Friday 9 April 2021

वक्त से पहले रिकॉर्ड गर्मी

वक्त से पहले रिकॉर्डतोड़ गर्मी से मैदान तपने लगे हैं। राजधानी दिल्ली में एक दिन पहले ही 75 साल का रिकॉर्ड टूटा तो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, यूपी समेत कई राज्यों में लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। विशेषज्ञों के मुताबिक कम मानसूनी बारिश की सबसे बड़ी वजह है। दिल्ली में लोगों को इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। फरवरी में औसत तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीते 120 वर्षों में सिर्फ दो बार ही फरवरी का औसत तापमान इस स्तर पर दर्ज किया गया। फरवरी के बाद मार्च में तपन बढ़ी है। पिछले वर्ष मार्च के महीने में एक दिन भी ऐसा नहीं रहा था जब अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंचा हो, लेकिन इस बार तीन दिन 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान राजधानी दिल्ली में दर्ज किया गया। होली का दिन यानि 29 मार्च सबसे ज्यादा गरम रहा। इस दिन तापमान (अधिकम) 40.1 डिग्री रहा जो सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 1945 में 31 मार्च के दिन 41.5 डिग्री तापमान रहा था जो ऐतिहासिक तौर पर सबसे ज्यादा है। इस तरह से यह दूसरा सबसे गरम दिन रहा है। दिल्ली में मंगलवार के दिन भी अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि इसकी तुलना सोमवार से करें तो तेज हवाओं के चलते पारे में लगभग दो डिग्री की गिरावट हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री था जो कि सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा था। वैसे देखा जाए तो यही मायनों में अभी गर्मी की शुरुआत है। जून-जुलाई में यह तापमान कहां पहुंचेगा सोचकर भी घबराहट होती है। दिल्लीवासियों को तगड़ी गर्मी, लू इत्यादि के लिए तैयार रहना होगा। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment