Tuesday 3 September 2024

हरियाणा चुनाव की कमान संघ के हाथ


आगामी अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को हैट्रिक दिलवाने के लिए सूत्रों का दावा है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने कमान संभाल ली है। संघ के सभी सांप्रदायिक संगठन पूरी ताकत के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ खड़े होंगे। चुनाव में टिकट वितरण से लेकर रणनीति तैयार करने जैसे सभी मामलों में संघ से राय-मशविरा किया जा रहा है। भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए संघ का जोर मत प्रतिशत बढ़ाने और 60 फीसदी सीटों पर प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त हासिल करने पर है। इसके लिए संघ ने भाजपा हाईकमान को 70 फीसदी सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया जाना चाहिए का सुझाव दिया है। संघ के सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन की व्यापक समीक्षा में पाया गया कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी, अंदरूनी कलह, अति आत्मविश्वास को बेहतर तालमेल की कमी के कारण पार्टी आधी से अधिक बूथों पर प्रतिद्वंद्वियों से पीछे रह गई थी। जिन बूथों पर पार्टी उम्मीदवार पीछे रहे, वहां लचर प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की उदासीनता सबसे बड़ा कारण रहा। संघ ने तय किया है कि सभी बूथों पर भाजपा के साथ संघ के कार्यकर्ता भी सक्रिय होंगे। मतदान से पहले हर हाल में एक-एक परिवार से संपर्क किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में पार्टी 19,812 बूथों में से 10,072 बूथों पर पीछे रह गई। भाजपा का लक्ष्य विधान चुनावों में 11000 बूथों पर बढ़त हासिल करने का है। इसके लिए संपर्क अभियान में संघ के सभी अनुषांगिक संगठन हिस्सा लेंगे। उधर हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक फ्री-पोर्टल सर्वे आया है। इस सर्वे के अनुसार 90 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश में भाजपा के साथ बड़ा खेला हो सकता है। हरियाणा को लेकर लोक पोल ने फ्री-पोल सर्वे किया है। इस फ्री-पोल सर्वे में किसे कितनी सीटें मिलने वाली हैं। इसका अनुमान प्रस्तुत किया गया है। यह फ्री पोल सर्वे 30 अगस्त 2024 को नवभारत टाइम्स में प्रकाशित किया गया है। इस ओपिनियन पोल का साइज 67,500 है। यानि इसमें हरियाणा के 67,500 लोगों से राय ली गई है। लोक पोल सर्वे के मुताबिक हरियाणा में इस बार कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर वापसी करेगी। कांग्रेस को इस चनाव में 58-65 सीटें मिलने का अनुमान है। इस चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 46-48 फीसदी हो सकता है। वहीं भाजपा की बात करें तो सर्वे के अनुसार उसे 20-29 सीटें हासिल हो सकती हैं और इसका वोट शेयर 35-37 फीसदी रह सकता है। इस सर्वे के अनुसार तीन से पांच सीटें अन्य के खाते में भी जा सकती हैं। हरियाणा में मुख्य फाइट कांग्रेस और भाजपा में रहेगी। जेजेपी और जैसे क्षेत्रीय दलों का असर न के बराबर रहेगा। लोक-पोल ने 26 जुलाई से 24 अगस्त, 2024 के बीच यह सर्वे किया है, जिसका सैंपल साइज 67,500 का पोर्टेबल डिवाइस पर लोगों से फेस टू फेस इंटरव्यू किए गए थे। इन सर्वे की माने तो जाट, सिख और जाटव बड़े स्तर पर कांग्रेस के समर्थन में जाएंगे। एंटी-इंकंवैंशी फैक्टर का असर भी भाजपा पर पड़ा है।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment