Tuesday 20 January 2015

बोको हराम ने अब तक 17 हजार लोगों को मार डाला है

बोको हराम का अनुवाद आमतौर पर कुछ यूं किया जाता है... पश्चिम की तालीम हराम है। मगर इस आतंकी नाइजीरियाई संगठन ने खुद सबसे वर्जित काम करने में महारथ हासिल कर ली है और वह है बेगुनाहों का कत्लेआम। आतंकियों द्वारा पिछले सप्ताह पेरिस में 12 लोगों के मारे जाने पर गम और गुस्से का इजहार जब दुनिया कर रही थी, तब बोको हराम नरसंहार में जुटा था। तीन जनवरी को बर्नो सूबे के बगा शहर को इसने अपना निशाना बनाया था। लेकिन कुछ ही दिनों के बाद इसने अपने इतिहास की सबसे बर्बर वारदात को अंजाम दिया। बगा को उसने लगभग तहस-नहस कर दिया है जहां सैकड़ों की तादाद में लोगों के मारे जाने का अंदेशा है। नाइजीरिया के बगा शहर में सप्ताह के अंत में बोको हराम आतंकियों ने 16 गांवों और कस्बों को तबाह कर दिया। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 2000 लोगों के मारे जाने की आशंका है। हमले से बचकर भागे लोगों ने बताया कि आतंकियों ने गांव में घुसकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। कई घरों और इमारतों को जला दिया। अब भी सैकड़ों लोग चाड झील के बीच स्थित द्वीपों पर आतंकियों के चंगुल में फंसे हुए हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल के मुताबिक तकरीबन 2500 लोगों को मारा गया जबकि नाइजीरिया की सरकार सिर्प 150 लोगों के मरने की  बात कह रही थी। 15 जनवरी को जारी इंफ्रेरेड सैटेलाइट से जारी तस्वीरों से यह साफ हुआ है कि बगा कस्बे में तकरीबन 3700 घरों और इमारतों को या तो गिरा दिया गया या फिर जला दिया गया। टाउन मैप में भी पूरी तरह मिट गया है। हमलों में बचे एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार लोगों को कीड़े-मकौड़ों की तरह मौत के घाट उतारा गया। अगले महीने नाइजीरिया में चुनाव होने हैं, लेकिन बोको हराम के आतंक की वजह से सभी हिस्सों में वोटिंग होने की संभावना कम है। 2009 में आक्रामक बोको हराम इस्लामिक संगठन की स्थापना हुई थी। लेकिन 2009 में नाइजीरिया में एक इस्लामिक देश की स्थापना के लिए इस संगठन ने मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया। कई कस्बे इसके कब्जे में हैं, जहां तकरीबन 30 लाख लोग रहते हैं। नाइजीरिया की सेना 2010 से इस क्षेत्र में ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक वह आतंकी संगठन के सामने कमजोर साबित हुई है। ब्यौरे बताते हैं कि जनवरी 2014 से अब तक 5000 से अधिक लोगों को बोको हराम ने मार डाला है और ऐसा कोई संकेत भी नहीं दिख रहा है, जिससे खूनखराबे का यह दौर थमता नजर आए बल्कि यह और गहराता जा रहा है। एक अनुमान यह भी है कि अब तक बोको हराम 17,000 लोगों को मार चुका है। यह छोटी-छोटी बच्चियों को भी मानव बम बनाने से नहीं कतराता। नाइजीरिया के मौजूदा संकट की कुछ जिम्मेदारी राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन के माथे पर भी जाती है, जिन्होंने बातचीत का हर दरवाजा बंद कर रखा है और इस तरह से दहशतगर्दों के खतरों से निपटने की रणनीति की तमाम कोशिशों को नामुमकिन बना दिया है।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment