कानोंकान खबर भी नहीं लगती? हमें `अंग्रेजों के जमाने के' इन जनरलों पर और कड़ी नजर रखनी होगी। यह पहली बार नहीं जब पाकिस्तान ने हमें अंधेरे में रखा। 1965 में क्या हुआ था? अगर एक स्थानीय गुजर लड़का मुहम्मद दीन ने भारतीय सेना को घुसपैठियों की खबर न दी होती तो हम कभी भी यह न समझ पाते कि पाकिस्तान ने अपना ऑपरेशन जिबराल्टर आरम्भ कर दिया है। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तानी सैनिक व सलवार कमीज पहने तथाकथित आजाद कश्मीर के जेहादी मिलकर ऊंची पहाड़ियों पर पशु चराने के बहाने भारत पर हमला करने वाले हैं। हमें तब भी पता नहीं चला जब जनरल जिया उल हक ने ऑपरेशन टोपेक के तहत मुजाहिद्दीन को 1988 में बड़े पैमाने में घुसने और तबाही मचाने की योजना बनाई थी। फिर कारगिल तो हमें अब भी याद है जो हमारे गुप्तचरों की बड़ी नाकामी थी। कारगिल की ऊंची पहाड़ियों को छुड़ाने की हमें कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी थी कोई भूला नहीं। सांबा की इस सुरंग के मामले को एक बार फिर सुरक्षा बल दबाने का प्रयास कर रहे हैं जैसे अब तक वह हर मामले में करते आए हैं। भला हो उस किसान सुखदेव का जिसे अपनी धान के खेत में कई जगह जमीन धंसी मिली और उसने जांच-पड़ताल शुरू की। जब उसे मौके पर बैटरी और कुछ तार मिले जब जाकर उसने सीमा सुरक्षा बल की चौकी पर जाकर रिपोर्ट की। सांबा जिले के मचवाल में पाक रेंजरों की मदद से खोदी गई सुरंग के खुलासे और फिर केंद्रीय रक्षा मंत्री एके एंटोनी द्वारा गहराई से जांच करने के निर्देश दिए जाने के बाद पाक सैनिकों की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। सूत्रों की मानें तो सोमवार दोपहर भारतीय अग्रिम सीमा चौकी खोआड़ा फारबठ के ठीक सामने पाक की अग्रिम पोस्ट तुगलकपुरे में पाकिस्तानी सेना का एक हैलीकाप्टर उतरा जो करीब पौने घंटे तक वहां रहा। विमान में पाक सेना या आईएसआई के अधिकारियों के होने का संदेह जताया जा रहा है। भारत को सीमा पर हमेशा चौकस रहने की जरूरत है, क्योंकि पाकिस्तानी सेना और आईएसआई अपनी हरकतों से  बाज आने वाले नहीं है।


क्या कहना चाहते हैं आडवाणी जी?



  Published on 10 August, 2012 

अनिल नरेन्द्र

भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री लाल कृष्ण आडवाणी एक बहुत सुलझे हुए अनुभवी राजनेता हैं जो हर बात नपी-तुली करते हैं। आमतौर पर वह कोई भी बयान बिना सोचे समझे, बिना किसी ठोस उद्देश्य से नहीं देते पर हाल में उन्होंने अपने ब्लाग में ऐसी बात लिखी है जिससे न केवल कांग्रेस व भाजपा में ही हलचल मच गई है बल्कि अन्य राजनीतिक दलों में भी उसकी प्रतिक्रिया हो रही है। श्री आडवाणी ने अपने ब्लाग में लिखा कि अगले लोकसभा चुनाव के बाद देश में सरकार भले ही किसी भी गठबंधन की बने लेकिन प्रधानमंत्री कांग्रेस या भाजपा से बनने की संभावना नहीं है। उन्होंने विश्लेषकों के हवाले से अगले चुनाव में कांग्रेस की सीटें सौ से भी कम रह जाने की भी संभावना जताई। अपने ब्लाग में आडवाणी जी ने लिखा कांग्रेस या भाजपा के समर्थन वाली सरकार का नेतृत्व किसी गैर-कांग्रेसी या गैर-भाजपाई प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना संभव है। ऐसा अतीत में भी हुआ है। आडवाणी जी के इन विचारों से विवाद खड़ा होना स्वाभाविक ही है। इस पर आश्चर्य नहीं कि भाजपा और सहयोगियों के अनेक नेता आडवाणी की मान्यता से सहमत नजर नहीं आ रहे हैं। दरअसल उन्हें लगता है कि आडवाणी के विचार पार्टी को कमजोर स्थिति में रेखांकित करने वाले हैं। इसका राजनीतिक अर्थ यह भी लगाया जा रहा है कि आडवाणी चाहते हैं कि अगले चुनावों के बाद राजग की सरकार बनने की सूरत में वह भाजपा से इतर किसी पार्टी के नेता का प्रधानमंत्री बनना पसंद करेंगे। आडवाणी को भाजपा में खासा समर्थन प्राप्त है और हो सकता है कि भाजपा के कुछ नेता उनके साथ हो जाएं। दरअसल भाजपा की बुनियादी दिक्कत यह है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेहद आक्रामक तरीके से अपनी दावेदारी पेश की है। पार्टी नेतृत्व भी चाहे-अनचाहे मोदी के दबाव में आ गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी मोदी को आगे बढ़ा रहा है। नापसंद करते हुए भी संघ को यह  लग रहा है कि प्रधानमंत्री पद के तगड़े दावेदार मोदी ही हो सकते हैं, इसलिए संघ समर्थित अध्यक्ष नितिन गडकरी भी नरेन्द्र मोदी के आगे झुक गए हैं। पार्टी के कई केंद्रीय नेता मोदी के खिलाफ हैं। कई मुख्यमंत्री भी मोदी के वर्चस्व को पसंद नहीं करते, क्योंकि उन्हें यह लगता है कि बतौर प्रशासक और नेता उनकी उपलब्धियां भी नरेन्द्र मोदी से कम नहीं हैं। दूसरी ओर अनेक भाजपा नेता आडवाणी की मान्यता से असहज नजर आ रहे हैं कुछ ने तो उनके विचारों पर नाराजगी भी जताई है। दरअसल उन्हें लगता है कि आडवाणी के विचार पार्टी की कमजोर स्थिति को रेखांकित करने वाले हैं। निसंदेह एक हद तक ऐसा है भी। उनके विचारों से यह स्पष्ट है कि भाजपा इतनी समर्थ नहीं कि वह अपने नेतृत्व में केंद्रीय सत्ता तक पहुंच सके। यह समझना कठिन है कि आडवाणी जी इस नतीजे पर क्यों पहुंचे, क्योंकि उनकी ओर से यह भी कहा गया है कि कांग्रेस का तेज गति से होता पतन भाजपा को लाभ पहुंचाएगा, जिसने कर्नाटक को छोड़कर बाकी राज्यों में अच्छा शासन पेश किया है। इस आंकलन में कुछ विरोधाभास भी नजर आता है। सवाल यह है कि यदि कांग्रेस का पतन भाजपा को लाभ पहुंचाएगा तो फिर वह अपने नेतृत्व में सरकार क्यों नहीं बना सकेगी? क्या वह यह कहना चाहते हैं कि कांग्रेस के पतन से भाजपा को मामूली लाभ ही होगा? इन सवालों का जवाब जो भी हो, इसकी अनदेखी भी नहीं की जा सकती कि एक तो भाजपा एकजुट नहीं नजर आती और दूसरा उसके पास ऐसे सहयोगी दलों का अभाव है जो उसे केंद्रीय सत्ता तक पहुंचा सकें। राजग की सरकार को सत्ता से बेदखल हुए और अटल बिहारी वाजपेयी को सक्रिय राजनीति से हटे हुए लगभग आठ साल हो गए हैं, लेकिन भाजपा में शक्ति संतुलन स्थापित नहीं हो पाया है। वाजपेयी के बाद लाल कृष्ण आडवाणी सर्वसम्मत एकमात्र नेता हो सकते थे, लेकिन रणनीति के तहत उन्हें कमजोर कर दिया गया। इस बीच अब पार्टी की दूसरी पंक्ति के कई नेता हैं जो शिखर पर पहुंचना चाहते हैं। इसी बीच संघ ने अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए कुछ और नेताओं को महत्वपूर्ण बना दिया और इससे नेतृत्व की दौड़ कहीं ज्यादा अराजक हो गई। इस प्रक्रिया में पार्टी भी अपनी दिशा तय नहीं कर पाई है। भाजपा का सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि इतना अच्छा वातावरण होने के बावजूद वह स्थिति का फायदा नहीं उठा पा रही है और अंदरूनी घमासान में ही अपना सारा समय बर्बाद कर रही है।