Saturday 1 June 2024

क्या निशिकांत दुबे को चौथी बार जीत मिलेगी


भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में एक जून को जिन सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत तय होगी, उनमें झारखंड की गेड्डा सीट भी है। संथाल परगना की इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशिकांत दुबे जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। भाजपा ने उन्हें चौथी बार फिर से टिकट दिया है। उनका मुकाबला इसी सीट पर चार बार चुनाव हार चुके इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव से है। इनके बीच सीधी टक्कर है। उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी जैसे दलों का समर्थन हासिल है। वे इस सीट से एक बार सांसद रह चुके हैं। झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक आनंद झा इसे त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अपनी कोशिश में कितने कारगर होंगे, यह बहुत हद तक देवघर के पंडा समाज के वोटरों पर निर्भर करता है। गोड्डा में करीब 20 लाख मतदाता हैं। लोकसभा क्षेत्र में कुल छह विधानसभा सीटें, देवघर, गोड्डा, मधुपुर, पोडैयाहार, महागामा और जरमुंडी आती हैं। इनमें से चार पर इंडिया गठबंधन का कब्जा है। पिछले विधानसभा चुनाव में सिर्फ दो सीटों पर भाजपा जीती थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में निशिकांत दुबे ने तब झारखंड विकास मोर्चा के प्रदीप यादव को पौने दो लाख से भी अधिक वोटों से हराया था। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप यादव के लिए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव जैसे नेताओं की सभाएं हो चुकी हैं। निशिकांत दुबे के लिए गृहमंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिंमता बिस्वा शर्मा, शिवराज सिंह चौहान, बाबूलाल मरांडी सरीखे नेता जनसभाएं और रोड शो कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मई को दुमका में एक जनसभा को संबोधित किया। इस रैली में गोड्डा समेत संथाल परगना क्षेत्र की तीनों लोकसभा सीटों के प्रत्याशी मौजूद रहे। देवघर में प्रसिद्ध बाबा वैद्यनाथ मंदिर के पास रहने वाले 90 वर्षीय कृष्णा प्रसाद साहू खुद को हालांकि कांग्रेसी बताते हैं। वह कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रवैया तानाशाहों वाला है। इसके बावजूद वे भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे की प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा, नरेन्द्र मोदी की पार्टी भाजपा से होने के बावजूद मेरे एमपी निशिकांत दुबे को लोगों का समर्थन है। उन्होंने गोड्डा में रेलवे परिचालन शुरू करवाया, देवीपुर में एम्स बनवाया, देवघर एयरपोर्ट बना, सड़कें बनी। हम विकास को नजरंदाज नहीं कर सकते। भाजपा के प्रत्याशी निशिकांत दुबे आश्वस्त हैं कि इस चुनाव में उनकी जीत होगी और देशभर में भाजपा को 400 सीटों से अधिक मिलेंगी। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इलेक्ट्रोरल बांड के जरिए सबसे बड़ा घोटाला किया। उद्योगपतियों से कथित तौर पर पैसे की उगाही की, इसलिए भाजपा का चुनाव में हारना तय है। वह कहते हैं कि निशिकांत दुबे के खिलाफ अंडर करंट है। भाजपा गोड्डा में तो हारेगी ही, पूरे देश में उनका सफाया होने जा रहा है। पिछली बार निशिकांत दुबे ने प्रदीप यादव को रिकार्ड मतों से हराया था। देखें, इस बार क्या होता है।

      -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment