Translater

Showing posts with label Reality show. Show all posts
Showing posts with label Reality show. Show all posts

Wednesday, 11 January 2012

बच्चों पर राखी सावंत, बिग बॉस जैसे रियलिटी शो का दुप्रभाव

Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 11th January  2012
अनिल नरेन्द्र
हम सूचना प्रसारण मंत्री श्रीमती अम्बिका सोनी को बधाई देना चाहते हैं कि उन्होंने कुछ टीवी चैनलों में दिखाया जा रहा गंद को रोकने का प्रयास किया है। आजकल टीवी हर घर में देखा जाता है और कुछ टीवी सीरियल तो इतने बेहूदा हैं जिन्हें दिखाने की अनुमति ही नहीं होनी चाहिए। इन कार्यक्रमों का सीधा असर घर के बच्चों और महिलाओं पर पड़ता है। हमारे सामाजिक ताने-बाने को कुछ सीरियल तबाह कर रहे हैं। लिव इन रिलेशनशिप, झट तलाक, अफेयर्स, परिवार में पैसों की आपसी लड़ाई, न जाने क्या-क्या दिखाया जाता है। इन्हीं के चलते मैंने तो यह सीरियल देखने ही बन्द कर दिए हैं पर क्या करें घर की महिलाएं तो जैसे ही शाम होती है टीवी से चिपक जाती हैं और हर चैनल पर कौन-सा सीरियल आ रहा है इसकी उनको पूरी जानकारी होती है। अम्बिका सोनी ने पहल करके प्रसारण सामग्री शिकायत परिषद (बीसीसीसी) का गठन किया है। पिछले छह महीने में परिषद को रियलिटी शो `बिग बॉस' और राखी सावंत के `गजब देश की अजब कहानी' कार्यक्रम के खिलाफ सबसे ज्यादा शिकायतें मिली हैं। परिषद को राखी सावंत के कार्यक्रम के खिलाफ सबसे ज्यादा 58 शिकायतें मिली हैं। वहीं `बिग बॉस' में सनी लियोन के आने पर 36 लोगों ने आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि लियोन के शो पर आने के बाद बच्चे जानना चाहते थे कि वो क्या करती है। ऐसे में लियोन के बारे में जानते हुए वह `पोर्न' उद्योग के बारे में भी जानने लगे। इसके बाद बीसीसीसी ने कलर्स चैनल को अगली बार प्रतियोगियों को चुनते वक्त सावधानी बरतने का सुझाव दिया है। वहीं गजब देश के बारे में लोगों का कहना था कि इसकी सामग्री बच्चों के लिए उचित नहीं है। परिषद ने चैनल को शो के लिए बेहतर सामग्री चुनने की राय दी है। परिषद को मिली शिकायतों की कुल संख्या 3341 रही। इनमें से 1883 को इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि वे किसी काम के नहीं थे या फिर केवल सुझाव मात्र थे जबकि 479 शिकायतों पर परिषद ने चर्चा कर उन पर कार्रवाई भी की। अधिकतर शिकायतें टीवी पर कार्यक्रमों में बढ़ रही सेक्सयुलिटी को लेकर थी। परिषद ने इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए इन चैनलों को ऐसे कार्यक्रम देर रात या फिर नहीं दिखाने के निर्देश दिए हैं। परिषद अब ईमेल के साथ-साथ पत्र के जरिये भी शिकायतें स्वीकार करने की योजना बना रहा है। वैसे तो परिषद का काम टीवी कार्यक्रमों से जुड़ी शिकायतों को देखना है लेकिन उसे समाचार चैनलों, विज्ञापनों, फिल्मों से जुड़ी शिकायतें भी मिली हैं। इन्हें क्रमश ब्राडकार्स्ट्स एसोसिएशन, एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया और सेंसर बोर्ड को भेज दिया गया है। कुछ लोग इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला व हस्तक्षेप कह सकते हैं पर यह सेंसरशिप नहीं। अगर सेंसरशिप होती तो इनका प्रसारण ही नहीं होते, यह कंट्रोल जरूरी है। चीन जैसे देश में बहुत सी पाबंदियां हैं। सोवियत संघ के टूटने की एक वजह अमेरिकन टीवी चैनल माने जाते हैं। जैसा मैंने कहा कि हम अम्बिका सोनी जी की सराहना करते हैं कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य पर ध्यान दिया और इस पर अंकुश लगाने की कोशिश की है।
Ambica Soni, Anil Narendra, Daily Pratap, Rakhi Sawant, Reality show, Vir Arjun

Thursday, 10 November 2011

अर्द्धनग्न युवतियों और किन्नर के बीच भगवाधारी स्वामी


Vir Arjun, Hindi Daily Newspaper Published from Delhi
Published on 10th November 2011
अनिल नरेन्द्र
एक 72 वर्षीय भगवाधारी स्वामी का भला टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस में क्या काम? स्वामी अग्निवेश अब बिग बॉस जैसे बेहूदा शो में भाग ले रहे हैं। इधर नई दिल्ली में साधु-संत गौ हत्या रोकने के लिए जन्तर-मन्तर पर धरना दे रहे हैं और उधर स्वामी अग्निवेश वाइल्ड कार्ड के जरिये बिग बॉस के घर वहां रह रही सुन्दरियों को अपना जौहर दिखाएंगे। बिग बॉस के घर रहने वाले ज्यादातर चेहरे फिल्मों, टीवी और फैशन जगत से जुड़े हैं। सीरियल निर्माताओं की कोशिश रहती है कि यहां रहने वालों के बीच कुछ न कुछ ऐसा होता रहे जिससे कि सीरियल की टीआरपी बढ़ती रहे। इसके लिए कई बार बिग बॉस के घर रहने वाले फूहड़ता के संवाद बोलते दिखाई देते हैं। कई बार कम कपड़ों में बदन दिखाने का हथकंडा अपनाया जाता है। महिलाएं लड़ने-झगड़ने का नाटक करती रहती हैं। सब कुछ नाटकीय अन्दाज में होता है। स्वामी अग्निवेश नाटक करने में महारथी हैं और वह यहां जरूर नया रंग भर देंगे। आजीवन पुंवारे रहे स्वामी इस तड़क-भड़क के शो में क्या `स्वामीगिरी' दिखाएंगे यह देखने वालों के लिए शायद दिलचस्प हो। स्वामी अग्निवेश विश्वासघात करने के आरोप में टीम अन्ना से हाल ही में अलग हुए थे इसलिए मनोरंजन चैनल के इस कदम को सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। गौरतलब है कि बिग बॉस सीजन 5 की शुरुआत 2 अक्तूबर को हुई थी। बिग बॉस के घर में शुरू में 12 महिलाएं, एक किन्नर (लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी) और एक पुरुष (अभिनेता शक्ति कपूर) की एंट्री हुई थी। मगर जैसे-जैसे बिग बॉस के घर के भीतर का ड्रॉमा आगे बढ़ा कई कलाकार बाहर होते गए। इसी कड़ी में स्वामी अग्निवेश की मंगलवार की एंट्री हुई। स्वामी अग्निवेश के बिग बॉस में जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए टीम अन्ना के सदस्य मनीष सिसौदिया ने इसे उनकी सही `उपयोगिता' बताया है। उनके अनुसार हर इंसान की उपयोगिता होती है और शायद उन्होंने इसे अपने लिए उपयोगी समझा होगा। जब से बिग बॉस में अग्निवेश की जाने की खबर आई है यह टीम अन्ना के किसी सदस्य की पहली प्रक्रिया है।
उधर मंगलवार को ही सुप्रीम कोर्ट ने स्वामी अग्निवेश को कड़ी फटकार लगाई। अमरनाथ श्रद्धालुओं पर स्वामी अग्निवेश की कथित विवादास्पद टिप्पणी पर मंगलवार को उच्चतम न्यायालय ने कहा कि लोगों की भावनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता और अगर उन्होंने यह बयान दिया है तो वह बच नहीं सकते। अग्निवेश ने अपने खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को खारिज करने के लिए न्यायालय में याचिका दायर की थी। उन्होंने अपने मामले में और समय की मांग की जिसके बाद न्यायमूर्ति एचएल दत्तू और न्यायमूर्ति सीके प्रसाद की पीठ ने मामले को सोमवार के लिए टाल दिया। पीठ ने कहा कि आप लोगों की भावनाओं को हल्के में नहीं ले सकते। पीठ ने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में लोग जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। गौरतलब है कि अग्निवेश ने कथित रूप से अमरनाथ यात्रा को धार्मिक पाखंड कहा था और पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने अपने खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को रद्द करने की अग्निवेश की याचिका खारिज कर दी थी। अग्निवेश ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि अगर अग्निवेश ने यह टिप्पणी की है तो वह बच नहीं सकते। न्यायालय ने कहा कि व्यक्तियों को सार्वजनिक जगहों पर बयान देने में सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि लोगों को सार्वजनिक तौर पर बोलने से पहले 10 बार सोच लेना चाहिए। गौरतलब है कि मई में जम्मू के दौरे में अग्निवेश ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि लोग ऐसी यात्राओं पर क्यों जाते हैं और उन्होंने अमरनाथ गुफा में बनने वाले शिवलिंग को भौगोलिक घटना बताया था। अब स्वामी जी से प्रश्न किया जा सकता है कि आप बिग बॉस के घर में क्या कर रहे हैं यह पाखंड नहीं तो और क्या है? स्वामी ने कहा कि उनका मानना है कि बिग बॉस संसद से तो बेहतर है।
Anil Narendra, Big Boss, Daily Pratap, Reality show, Swami Agnivesh, Vir Arjun