Friday 2 April 2021

नंदीग्राम के रण में शाह-ममता की प्रतिष्ठा दांव पर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सबसे वीआईपी सीट नंदीग्राम में मंगलवार को दिग्गजों ने आखिरी दांव चल दिया है। भाजपा की ओर से जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चार किलोमीटर लंबा रोड शो किया, वहीं व्हीलचेयर पर बैठीं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने तीन किलोमीटर का रोड शो कर दमखम दिखाया। राज्य के दूसरे चरण का प्रचार मंगलवार शाम खत्म हो गया। इस चरण में एक अप्रैल को 30 सीटों पर मतदान हुआ। हालांकि सभी की निगाहें नंदीग्राम पर टिकी हुई हैं। इस सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ तृणमूल से भाजपा में गए शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं। भाजपा की जीत का विश्वास जताते हुए अमित शाह ने कहा कि तृणमूल के भ्रष्टाचार, भय और आतंक के अंत का समय आ गया है। जनसमर्थन इसका प्रमाण है। शाह ने राज्य में कुशासन का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तर 24 परगना में भजापा कार्यकर्ता की मां की मौत के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मजूमदार परिवार के घाव का दर्द दीदी को हमेशा परेशान करेगा। ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी तीसरी बार सत्ता में आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से लाए गए सुरक्षाकर्मी यहां कुछ दिन रहेंगे। यह सुरक्षाकर्मी नंदीग्राम के मतदाताओं को भयभीत कर रहे हैं। ममता ने शाह पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा शोभा मजूमदार की मौत की राजनीति कर रही है। तृणमूल हिंसा का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह पूछते हैं कि पश्चिम बंगाल की हालत कितनी खराब है? मैं उनसे पूछती हूं कि यूपी हाथरस में आखिर क्या हालात हैं? अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के साथ रथ पर रोड शो किया। अधिकारी ने दावा किया कि वह ममता बनर्जी को 50 हजार से ज्यादा वोटों से हराएंगे। शाह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि नंदीग्राम में महिला से दुष्कर्म हुआ। वह (ममता) महिला सुरक्षा के बारे में बड़ी बातें करती हैं। यहां क्या स्थिति है? अमित शाह ने कहा कि इस बार पूरा बंगाल परिवर्तन के मूड में है। सबसे आसान तरीका है कि नंदीग्राम में ममता दीदी को हटा दो। तृणमूल कांग्रेस राज्य के अन्य हिस्सों में अपने आप ही हार जाएगी। इसके साथ बहुप्रतीक्षित परिवर्तन अपने आप ही आ जाएगा। वहीं ममता दीदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता भजापा को सही समय पर जवाब देगी। भाजपा को राजनीतिक रूप से दफना दीजिए और उन्हें राज्य के बाहर कर दीजिए। हम वापस आएंगे और भाजपा को करारा जवाब देंगे। व्हीलचेयर पर बैठीं ममता बनर्जी ने चुनाव क्षेत्र में कई रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिद्वंद्वी शुभेंदु अधिकारी को आड़े हाथों लिया। ममता ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि उनकी अपने ही लोगों को मरवाने और इसे हमारी हरकत बता दंगे की साजिश है। ऐसी सूचना है। वोट पड़ने शुरू हो गए हैं, जल्द ही पता चल जाएगा कि ऊंट किस करवट बैठता है।

No comments:

Post a Comment