Saturday 4 February 2017

क्या भविष्यवाणी कर रहे हैं ये सर्वेक्षण : पंजाब और गोवा में

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे देश में मची हलचल के बीच शनिवार को वोटिंग का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शुरुआत पंजाब और गोवा से हो रही है। शनिवार को इन दोनों राज्यों में एक ही दिन में मतदान पूरा हो जाएगा। पंजाब में 117 सीटें हैं जबकि गोवा में 40 सीटें हैं। पहले बात करते हैं पंजाब की। पंजाब में आम आदमी पार्टी के मैदान में कूदने से चुनाव तिकोना बन गया है। विभिन्न सर्वेक्षणों में अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। आज तक ने एक्सिस के साथ मिलकर जो सर्वेक्षण कराया है उसमें कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया गया है। सर्वेक्षण में कांग्रेस को 60-65 सीटें मिलने की उम्मीद है। जबकि आप पार्टी को 41-44 सीटें मिल सकती हैं। अकाली-भाजपा तीसरे नम्बर पर है 11-15 सीटें  लेकर। सी वोटर ने इसके उलट पंजाब में आम आदमी पार्टी को 63 सीटें मिलने की संभावना प्रकट की है और सरकार वही बना रही है। कांग्रेस को 43 और अकाली-भाजपा को 11। दोनों ही सर्वेक्षणों में अकाली-भाजपा तीसरे नम्बर पर है। पंजाब में सट्टेबाजों ने जो भाव दिए हैं अगर उसे परिणाम में परिवर्तित किया जाए तो ये हर किसी को चौंकाने के लिए काफी होंगे। पन्टरों ने पंजाब में आम आदमी पार्टी को 57-59 सीटें मिलने की संभावना पर सट्टा लगा रखा है। कांग्रेस को 44-46 सीटें, अकाली-भाजपा गठबंधन को 10-11 सीटें। अहम बात यह है कि सबसे महत्वपूर्ण सीट लांबी, जहां से मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं, पर 50-60 का भाव लगाया गया है। लांबी में ही कांग्रेस की ओर से सीएम पद के दावेदार कैप्टन अमरिन्दर सिंह भी चुनाव लड़ रहे हैं। आप भी वहां मैदान में है। वहीं जलालाबाद में आम आदमी पार्टी के भगवंत मान और डिप्टी सीएम सुखबीर बादल चुनाव मैदान में हैं। पर 90-90 का फेवरेट लगाया गया है। संयोग से अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब के बाद गोवा ऐसा राज्य चुना जो आकार में छोटा और जहां भाजपा और कांग्रेस में सीधी लड़ाई है। वैसे तो दिल्ली में आप ने सारे समीकरण ध्वस्त कर दिए लेकिन उसके साथ मूल रूप से कांग्रेस का वोटर जुड़ा था। दिल्ली में महज तीन सीटें मिलने पर भी भाजपा के वोट शेयर में ज्यादा कमी नहीं आई थी। केजरीवाल मुद्दा बनाने और उसे लोगों तक पहुंचाने में महारथ हासिल कर चुके हैं। सारी दुनिया कहती रही कि उनकी सरकार ने पिछले कांग्रेस सरकार के मुकाबले कुछ नहीं किया फिर भी केजरीवाल अपनी सरकार को देश की सबसे बढ़िया सरकार का तमगा दिए हुए हैं। आज तक-एक्सिस सर्वे के अनुसार गोवा की 40 सीटों में भाजपा को 22-25 सीटें मिलने की संभावना है जबकि कांग्रेस को 12-14 सीटें और आप को 1-2 सीटें मिलने की संभावना है। देखें जब मतपेटियां खुलती हैं तो कौन-सा सर्वे सही साबित होता है।

No comments:

Post a Comment