Thursday 9 May 2024

पीयूष गोयल की पहली चुनावी परीक्षा

महाराष्ट्र में इस बार का आम चुनाव कई मायने में रोचक है। देश की आर्थिक राजधानी की मुंबई उत्तर सीट पर भाजपा ने दो बार सांसद रहे गोपाल शेट्टी का टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को मैदान में उतारा है। महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद पीयूष गोयल पहली बार लोकसभा चुनाव के रण में उतरे हैं। वहीं कांग्रेस ने ढाई दशक से पार्टी संग खड़े जमीनी नेता भूषण पाटिल पर भरोसा जताया है। दोनों चुनावी महाभारत में मराठी वोट साधने के साथ गुजराती और मारवाड़ी आबादी को पाले में करने पर जोर दे रहे हैं। मुंबई उत्तर सीट पर 47 प्रतिशत मतदाता मराठी हैं जबकि 20 प्रतिशत मुस्लिम हैं। 13 प्रतिशत वोटर गुजराती और मारवाड़ी हैं तथा उनका कुल वोट दो लाख से अधिक है। बाकी वोट अन्य समुदायों में है। भाजपा को उम्मीद है कि मराठी और मारवाड़ी वोट के साथ अन्य का वोट मिलता है तो 2019 के आम चुनाव में मिली रिकार्ड जीत को आसानी से दोहराया जा सकता है। कांग्रेस ने भी पहले गुजराती मूल के व्यक्ति के नाम पर विचार किया था, पर बाद में पाटिल को मैदान में उतारा। इस सीट पर भाजपा सात बार जबकि कांग्रेस छह बार जीत दर्ज कर चुकी है, इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे के तहत उद्धव गुट ने यह सीट कांग्रेस के लिए छोड़ी थी। सीट बंटवारे में जब यह सीट उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस को दी तो पार्टी ने यहां से लड़ने से ही मना कर दिया था। कांग्रेस ने क्षेत्र से उद्धव गुट के नेता विनोद घोसांलकर को कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने को कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। कांग्रेस ने भूषण पाटिल को पीयूष गोयल के सामने खड़ा किया। 2019 में महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुआ था। इनमें 105 सीटें भाजपा, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं। मुंबई उत्तर सीट के तहत आने वाले बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में बोरीवाली नेशनल पार्क आकर्षण का केन्द्र है। बोरीवाली का इलाका गार्डेन के तौर पर विकसित हुआ है और यहां हर आधे किलोमीटर पर अलग-अलग थीम पर हरियाली देखने को मिलती है। गोपनीथ मुंडे गार्डन में ताड़ के पेड़ लोगों को खूब भाते हैं। कान्हेरी गुफा भी पर्यटकों को खूब लुभाती है। पीयूष गोयल ने दावा किया है कि उत्तर मुंबई को उत्तम मुंबई बनाएंगे। क्षेत्र में पानी की समस्या सुलझाएंगे। उत्तर मुंबई और गोरई की झुग्गी में रहने वालों को वहीं पर पक्के मकान में बसाया जाएगा। उनके अनुसार, नई भाजपा सरकार के गठन के बाद लोगों की हर समस्या का निराकरण ही प्राथमिकता होगी। कांग्रेस ने भूषण पाटिल को गोयल के खिलाफ मैदान में उतारा है। वह युवा इकाई के कांग्रेस अध्यक्ष हैं व 2009 के आम चुनाव में बोरीवली सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं। पाटिल पिछले 25 साल से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। पाटिल केंद्रीय फिल्म प्रमाण बोर्ड की समिति के सदस्य होने के साथ बेस्ट समिति के भी सदस्य के रूप में शामिल हैं। - अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment