Friday 16 June 2017

कैसीनो में 5 पत्नियां और 22 अरब रुपए हारे सऊदी राजकुमार

महाभारत में युद्धिष्ठिर पांचों भाई की पत्नी द्रौपदी को जुए में कौरवों से हारने की तो हमने सुनी थी पर ऐसी ही लगभग घटना आज के जमाने में संभव हो सकती है इसका अनुमान नहीं लगाया था पर ऐसा हुआ है। सऊदी अरब के राजकुमार माजिद बिन अब्दुल्लाह बिन अब्दुल अजीज जुए में अपनी पांच पत्नियां हार गए हैं। उनकी कुल नौ पत्नियां हैं। माजिद बिन अब्दुल्लाह ड्रग्स, जुए और शानो-शौकत को लेकर पूरी दुनिया में मशहूर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ दिन पहले माजिद मिस्र के सिनेई ग्रैंड कैसीनो में पोकर खेलने पहुंचे थे। राजकुमार ने गेम खेलना शुरू किया तो एक के बाद एक गेम खेलते चले गए और हारते चले गए। इसके चलते माजिद पहले अपने पास मौजूद सारी रकम हार गए। इसके बाद भी उनका जुनून कम नहीं हुआ और उन्होंने अपनी पांच पत्नियों को 160 करोड़ रुपए की रकम के बदले गिरवी रख दिया। इसके बाद भी वो सभी गेम हार गए और बदले में उन्हें अपनी पांच पत्नियों को वहीं कैसीनो में छोड़कर जाना पड़ा। इस कैसीनो में राजकुमार माजिद हफ्तेभर रुके थे। वह अनलिमिटेड स्टेक्स वाली पाकेट टेबल पर खेल रहे थे। कैसीनो के डायरेक्टर अली शमून ने बताया कि जब राजकुमार अपनी सारी रकम हार गए तो उन्होंने साथ में मौजूद पांच पत्नियों को भी दांव पर लगा दिया। लेकिन वो उन्हें भी हार गए। इसके बाद वो बिना पत्नियों को लिए वहां से चले गए। यह पहला मौका नहीं है, कैसीनो में लोग पैसे खेलते रहते हैं। पैसे के अलावा यहां लोग ऊंट और घोड़े दांव पर लगाते हैं और बाद में उन्हें छुड़ा भी लेते हैं। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी ने पत्नी को ही दांव पर लगा दिया हो। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजकुमार की इस हरकत से सऊदी सरकार शर्मिंदगी महसूस कर रही है। अभी तक यह पता नहीं चल सका कि क्या राजकुमार की पत्नियों को सऊदी अरब लौटाया जाएगा। यह भी संभावना है कि सऊदी रॉयल फैमिली पैसा चुकाकर मामला खत्म कर दे। वहीं मिस्र के विदेश मंत्री सामोह शोकुरी का कहना है कि उनकी सरकार सऊदी महिलाओं को उनके देश वापस भेजने के सभी संभव प्रयास करेगी। जल्द से जल्द उनके पति द्वारा हारी गई रकम को चुकाकर उन महिलाओं को छुड़ा लिया जाएगा। राजकुमार माजिद बिन अब्दुल्लाह इससे पहले भी कई मामलों में विवाद में रह चुके हैं। 2015 में उन पर अपने पुरुष सहयोगी के साथ यौन संबंध बनाने का आरोप लगा था। जैसा मैंने कहा कि हमने महाभारत काल में ऐसी घटना को तो सुना, पढ़ा था पर ऐसी घटना की पुनरावृत्ति की उम्मीद कम थी। राजकुमार माजिद ने अपने खानदान और देश का नाम खूब रोशन किया है।
-अनिल नरेन्द्र


No comments:

Post a Comment