Monday 6 May 2019

कांग्रेस के दांव से रोचक हुआ सोनीपत का संग्राम

हरियाणा की सोनीपत जाट नेताओं के दबदबे वाली सीट मानी जाती है। हालांकि यहां से दो बार गैर-जाट नेता वर्ष 1996 में अरविन्द शर्मा और 2014 में रमेश कौशिक बाजी मार चुके हैं। वर्ष 1997 में अस्तित्व में आने के बाद यहां अब तक 12 चुनाव हुए हैं, जिसमें 10 बार जाट नेता ही सांसद बने हैं। जाट बाहुल क्षेत्र और जाटों के बीच लोकप्रिय रहे पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा यहां से इस बार चुनाव लड़ रहे हैं। जजपा की ]िटकट पर मैदान में आए दिग्विजय चौटाला मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस की टिकट पर जगबीर सिंह मलिक मैदान में थे और वह 2.69 लाख वोट लेकर दूसरे नम्बर पर थे। इस बार हुड्डा के आने से इस वोट शेयर में बढ़ोत्तरी की संभावना है। जिले की छह विधानसभा सीटों में से पांच पर कांग्रेस और हुड्डा गुट का कब्जा है। जजपा के दिग्विजय चौटाला को भी कम कर नहीं आंका जा सकता। पिछले चुनाव में इनेलो के पदम सिंह दहिया ने करीब दो लाख 64 हजार वोट हासिल किए थे। इनेलो टूटने के बाद अब वह जजपा के जिलाध्यक्ष हैं। इनेलो के दो फाड़ होने के बाद जींद के साथ-साथ सोनीपत जिले में भी इनेलो के मुकाबले जजपा का संगठन ज्यादा सक्रिय रहा। भाजपा की ओर से रमेश कौशिक वर्तमान सांसद हैं। माहौल को अपने पक्ष में करने में माहिर गैर-जाट नेता के रूप में फिलहाल सोनीपत में एकमात्र चेहरा है। 10 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा जाने-पहचाने चेहरा हैं। उनकी जाट बिरादरी में पैठ के साथ-साथ हरियाणा में विकास का श्रेय भी जाता है उन्हें। सोनीपत को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने का भी उन्हें श्रेय जाता है। फिर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर वह मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार होंगे। वहीं दिग्विजय चौटाला एक युवा और तेजतर्रार नेता के रूप में पहचाने जाते हैं और वह अच्छे वक्ता भी हैं। इनेलो के काडर वोट में सेंधमारी, जींद उपचुनाव में बिल्कुल नया चेहरा होने के बावजूद दूसरे नम्बर पर रहे। आप पार्टी से गठबंधन के कारण कुछ विधानसभा क्षेत्रों में गैर-जाट मतदातओं के भी पक्ष में आने की उम्मीद है। राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के हक में माहौल है, यह दावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मेरा और दीपेंद्र का चुनाव कार्यकर्ताओं ने ही संभाल रखा है। बाकी सीटों पर भी हम विजयी होंगे। हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की सरकार की भी सोनीपत में अग्निपरीक्षा होने वाली है।

No comments:

Post a Comment