Saturday 21 January 2017

जोधपुर केस में सलमान बरी, राहत की सांस ली

सलमान खान अंतत 18 साल बाद जोधपुर में चल रहे काले हिरण के शिकार के केस से बरी हो गए। सलमान के लिए बुधवार को जोधपुर की अदालत से बड़ी राहत देने वाला फैसला आया। बता दें कि 18 साल पहले राजस्थान में फिल्म हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार के मामले में सलमान के खिलाफ दर्ज हुए आर्म्स एक्ट के एक मामले में उन्हें संदेह का फायदा देते हुए बरी कर दिया गया। अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर सका कि सलमान के पास हथियार थे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दलपत सिंह राजपुरोहित ने कहा कि मामला आर्म्स एक्ट की जिन धाराओं में दर्ज किया गया था, उनमें बनता ही नहीं है। 18 साल से गलत धाराओं में मुकदमा चला। कोर्ट ने कहा कि तत्कालीन कलेक्टर रजत कुमार मिश्र ने बिना दिमाग लगाए सिर्फ सरकारी वकीलों की राय पर मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी थी। मजिस्ट्रेट ने 102 पेज के फैसले में सलमान के खिलाफ मामला दर्ज करने से चार्जशीट दाखिल करने तक की कमियों को गिनाते हुए बरी करने का फैसला सुना दिया। सलमान को 10.30 बजे कोर्ट में पहुंचना था। 11 बजे तक वह नहीं आए तो जज ने कहा कि आधे घंटे में पेश कीजिए नहीं तो लंच के बाद फैसला दूंगा। इसके बाद 11.30 बजे सलमान कोर्ट में पहुंच गए। महज सात मिनट कोर्ट में रहे। जज ने नाम पूछा और सात मिनट में बरी करने का आदेश सुना दिया। कोर्ट में सलमान की बहन अलवीरा भी थीं। कोर्ट से निकलते हुए सलमान कुछ लोगों को ऑटोग्राफ भी देते गए। दोपहर बाद तीन बजे सलमान चार्टर्ड प्लेन से मुंबई चले गए। सलमान अब तक चार केसों में बरी हो चुके हैं पर अब भी एक मामला अंडर ट्रायल है। पहला केस जिसमें वह बरी हुए थे मवाद गांव में 27 सितम्बर 1998 की रात हिरण का शिकार किया। कोर्ट ने दोषी माना और एक साल की सजा सुनाई। हाई कोर्ट ने बरी कर दिया। मामला अब सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। घोड़ा केस में घोड़ा फार्म हाउस में 28 सितम्बर 1998 की रात दो हिरणों का शिकार किया। कोर्ट ने पांच साल की सजा सुनाई। हाई कोर्ट ने बरी कर दिया पर मामला अब सुप्रीम कोर्ट में है। 2002 में मुंबई में सड़क किनारे सो रहे लोगों पर गाड़ी चढ़ाई। पांच साल की सजा हुई। हाई कोर्ट ने बरी कर दिया। महाराष्ट्र सरकार फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची और मामला लंबित है। कोर्ट ने सलमान को आर्म्स एक्ट में बरी कर दिया है। सलमान खान के इस केस में बरी होने से उनके करोड़ों समर्थकों ने राहत की सांस ली है। सलमान बहुत से गरीब, अनाथ बच्चों की देखभाल करते हैं। वह एक अच्छे इंसान हैं। गलतियां तो बड़े-बड़ों से हो जाती हैं पर सलमान को राहत उनके अच्छे कर्मों की वजह से मिलती रहती है।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment