Thursday 8 August 2024

किसान आंदोलन के बीच नायब का मास्टर स्ट्रोक

हरियाणा की नायब सैनी की भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले किसानों का 133 करोड़ 55 लाख 48 हजार रुपए का बकाया कर्ज माफ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरूक्षेत्र में आयोजित थानेसर विधानसभा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की भी घोषणा करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब हfिरयाणा की अन्य सभी फसलें भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिला रोहतक, नूंह, फतेहबाद और सिरसा में 2023 से पहले आपदा में फसलों को हुए नुकसान के मुआवजा की लंबित 137 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान करने की घोषणा करते हुए कहा कि एक हफ्ते में यह राशि संबंधित किसानों के खाते में चली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को नए ट्यूबवैल कनेक्शन के लिए तीन सितारे वाली मोटर देशभर में कहीं से भी खरीदने की अनुमति होगी। वर्तमान में प्रदेश में तीन सितारे वाली मोटर की केवल 10 कंपनियां पंजीकृत हैं। अब देश में तीन सितारा मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां हरियाणा के पैनल पर आ जाएंगी और किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी कंपनी से तीन सितारा मोटर खरीद सकेंगे। इससे 31 दिसम्बर 2023 तक नए ट्यूबवैल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने पर ट्रांसफार्मर का खर्च किसान से नहीं लिया जाएगा। ये ट्रांसफार्मर बिजली निगमों द्वारा अपने खर्च पर बदले जाएंगे। केंद्र सरकार हर साल 24 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करती है। हरियाणा देश का एकमात्र राज्य था, जो पहले से ही 14 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रहा था। अब वह 24 फसलें एमएसपी पर खरीदने वाला देश का पहला और एक मात्र राज्य बन गया है। फसलों की खरीद एमएसपी पर करने को लेकर हरियाणा और पंजाब के किसान पिछले कई सालों से आंदोलन कर रहे थे। तीन कृषि कानूनों के विरुद्ध तथा एमएसपी पर फसलों की खरीद को लेकर दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर पूरे एक साल तक आंदोलन चला। इस आंदोलन में 700 से अधिक किसानों की जाने गई। अब किसान फिर से हरियाणा-पंजाब की सीमा पर अंबाला के निकट शंभू बार्डर पर एमएसपी के लिए धरने पर बैठे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने कुरूक्षेत्र में एसएसपी पर सभी 24 फसलों को खरीदने का ऐलान कर किसानों की एक बड़ी मांग को पूरा कर दिया है। यह आंदोलन करने वाले किसानों की एक बड़ी जीत है। हरियाणा की सरकार के इस फैसले का हम स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि देश के अन्य राज्य भी इस प्रकार की घोषणा करेंगे। किसान देश का अन्नदाता है और इसे उसकी खेती की पूरी लागत मिलनी चाहिए। एमएसपी गारंटी के साथ-साथ मुख्यमंत्री सैनी की ट्यूबवैल कनेक्शन संबंधी रियायतों का भी हम स्वागत करते हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसे नायब सिंह सैनी का मास्टर स्ट्रोक कहा जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी।

No comments:

Post a Comment