Saturday 8 October 2016

ऐसे बाज आने वाला नहीं पाकिस्तान, बंद करो व्यापार व सुविधाएं

उड़ी हमले का करारा जवाब मिलने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पीओके में भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की रेंज बढ़ा दी है। पलांवाला के छन्नी ताना की 12 नम्बर की पोस्ट बदगाल पर तैनात सेना का एक जवान इस गोलीबारी में घायल हो गया। मेंढर तहसील के मनकोट सेक्टर में भी पाक की ओर से गोलीबारी तेज कर दी गई है। पिछले 36 घंटे में सीमा पार से सात बार गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। दरअसल उड़ी हमले का करारा जवाब मिलने के बाद भी पाकिस्तान दोहरी चाल चल रहा है। एक ओर तो भारतीय एनएसए अजीत डोभाल को फोन कर पाक में उनके समकक्ष नासिर जांजुआ ने एलओसी पर तनाव कम करने पर जोर दिया, वहीं पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी बढ़ा दी है। भारत ने डोभाल और जांजुआ के बीच वार्ता की पुष्टि नहीं की है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पाक के एनएसए ने बातचीत की पहल की थी। डोभाल ने जांजुआ से कहा कि भारत उकसावे वाली कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि पाकिस्तान लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। बदले हालात में हम समझते हैं कि पाकिस्तान के होश ठिकाने लगाने के लिए हमें आर्थिक रणनीति भी बनानी होगी। अफगानिस्तान, भूटान, नेपाल और बांग्लादेश का साथ मिलने के बाद सार्प सम्मेलन का रद्द होना भारत की पहली आर्थिक व रणनीतिक जीत मानी  जाएगी। अब हमें पाकिस्तान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने की डगर पर आगे बढ़ना चाहिए। उसे दिया गया तरजीही देश (मोस्ट फेवर्ड नेशन) का दर्जा वापस लिया जाना चाहिए। इस दर्जे से पाकिस्तान बहुत रियायती मूल्य पर भारत से आयात कर रहा है। भारत को पाकिस्तान से अपनी तमाम तिजारत, ट्रेड खत्म कर देनी चाहिए। बेशक इसमें हमें आर्थिक नुकसान ही क्यों न हो। भारत किसी भी प्रकार के नुकसान को सह सकता है पर पाकिस्तान की कमर तोड़ने में यह मददगार होगी। एक तरफ सीमा पर निरंतर गोलीबारी और दूसरी तरफ फलती-फूलती तिजारत यह दोनों मेल नहीं खातीं। समझौता एक्सप्रेस ट्रेन कुछ समय के लिए बंद कर दी जानी चाहिए। पीओके से कश्मीर में बस सर्विस भी रोक दी जानी चाहिए। लाहौर से  दिल्ली बस सर्विस भी रुकनी चाहिए। यह सारे कदम इसलिए भी जरूरी हैं ताकि पाकिस्तान को यह समझ में आ जाए कि अमन-शांति के बिना यह सब सहूलियतें बेमानी हैं। लातों के भूत बातों से नहीं मानते। आज पूरी दुनिया में पाकिस्तान अलग-थलग पड़ रहा है। सिवाय चीन के और कोई देश उसके साथ नहीं। यह मौका अच्छा है बंद करो पाकिस्तान के साथ तमाम ट्रेड।

No comments:

Post a Comment