Wednesday 4 February 2015

दुनिया में सबसे ज्यादा सरकारी छुट्टियां भारत में होती हैं

अगर हमें देश में उत्पादन बढ़ाना है जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं तो पब्लिक छुट्टियों पर नियंत्रण लगाना होगा। भले ही यह सोचा जाता हो कि विकासशील दैशों में काम करने वालो लोग छुट्टियों से महरूम रह जाते हैं। पर वहां के हॉलीडे कैलेंडर अलग ही कहानी बयां करते हैं। मिसाल के तौर पर हर साल भारत में सबसे ज्यादा पब्लिक हॉलीडे होते हैं। भारत के पड़ोसी देश भी पीछे नहीं हैं। चीन से लेकर फिलीपींस और हांगकांग, मलेशिया में भी जमकर छुट्टियां होती हैं। 21 पब्लिक हॉलीडे के साथ भारत इस लिस्ट में पहले पायदान पर है। इतना ही नहीं, अलग-अलग प्रदेशों में छुट्टियों की संख्या और भी ज्यादा होती है। एक ट्रेवल पोर्टल की स्टडी में कई देशों के पब्लिक हॉलीडे लिस्ट तैयार की गई है। वोगो नामक इस पोर्टल के अनुसार छुट्टियों का मजा लेने में दूसरा नम्बर फिलीपींस का है। यहां साल में 18 पब्लिक हॉलीडे होती हैं। इसी तरह चीन और हांगकांग में 17, थाइलैंड में 16, मलेशिया और वियतनाम में 15, इंडोनेशिया में 14, ताइवान और दक्षिण कोरिया में 13, सिंगापुर में 11 और आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 10 पब्लिक हॉलीडे होती हैं। यूरोप के देशों में छुट्टियों का हाल बुरा नहीं कहा जा सकता। स्वीडन और लुथिनिया में 15 छुट्टियां दी जाती हैं। इनके बाद स्लोवाकिया में 14, आस्ट्रिया, बेल्जियम और नार्वे में 13, फिनलैंड और रूस में 12 छुट्टियां मिलती हैं। हालांकि स्पेन और इंग्लैंड में ज्यादा छुट्टियां नहीं दी जातीं। दोनों ही देशों में महज आठ पब्लिक हॉलीडे हैं। इसी तरह अमेरिका में भी इस साल महज 11 छुट्टियां दी जाएंगी। अगर भारत को सही मायनों में उन्नति करनी है तो इन छुट्टियों पर नियंत्रण लगाना होगा। एक विकासशील देश इतनी छुट्टियां नहीं कर सकता। छुट्टियों के अलावा हड़तालें, काम बन्द करो आंदोलन भी नुकसान पहुंचाते हैं। एक सुझाव यह है कि केवल राष्ट्रीय छुट्टियां होनी चाहिए। जैसे गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस इत्यादि। धर्म पर आधारित छुट्टियां रिस्ट्रिक्ट हो सकती हैं। इतनी छुट्टियों के साथ जब ज्यादा सर्दी पड़े तो मजबूरन बच्चों के स्कूलों की भी छुट्टियां करनी पड़ती हैं। देश के प्रधानमंत्री खुद भी इतनी छुट्टियां नहीं करते। सुबह आठ बजे दफ्तर में पहुंच जाते हैं और देर रात तक काम करते रहते हैं। वह तो इतनी छुट्टियां नहीं करते जितनी बाबू करते हैं। मंत्री भी नहीं करते। दुनिया के बाकी देशों को देखिए। आठ से 12 छुट्टियां ज्यादा से ज्यादा होती हैं। हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर ध्यान देंगे और उचित फैसला करेंगे।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment