उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच चुका है। एक-दूसरे को निपटाने का खेल शुरू हो चुका है। यह खेल सिर्फ योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव तक ही सीमित नहीं लगता। बीजेपी के अंदर भी कुछ ना कुछ गड़बड़, खींचतान चल रही है। अब तक तो तमाम विपक्ष ही वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के एसआईआर पर सवाल उठा रहा था अब तो बीजेपी के दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की बात सार्वजनिक रूप से कह दी है। राज्य में वोटर लिस्ट के एसआईआर को लेकर एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप प्रतिआरोप का केन्द्र यह सवाल बन गया है कि क्या हालिया संशोधन में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। बीजेपी के सबसे बड़े फायरब्रैंड नेता सीएम योगी आदित्यनाथ का एसआईआर पुनरीक्षण प्रक्रिया से नाराज हैं? सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी इजाफे पर हैरानी जताई है। इसके साथ ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वोट बैंक में बढ़ोत्तरी के चलते विपक्ष को इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी। इस बयान के बाद सवाल उठ रहे हैं कि एसआईआर को लेकर योगी भी नाराज हैं? क्या बीजेपी को अपने ही वोट बैंक के नाम कटने की चिंता सता रही है। क्या यह दिल्ली से लखनऊ को निपटाने का खेल तो नहीं है? मुख्यमंत्री योगी के मुताबिक इस आंकड़े में पंचायत मतदाता सूची में दर्ज करीब 66 लाख नाम, सरकारी योजनाओं के लगभग 55 लाख लाभाथी और 18 से 19 साल की उम्र के करीब 4.5 लाख मतदाता शामिल हैं। उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा ः जब अपने पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई। अखिलेश ने मुख्यमंत्री से चुनौती भरे अंदाज में कहा कि अगर उन्हें सच में लगता है कि 1.27 करोड़ वोट काट गए हैं तो उनकी पुरानी पोस्ट को अपने अधिकारिक हैंडल से री-पोस्ट कर दें। अखिलेश ने कहा कि हमने 25 लाख डुप्लीकेट वोट तो अपने सिस्टम से ढूंढ़ निकाले हैं, वो चुनाव आयोग को भेजेंगे। अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में एक करोड़ पीडीए वोट काटने की कोशिश हुई, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों ने वोट बचा लिए। उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर साजिश के आरोप लगाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयोग की तरफ से जाति या धर्म के आधार पर आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं होते तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की सटीक जानकारी कैसे मिली? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सार्वजनिक करने से पहले पूरा डेटा सीधे सीएम कार्यालय को कैसे सौंप रहा है? उन्होंने गणना करते हुए कहा कि यदि भाजपा का दावा सही भी मान लिया जाए तो हर विधानसभा में उनके औसतन 31 हजार वोट कम हो रहे हैं, जिसका सीधा मतलब है कि वे चुनाव में हार रहे हैं या ये हार पहले ही मान चुके हैं।
-अनिल नरेन्द्र
No comments:
Post a Comment