Wednesday 8 March 2017

बच्चियों को ड्रग्स देकर कराते थे धंधा

इंसान पैसों की खातिर कितना गिर जाता है इसके उदाहरण इस कलयुग में समय-समय पर मिलते रहते हैं। ताजा उदाहरण अफाक दम्पति का है। देह की दलाली में लिप्त अफाक दम्पति के खिलाफ दायर आरोप पत्र में पुलिस ने कई सनसनीखेज बातों का खुलासा किया है। पुलिस ने मकोका के तहत दर्ज इस मामले में 3895 पेज के आरोप पत्र को बीते 20 फरवरी को अदालत में दाखिल किया है। मामले में पुलिस के पास 125 से अधिक गवाह हैं। इस मामले में कुल 13 आरोपी बनाए गए हैं। इनमें से अफाक दम्पति सहित कुल 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, तीन आरोपी फरार हैं और उन्हें भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है। जीबी रोड पर देह व्यापार के लिए लाई गईं नाबालिग लड़कियों को अफाक दम्पति हार्मोन और नशे का इंजैक्शन देकर जवान बनाने की कोशिश करते थे। इसके बाद उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया जाता था। देह व्यापार का विरोध करने वाली लड़कियों को भी जबरन ड्रग्स दिए जाते थे। नशे की आदी होने पर वह धीरे-धीरे इस धंधे में शामिल हो जाती थीं। यह काम कोठा मालिक अफाक की पत्नी शायरा बेगम की देखदेख में होता था। तीस हजारी अदालत में दायर आरोप पत्र में दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी दम्पति दो दशक में तीन हजार से अधिक लड़कियों को देह व्यापार में धकेल चुका है। देह व्यापार के लिए लड़कियों को फंसाने की जिम्मेदारी विभिन्न राज्यों में फैले इनके एजेंट करते थे। वह लड़कियों को अच्छी नौकरी या शादी का झांसा देकर दिल्ली ले आते थे। यहां लाकर लड़कियों को कोठे पर बेच दिया जाता था। लड़कियों की कीमत 50 हजार रुपए से लेकर दो लाख रुपए तक लगाई जाती। लड़कियों की उम्र, शरीर, चेहरा आदि को ध्यान में रखते हुए उनकी कीमत दम्पति या नायिका तय करते थे। विरोध करने पर कोठे की नायिका और सरफराज उर्फ बिल्ली उनके साथ मारपीट करते थे। इसके बावजूद जब वह नहीं तैयार होतीं तो ड्रग्स देते थे। डर कर लड़कियों को उनकी बात माननी पड़ती थी। लड़कियों को धंधे के लिए नायिका तैयार करती थीं। नायिका को हर माह 40-50 हजार रुपए मिलते थे। लड़कियों के विरोध करने पर बाउंसर मारपीट करते थे। उसे 30 हजार रुपए महीना वेतन मिलता था। ग्राहकों को पहले पर्ची कटवानी पड़ती थी। इसके लिए आधा दर्जन से अधिक मैनेजर रखे गए थे। कोठे की कमाई का 60 फीसदी हिस्सा अफाक को मिलता था। पैसों को लाने का काम चालक करता था। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, नेपाल, उड़ीसा, बिहार, झारखंड और असम से लाई जाती थीं लड़कियां। वर्ष 1999 से देह व्यापार के धंधे में अफाक दम्पति ने महज 17 वर्ष के भीतर 246 करोड़ रुपए की सम्पत्ति बना ली।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment