ईरान युद्ध में सीजफायर होते ही अमेरिका के अंदर एक और जंग शुरू हो गई है। आप हैरान होंगे कि यह कौन सी जंग है? बता दें कि एपस्टीन फाइल्स की यह जंग फिर शुरू हो गई है। एपस्टीन फाइल्स का जिन्न फिर बाहर आया है और उसे बाहर निकाला है (चौंकिए मत) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बीवी मेलानिया ट्रंप ने। अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ने एपस्टीन फाइल्स पर धमाकेदार खुलासा किया है जिससे व्हाइट हाउस में खलबली मचनी स्वाभाविक ही है। जेफरी एपस्टीन से जुड़ी अफवाहों पर हमला बोलते हुए मेलानिया ने पीड़ितों की सुनवाई की मांग कर डाली है। मेलानिया ने 9 अप्रैल 2026 को व्हाइट हाउस से अचानक एक सनसनीखेज बयान जारी किया। उन्होंने जेफरी एपस्टीन से जुड़ी सभी झूठी खबरों, अफवाहों को साफ तौर पर खारिज कर दिया। एपस्टीन दोषी यौन अपराधी था। मेलानिया ने कहा कि ये अफवाहों को मैं साफतौर पर खारिज करती हूं। ये अफवाहें मुझे बदनाम करने की कोशिश हैं और इन्हें अब तुरन्त रोकना चाहिए। मेलानिया ने साफ शब्दों में कहा, जेफरी एपस्टीन से मेरे नाम को जोड़ने वाली झूठी बातें आज ही खत्म होनी चाहिए। मैं एपस्टीन की दोस्त कभी नहीं रही। डोनाल्ड और मैं कभी-कभी उसी पार्टी में जाते थे जहां एपस्टीन भी होता था। क्योंकि न्यूयार्क और पाम बीच के सोशल सर्कल में ऐसा आम है। लेकिन मैंने एपस्टीन या उसकी साथी घिस्लेन मैक्सवेल के साथ कभी कोई रिश्ता नहीं रखा। उन्होंने कहा- मैं कांग्रेस से कहती हूं कि इन पीड़ित महिलाओं को शपथ लेकर अपनी कहानी बताने का मौका दें। हर महिलाओं, अगर वह चाहे, अपनी बात सार्वजनिक रूप से कहने का अधिकार है। जेफरी एपस्टीन पर मेलानिया की प्रेस काफ्रेंस से बहस फिर तेज हो गई है। जुलियट ब्रायंट ने मेलानिया को सीधी चुनौती देते हुए कहाः मैं शपथ लेकर सच बोलने को तैयार हूं। जुलियट ब्रायंट के वीडियो मैसेज से अमेरिका में हड़कंप मच गया। कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ा मामला एक बार फिर वैश्विक राजनीति और न्याय व्यवस्था के केंद्र में आ गया है। मेलानिया की टिप्पणी के बाद सर्वाइवर्स ने इसे पीड़ितों पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश बताते हुए अपना विरोध जताया। इस बीच एपस्टीन सवीवर जूलियट ब्रायंट का एक वीडियो मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने मेलानिया ट्रंप को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि अगर शपथ के तहत गवाही देने की बात है तो मैं खुद इसके लिए तैयार हूं और जो कुछ उन्होंने कहा है, वह सच है यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में इस मामले पर संभावित सुनवाई की चर्चा भी हो रही है। जूलियट ब्रायंट पहले भी गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। उनका दावा है कि उन्हें माडलिंग के झांसे में विदेश ले जाया गया, जहां उनका यौन शोषण किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एपस्टीन के निजी द्वीप पर ले जाया गया और उनका पासपोर्ट छीन लिया गया। वीडियो में ब्रायंट ने यह भी दावा किया कि इस मामले में गवाही देने वाली कई लड़कियां अब जीवित नहीं हैं। वीडियो के अंत में ब्रायंट ने ट्रंप और मेलानिया से भी शपथ के तहत गवाही देने की मांग की। उनका कहना है कि देश के सामने प्रभावशाली लोगों के असली चेहरे सामने आएं।
-अनिल नरेन्द्र
No comments:
Post a Comment