Saturday 8 October 2016

व्हाइट हाउस की बिसात ः दोनों उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंकी

व्हाइट हाउस पर काबिज होने की जंग दिनोंदिन तीखी होती जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रपति पद के दावेदार डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन गत सोमवार को पहली बार बहस के लिए आमने-सामने आए। एक ने विश्व शांति का मुद्दा उठाया तो दूसरे ने राष्ट्रवाद का। अमेरिका के विभिन्न राज्यों में बहस से पहले हुए मतदान (अर्ली वोटिंग) के नतीजे बताते हैं कि डेमोकेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का पलड़ा फिलहाल भारी है। कांटे की लड़ाई चल रही है। ऊंट किसी भी करवट बैठ सकता है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि आठ नवम्बर को होने वाले चुनाव मतदान में किसे दुनिया के शक्तिशाली राष्ट्र की कमान मिलती है? डोनाल्ड ट्रंप ने तेजी से उभरते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन की लोकप्रियता के बीच कम अंतर के मुकाबले को लगभग बराबरी की स्थिति में ला दिया है। यह जानकारी एक हालिया चुनाव सर्वेक्षण में सामने आई है। फॉक्स न्यूज की ओर से कराए गए सर्वेक्षण में कहा गया है कि संभावित मतदाताओं में हिलेरी अब न्यूयार्प के इस दिग्गज उद्यमी से महज एक प्रतिशत आगे हैं। हिलेरी को 41 प्रतिशत समर्थन मिला जबकि ट्रंप को 40 प्रतिशत समर्थन मिला। बीते दिनों 9/11 की बरसी के आयोजन से हिलेरी को खराब स्वास्थ्य होने के कारण न्यूयार्प मेमोरियल से जाना पड़ा था। उसके बाद से यह पहला सर्वेक्षण था। हिलेरी को निमोनिया से पीड़ित पाया गया था। हालांकि ट्रंप के समर्थक दावा कर रहे हैं कि हिलेरी को और गंभीर बीमारी है और वह राष्ट्रपति की जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम नहीं हैं। वैसे हिलेरी ने कुछ दिन के आराम के बाद अपना प्रचार अभियान फिर से शुरू कर दिया है। पहले प्रेसिडेंशियल बहस ने नेशनल मीडिया का वर्ष 2012 का पिछला रिकार्ड तोड़ दिया है। चार साल पहले ट्विटर पर 1.30 करोड़ लोगों ने डिबेट पर ट्वीट किया था। इस बार ज्यादा लोगों ने इस पर ट्वीट किया। माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर 62 फीसदी लोगों ने ट्रंप और 38 प्रतिशत ने हिलेरी पर चर्चा की। फेसबुक पर तो 79 फीसदी ने ट्रंप पर चर्चा की। पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में आमतौर पर कहा जा रहा है कि हिलेरी ट्रंप पर हावी रहीं और उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को चारों खाने चित्त कर दिया। डेमोकेटिक प्रत्याशी के ताबड़तोड़ सवालों से ट्रंप रक्षात्मक मुद्रा में आ गए। डेढ़ घंटे चली बहस में नौकरियों के अवसर, कर भुगतान का ब्यौरा, इराक युद्ध और इस्लामिक स्टेट को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई। बहस के बाद सीएनएन/ओआरसी की ओर से कराए गए सर्वे में 62 फीसदी लोगों ने हिलेरी की सराहना की। ट्रंप को महज 27 फीसद ने बेहतर माना। बहस का आयोजन हेंपस्टेड के होफस्टा यूनिवर्सिटी में किया गया था। बहस को 10 करोड़ लोगों ने देखा। महीनों के प्रचार अभियान के बाद पहली बार दोनों आमने-सामने थे। देखें नम्बर में कौन बाजी मारता है।
-अनिल नरेन्द्र


No comments:

Post a Comment