Translater

Tuesday, 10 November 2026

इस अब्दुल ने तो ट्रंप की चूल्हें हिला दीं



भारत के एक नेता ने चुनावी रैली में अल्पसंख्यकों पर तंज कसते हुए कहा था कि यहां तो अब्दुल पंचर लगाता है। पर अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में अमेरिका के एक अब्दुल ने तो डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी की चूल्हें हिला डाली। मैं बात कर रहा हूं डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद की। अमेरिकी राज्य मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेट उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने वाले अब्दुल अल सैयद ने अमेरिका के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। अमेरिकी सीनेट में जीतने वाले अब्दुल अल सैयद पहले मुस्लिम सीनेटर बन गए हैं। अमेरिका की मिशिगन राज्य से डेमोक्रेटिक पार्टी से जीतने वाले अब्दुल का भारत के कर्नाटक के तटीय इलाके से खास पारविारिक रिश्ता है। उनकी पत्नी डाक्टर सारा... के दादा जनाब जुकाकू शमसुद्दीन वह शख्स थे, जिन्होंने उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल में बिजली पहुंचाई थी और वह इस इलाके के पहले वकील भी थे। बाद में वह मुख्यमंत्री बी.डी. जत्ती (1958-1962) की सरकार में उपमंत्री बने थे। पेशे से डाक्टर अल सैयद अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बन गए हैं। उन्हें इन चुनावों में 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी रिपब्लिकन पार्टी के माइक रोजर्स को करीब 45 फीसदी वोट ही मिल सके। सैयद ने इससे पहले कोई भी राजनीतिक पद नहीं संभाला। उनका परिवार नवांचल मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके खिलाफ चलाए गए अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए अल सैयद ने कहा, सुनिए, मेरी शादी एक दक्षिण भारतीय परिवार में हुई है। इस शादी को 20 साल हो चुके हैं। अब तो मैं इस परिवार में पूरी तरह घुल मिल गया हूं। आपको शायद नहीं पता होगा कि हो सकता है मैं अरब से ज्यादा भारतीय हूं। अल सैयद कुछ साल पहले भटकल और बैंगलूरू आए थे। अब्दुल अल सैयद ने अपनी जीत का क्रेडिट अपनी पत्नी डाक्टर सारा को भी दिया। सारा और सैयद दोनों रोड्स स्कॉलर थे। अल सैयद ने मिशिगन यूनिवर्सिटी और कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई की और महामारी विज्ञान में विशेषज्ञता हासिल की। सैयद के एक रिश्तेदार ने बताया कि सैयद बहुत प्रभावशाली व्यक्तित्व हैं और सभी लोगों की स्थिति बेहतर बनाने के लिए समर्पित हैं। वह एलजीबीटीक्यू समुदाय समेत सभी के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील नेता अल सैयद ने 2026 के मिडटर्म चुनाव के सबसे महंगे और धुव्रीकरण वाले मुकाबले में से एक में मिली इस जीत पर देशभर में प्रगतिशील विचारधारा वाले नेताओं को बड़ी मजबूती मिल सकती है। बता दें कि इससे पहले डाक्टर अल सैयद ने कभी भी कोई सियासी पद नहीं संभाला। चुनाव प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें जेहादी तक कह दिया था, जिसके लिए ट्रंप की काफी आलोचना भी हुई थी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई, जब उनकी डेमोक्रेटिक सहयोगी ट्रेली स्टीवंस ने उनके विरोधी रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर के लिए समर्थन की घोषणा कर दी। अल सैयद ने रविवार एक नवम्बर को पत्रकारों से कहा था यह एक करोड़ लोगों का राज्य है जो अपनी सरकार से बहुत बेहतर व्यवहार के हकदार हैं। मेरा बयान उन 9,999,998 लोगों पर अधिक केन्द्रित है, जिनके बारे में आप लोग बात नहीं करते। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा सहित कई उदारवादी नेताओं ने भी उनका समर्थन किया। मिशिगन में जीत अमेरिकी सीनेट पर नियंत्रण हासिल करने की पार्टी की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है। अल सैयद ने वामपंथी मंच पर भी चुनाव प्रचार किया है, जिसमें इजरायल की जमकर आलोचना के साथ-साथ अरबपतियों पर टैक्स लगाकर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के लिए धन जुटाने जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। 42 वर्षीय अल सैयद अक्सर कहते हैं कि वह अमेरिकी टैक्स का इस्तेमाल किसी पर बम गिराने के लिए विदेशों में भेजने के बजाए स्कूल और अवसर बनाने के लिए करना चाहते हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके खासमखास एलोन मस्क ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, मस्क ने तो लाखों डालर लूटा दिए पर फिर भी इस अब्दुल की उनकी चूल्हें हिलाने से नहीं रोक पाए।
- अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment