Translater
Tuesday, 7 May 2024
इस बार गिरिराज सिंह का सीधा मुकाबला है
कभी कांग्रेस और वापपंथ का गढ़ रहा बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र पर पिछले एक दशक से भाजपा का कब्जा रहा है। इस बार यहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में केन्द्राrय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर मैदान में हैं। उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के अवधेश राय से है। इस बार भाजपा के सामने जीत की हैट्रिक लगाने की चुनौती है। वहीं भाकपा करीब तीन दशक बाद यहां जीत हासिल कर वापसी के लिए जुटी है। यहां आम चुनावों में भले ही जीत किसी दल की हुई हो, अधिकतर बार मुकाबले में भाकपा ही रही है। 1952 से 2019 तक के लोकसभा चुनावों में नौ बार यहां से सबसे ज्यादा बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। दो-दो बार माकपा, जदयू और भाजपा ने इस सीट पर जीत हासिल की। इस लोकसभा क्षेत्र में 2014 में पहली बार भाजपा का खाता खुला था। पिछले लोकसभा चुनाव में यह संसदीय क्षेत्र जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा उम्मीदवार कन्हैया कुमार के चुनाव लड़ने के कारण सुर्खियों में आया था। तब भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कन्हैया को पराजित किया था। हालांकि उस समय चुनावी लड़ाई का एक कोण राजद प्रत्याशी तनवीर हसन भी बने थे और उन्होंने करीब दो लाख वोट हासिल किए थे। इसके बावजूद गिरिराज चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीते थे, इस बार माकपा ने बछवाड़ा विधानसभा से तीन बार विधायक रहे अवधेश राय पर भरोसा जताया है। वर्ष 2019 में एनडीए एकजुट और विपक्ष बिखरा हुआ था, लेकिन इस बार राजनीतिक तस्वीर बदली है। एनडीए का आकार बढ़ा है तो इंडिया गठबंधन में राजद-कांग्रेस और वामदल एक साथ हैं। ऐसे में बेगूसराय में कांटे की टक्कर के आसार हैं। महागठबंधन का मजबूत आधार जातीय, सामाजिक समीकरण है तो एनडीए मोदी मैजिक के सहारे बाजी पलटने को तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विकास कार्य भी एनडीए के साथ है। क्षेत्र से मौजूदा सांसद गिरिराज सिंह एनडीए के टिकट पर लगातार दूसरी बार मैदान में हैं। बेगूसराय में दोनों गठबंधन अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। जातीय आधार पर ध्रुवीकरण की स्थिति भाजपा की चिंता बढ़ा सकती है। बेगूसराय सीट आजादी के बाद पहले चुनाव 1952 में ही अस्तित्व में आ गई थी। इन 70 सालों में क्षेत्र की तस्वीर भी बदली। पहले बेगूसराय में दो संसदीय क्षेत्र थे। एक बलिया दूसरा बेगूसराय लेकिन अब दोनों को मिलाकर एक संसदीय क्षेत्र बेगूसराय बन गया है। 2009 के परिसीमन के बाद इस सीट पर एनडीए का कब्जा है। 2009 में जदयू के मोनजिर हसन ने भाकपा के शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को हराया था। 2014 में भाजपा और जदयू के अलग हो जाने के बाद नवादा के सांसद भोला सिंह को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया और वह जीते। चुनाव प्रचार तेज होने के साथ ही क्षेत्र के मुद्दे भी मुखर हो रहे हैं। साहेबपुर कमाल प्रखंड के कुरहा बाजार के निवासी कहते हैं कि बेगूसराय में बेहतर अस्पताल के अभाव में सैकड़ों जटिल व असाध्य रोगी देशभर में भटकते हैं। केशावे किसान का कहना है कि किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण और खाद, बीज मिल रहा था लेकिन जिले में कृषि प्रसंस्करण का अभाव है। यहां के किसानों को मक्का, आलू इत्यादि उत्पाद से बनने वाले दर्जनों उत्पाद को प्रसंस्करण के द्वारा ज्यादा मुनाफा कमाने का मौका मिलना चाहिए।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment