Wednesday 21 April 2021

अमेरिका में गोलीबारी में चार सिखों की गई जान

अमेरिका के इंडियाना प्रांत में फेडएक्स कंपनी के परिसर में गोलीबारी की घटना में सिख समुदाय के चार व्यक्तियों की भी जान गई। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी मारे गए और पांच लोग घायल हो गए। बंदूकधारी हमलावर की पहचान इंडियाना के 19 वर्षीय ब्रेंडन स्कॉट होल के रूप में की गई है। उसने इंडियानापोलिस में स्थित फेडएक्स कंपनी परिसर में गोलीबारी करने के बाद कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोलीबारी की इस घटना पर पीड़ित परिवारों ने गुस्सा, भय व चिन्ता जताई है। डिलीवरी सेवा प्रदाता कंपनी के इस परिसर में कार्यरत 90 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक बताए जाते हैं, जिनमें ज्यादातर सिख समुदाय के हैं। सिख समुदाय के नेता गुरिन्दर सिंह खालसा ने फेडएक्स परिसर के कर्मचारियों के परिजनों से मुलाकात के बाद कहाöयह बेहद दुखद है। इस त्रासद घटना से सिख समुदाय आहत है। शुक्रवार देर रात, मेरियन काउंटी कोरोनर कार्यालय व इंडियानापोलिस मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने मृतकों के नाम अमरजीत जौहल, जसविंदर कौर, अमरजीत और जसविंदर बताए हैं। इनमें शुरू के तीन नाम महिलाओं के हैं। आईएमपीडी ने कहा कि कोरोनर का कार्यालय घटना के कारणों का पता लगाएगा। इसने कहा कि सिख समुदाय के एक अन्य व्यक्ति हरप्रीत सिंह गिल को आंख के पास गोली लगी और अभी वह अस्पताल में हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पुलिस के आने से पहले हमलावर ने खुद को गोली मार ली। फेडएक्स ने इसकी पुष्टि की है कि उक्त हमलावर इंडियानापोलिस में कंपनी का पूर्व कर्मचारी था। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने इस त्रासद घटना पर शोक व्यक्त किया है। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment