Thursday 12 September 2019

पूर्व भाजपा सांसद ने मेरा एक साल तक रेप किया

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। चिन्मयानंद पर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाने वाली छात्रा सोमवार दोपहर ढाई बजे अपने घर से पहली बार मीडिया के सामने आई। प्रेस कांफ्रेंस में छात्रा ने आरोप लगाया कि चिन्मयानंद ने एक साल तक उसका रेप किया और शोषण किया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शाहजहांपुर पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है इसलिए उसने दिल्ली में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई है। छात्रा ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री पर बलात्कार का भी आरोप लगाते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रही एसआईटी को भी यह बात बता चुकी हैं। एसआईटी ने शनिवार को करीब 11 घंटे तक उससे पूछताछ की थी। युवती के मुताबिक उसने जांच दल को बताया कि स्वामी चिन्मयानंद ने उसके साथ बलात्कार और एक वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण भी किया है। उसने दावा किया कि यह रिपोर्ट दिल्ली के लोधी रोड थाने में जीरो क्राइम नम्बर पर दर्ज करके शाहजहांपुर भेज दी गई है, मगर स्थानीय पुलिस बलात्कार और शारीरिक शोषण की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। लड़की ने कहा कि जांच दल को सारी बातें बताने के बाद भी स्वामी चिन्मयानंद को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उसने बताया कि इससे पहले जब उसके पिता ने चिन्मयानंद के खिलाफ शारीरिक शोषण के आरोप में मुकदमे की तहरीर दी थी तब मुकदमा दर्ज करना तो दूर, जिलाधिकारी ने उसके पिता को धमकी देते हुए चिन्मयानंद के रसूख का हवाला दिया और बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। छात्रा ने दावा किया कि उसके पास सारे साक्ष्य मौजूद हैं। वह कॉलेज हॉस्टल में जिस कमरे में रहती थी उसे सील कर दिया गया है। उसे मीडिया के सामने खोला जाए। सही समय आने पर साक्ष्य (वीडियो क्लिप) भी पेश किया जाएगा। छात्रा ने कहा कि उसने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी अपना वह वीडियो वायरल किया था जिसमें उसने स्वामी चिन्मयानंद से जान का खतरा बताया था। स्वामी चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह की ओर से दर्ज कराए गए पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगे जाने के मामले में कथित पीड़ित ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। चिन्मयानंद ने जो आरोप लगाया है वह फर्जी है। एक सवाल के जवाब में छात्रा ने बताया कि उसके साथ दिल्ली के होटल में देखा गया संजय सिंह नामक युवक उसका भाई है। मालूम हो कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद के कॉलेज स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय में एलएलएम की छात्रा ने 24 अगस्त को एक वीडियो वायरल किया था, जिसमें उसने चिन्मयानंद पर आरोप लगाया था कि उसने उसकी तथा कई अन्य लड़कियों की जिन्दगी बर्बाद कर दी है। इसके साथ ही उसने अपने और अपने परिवार की जान को खतरा बताया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। एसएल लॉ कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म सहित विभिन्न आरोपों से घिरे स्वामी चिन्मयानंद की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों वाला वीडियो मंगलवार को एक सोशल साइट पर वायरल हुआ। इसमें स्वामी एक छात्रा से मसाज करवाते दिख रहे हैं। यकीन नहीं आ रहा कि अपने आपको स्वामी कहने वाले, देश के पूर्व मंत्री रहे चिन्मयानंद पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले की तह तक जाना स्वामी चिन्मयानंद के लिए और भाजपा दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। बलात्कार का आरोप लगाने वाली छात्रा को मीडिया के सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों से प्रेम और संलिप्तता भाजपा के डीएनए में शामिल है।

No comments:

Post a Comment