Tuesday 28 September 2021

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने की बगावत

पंजाब में सत्ता में रहने के बावजूद पिछले कुछ समय से कांग्रेस में कलह खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। हालांकि हाल में मुख्यमंत्री पद से बड़े बदलाव कर यह प्रयास किया गया था कि कैप्टन अमरिन्दर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू का आपसी टकराव समाप्त होगा पर कैप्टन के हटने के बाद दोनों में यह टकराव उलटा बढ़ गया है। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने गांधी परिवार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि राहुल-प्रियंका बेहद अनुभवहीन हैं और उनके सलाहकार उन्हें गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू पर भी गुस्सा निकाला। उन्होंने दोहराया कि सिद्धू देश के लिए खतरनाक हैं। उसे सीएम किसी हालत में नहीं बनने दूंगा। ऐसे खतरनाक आदमी से देश को बचाने के लिए मैं कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हूं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में गुटबाजी और आंतरिक कलह की वजह से हाल में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अमरिन्दर सिंह ने अपने कई साक्षात्कारों में कहाöप्रियंका और राहुल मेरे बच्चों की तरह हैं। इसका पटाक्षेप ऐसा नहीं होना चाहिए था। मैं विधायकों को विमान से गोवा या अन्य किसी स्थान पर नहीं ले गया। इस तरह से मैं काम नहीं करता। मैं तिकड़मबाजी नहीं करता और गांधी सहोदर जानते हैं कि यह मेरा तरीका नहीं है। अमरिन्दर सिंह ने जोर देकर कहाöगांधी बच्चे काफी हद तक अनुभवहीन हैं और उनके सलाहकार साफ तौर पर उन्हें बहका रहे हैं। साफ है कि अमरिन्दर सिंह ने अघोषित रूप से अपना रुख तय कर लिया, लगता है। किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि में नए कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा से अलग हुए अकाली दल के साथ बसपा का गठजोड़ हो चुका है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी भी अपने वादे के साथ मैदान में है। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह चुनौती गहरी हो गई है कि मुख्यमंत्री बदलने के बाद उपजी खींचतान के बीच वह विधानसभा चुनावों में अपने लिए कितना और क्या बचा पाती है।

No comments:

Post a Comment