Friday 29 December 2017

शपथ समारोह के बहाने शक्ति प्रदर्शन

गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और हिमाचल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के शपथ ग्रहण समारोह को महाआयोजन बनाकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी ब़ढ़ती शक्ति का प्रदर्शन किया है। यह आयोजन उन राज्यों में भी माहौल बनाने का प्रयास है जहां अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मंत्रिमंडल के कई सदस्यों और नीतीश कुमार सहित भाजपा व सहयोगी दलों द्वारा शासित 18 राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भव्य प्रदर्शन एनडीए की राजनीतिक शक्ति के समक्ष बिखरे विपक्ष को शक्तिहीन बताने का प्रयास भी था। हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वशक्तिमान बना दिया है। इसका असर संसद में भी खुलेआम दिखने लगा है। जीत के बाद तो संसद के हालात और उनके अनुकूल हो गए हैं, लोकसभा में तो बहुमत के चलते उनके इशारे पर सब कुछ चलता ही था अब राज्यसभा में भी वही हो रहा है जो वे चाहते हैं। शायद यह पहली बार हुआ हो कि राज्यसभा का सभापति पार्टी की ओर से जवाब दे और कहे कि संसद से बाहर के मुद्दे का सदन में जवाब देने का मतलब नहीं है। दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, टीएमसी के अलावा ज्यादातर बड़े दल या तो भाजपा के पक्ष में हैं या उनकी दूरी भाजपा से ज्यादा कांग्रेस से बनी हुई है। जयललिता के निधन के बाद तो 37 सदस्यों वाली अन्नाद्रमुक भाजपा के अघोषित सहयोगी जैसी सदन में दिखने लगी है। यही हाल बीजू जनता दल का है। कांग्रेस भी लोकसभा में कभी सत्तापक्ष को नहीं घेर पाई। अब राज्यसभा में भी कांग्रेस संख्याबल में भाजपा से पिछड़ती जा रही है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी राज्यसभा में पहुंच गए हैं और सबसे बड़ी बात है कि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एम. वेंकैया नायडू उपराष्ट्रपति के नाते राज्यसभा के सभापति बन गए हैं। आने वाले दिनों में राज्यसभा में भी भाजपा की ताकत बढ़ती जाएगी फिर तो लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी सरकार अपने हिसाब से बिल पेश और पास करवाएगी। कांग्रेस के सदस्य हर रोज वाकआउट कर रहे हैं, लेकिन सत्तापक्ष अपने हिसाब से देर शाम तक सदन की बैठक करके सरकारी कामकाज निपटा रहा है। संसद पांच जनवरी तक चलेगी और उसके तीन हफ्ते बाद फिर संसद का बजट सत्र शुरू हो जाएगा। अभी तक तो संसद में सरकार घिरती नहीं दिख रही अलबत्ता वह विपक्ष को हाशिये पर लगाने में लगी हुई है।

No comments:

Post a Comment