Thursday 8 February 2024

महाराष्ट्र सरकार के गिरोहों में लड़ाई


महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भूमि विवाद के कारण मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक नेता को गोली मारकर घायल करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक को गिरफ्तार किया गया है। शिवसेना के नेता की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उधर अदालत ने गिरफ्तार भाजपा विधायक गणपत गायकवाड को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महेश गायकवाड के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गोलीबारी की घटना को गंभीर बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए। वहीं शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने रविवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में fिगरोहों के बीच लड़ाई छिड़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समझना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई अन्य दलों को तोड़कर उनके नेताओं को इसमें शामिल करने के कारण कमजोर हो गई है। उद्धव ठाकरे के पुत्र एवं शिवसेना (उद्धव) के नेता आदित्य ठाकरे ने भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में गिरोहों के बीच लड़ाई का नेतृत्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। शुक्रवार देर रात भाजपा विधायक गणपत गायकवाड द्वारा शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता महेश गायकवाड पर पुलिस थाने के अंदर की गई गोलीबारी, दोनों के बीच लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद के साथ बढ़ती राजनीतिक रस्साकशी का नतीजा था। इस गोलीबारी में घायल महेश गायकवाड का इलाज चल रहा है और गोली चलाने वाला गणपत गायकवाड गिरफ्तार हो चुका है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे ने मीडिया को बताया कि कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने शुक्रवार रात उल्लासनगर इलाके में हिल लाइन पुलिस थाने में वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड पर गोलियां चला दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में आपराधियों का साम्राज्य स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। महेश गायकवाड को पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें ठाणे स्थित एक निजी चिकित्सा केन्द्र ले जाया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे के मुताबिक गणपत गायकवाड का बेटा जमीन संबंधी विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने आया था तभी महेश गायकवाड अपने लोगों के साथ वहां पहुंचा। बाद में गणपत गायकवाड भी थाने पहुंचे। विधायक और शिवसेना नेता के बीच झगड़े के दौरान गणपत गायकवाड ने वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड पर गोलियां चला दीं। गणपत गायकवाड ने एक समाचार चैनल से कहा कि हां, मैंने खुद (उन्हें) गोली मारी। मुझे कोई पछतावा नहीं है। अगर मेरे बेटे को थाने के अंदर पुलिस के सामने पीटा जा रहा है तो मैं क्या करूंगा? मैंने पांच गोलियां चलाई। गणपत गायकवाड ने कहा कि यदि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं तो महाराष्ट्र में केवल अपराधी पैदा होंगे। आज उन्होंने मुझे जैसे भले आदमी को अपराधी बना दिया। उन्होंने हमले को आत्मरक्षा में उठाया कदम बताया। उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के किसी सहयोगी का नाम लिए बिना कहा कि मौजूदा सरकार में गिरोहों के बीच युद्ध छिड़ गया है। 1990 के दशक में पिछली शिवसेना-भाजपा सरकार ने मुंबई में अंडरवर्ल्ड गिरोहों की कमर तोड़ दी थी।

No comments:

Post a Comment