Sunday 18 February 2018

दिल्ली को दहलाने वाली यह महिला अपराधी

एक समय था जब चोरी करने में पुरुष आगे होते थे पर समय बदल गया है अब चोरी करने में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। राजधानी दिल्ली में महिला अपराधियों की फौज तैयार हो रही है। पुरुषों के वेश में मोबाइल चोरी करने वाली 32 वर्षीय महिला, हत्या का ठेका लेने वाली आठ बच्चों की मां और सबसे बड़ा वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने वाली 35 वर्षीय महिला दिल्ली की नामी अपराधियों की सूची में शामिल हैं। इनमें से कुछ ऐसी हैं जो गॉड फादर की भूमिका में हैं और पुरुषों के साथ मिलकर गिरोह चलाती हैं। दिल्ली में मोस्ट वांटेड 62 वर्षीय बशीरन आठ बच्चों की मां है, जो बीते एक महीने से फरार है। बशीरन पर उगाही, डकैती और अवैध रूप से शराब बेचने के मामले दर्ज हैं। उसके छह लड़के हैं जिनमें एक नाबालिग है, उन पर 99 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, डकैती, उगाही, चोरी और अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। जेल से बाहर आने के बाद अगले दिन ही बशीरन ने मुन्नी बेगम नाम की एक महिला से 60 हजार रुपए में एक युवक की हत्या की सुपारी ले ली थी। पुलिस को संगम विहार के जंगल में एक जली हुई लाश मिली थी। बशीरन मूलत राजस्थान से ताल्लुक रखती है। 38 साल की सोनू पंजाबन को 24 दिसम्बर 2017 को वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सोनू मूलत रोहतक की रहने वाली है। सोनू पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुकी है। 13 साल की लड़की ने उस पर आरोप लगाया था कि उसे मारा-पीटा गया और वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेलने की कोशिश की गई। 2011 में उसे मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया था। सोनू का पहला पति गैंगस्टर था, जो मुठभेड़ में वर्ष 2004 में मारा गया था। उसका दूसरा पति भी 2006 में एनकाउंटर में मारा गया। उस पर पांच हत्या, मानव तस्करी और पॉस्को एक्ट में मामले दर्ज हैं। रामप्रीत कौर उर्फ रानी 32 साल की है। बीते साल पुलिस को इस बात की जानकारी मिली थी कि वह पुरुषों के कपड़े पहनकर बाइक से मोबाइल छीनती है। बीते एक साल में इसी पर डकैती और झपटमारी के नौ मामले दर्ज हैं। 42 वर्षीय सायरा बेगम का 28 साल पुराना आपराधिक रिकार्ड है। महिला व उसके पति अफाक को 2016 में दिल्ली में सबसे बड़ा वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सायरा के जेल में रहने पर उसके साथी कोठे को चलाते हैं। आरोप है कि उसका पति नेपाल से लड़कियां लाता है। 53 साल की शकीला का पूर्वी दिल्ली के शकरपुर थाने में बतौर बेड करेक्टर नाम दर्ज है। महिला ने बतौर सब्जी विक्रेता का काम शुरू किया और बाद में जुए का बड़ा रैकेट चलाने लगी। उस पर 21 मामले दर्ज हैं।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment