Saturday 4 April 2015

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह फिर फंसे विवाद में

मोदी सरकार के बड़बोले मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। पहले भी बेतुके बयान दे चुके गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में अनावश्यक और बेतुकी टिप्पणी की। उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से कहा था, `यदि राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियाई महिला से विवाह किया होता और अगर सोनिया गांधी गोरी चमड़ी वाली नहीं होतीं तो क्या कांग्रेस उनका नेतृत्व स्वीकार करती।' हाजीपुर में की गई इस बेहूदा और नस्लीय टिप्पणी से सियासी बवंडर मचना ही था। गिरिराज सिंह ने बैठे -बिठाए मुसीबत मोल ले ली। इस पर आश्चर्य नहीं कि विरोधी राजनीतिक दल उनके बयान को मुद्दा बनाने में जुटे हैं। इससे पहले इन्हीं गिरिराज सिंह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसा था। गिरिराज ने राहुल पर कहा था, `राहुल सक्रिय राजनीति से छुट्टी लेकर गायब हैं। वे तो लापता मलेशियाई विमान की तरह हो गए हैं, जिसे कोई खोज नहीं पा रहा है। कल्पना करें हमारी जगह कांग्रेस सत्ता में होती और राहुल पीएम बन गए होते और 47 दिनों से ज्यादा गायब हो जाते।गिरिराज सिंह के बयान पर कांग्रेस सहित तमाम दलों और महिला संगठनों ने तीखी निन्दा की है। नाइजीरिया ने भी चेतावनी देते हुए कहा है कि इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाइजीरियाई उच्चायोग ने गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जाहिर करते हुए उनसे माफी मांगने को कहा है। कार्यकारी उच्चायुक्त ओबी ओकोनगोर ने कहा कि इस बारे में विदेश मंत्रालय में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है क्योंकि सिंह की टिप्पणी बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि मंत्री अपनी टिप्पणी वापस लें और नाइजीरिया के लोगों से माफी मांगें। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी के मंत्रियों और भाजपा के सांसदों के बीच बेशर्मी की हदें तोड़ने की होड़ लगी है। ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री को खुश करने के चक्कर में वे आपा खो बैठे हैं। सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उस महिला के बारे में बोलने का यह कैसा तरीका है जिसने जिन्दगी में दुख सहे व देश के लिए प्रियजनों को खो दिया। जब सरकार व उसके मंत्री उनका सम्मान नहीं कर सकते हैं तो अन्य महिलाओं के प्रति उनका क्या रवैया होगा। मामले के तूल पकड़ने के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की कड़ी फटकार के बाद गिरिराज सिंह ने बयान पर खेद जताया है। खासतौर पर नाइजीरिया की नाराजगी के बाद शाह ने गिरिराज से फोन पर बातचीत कर फटकार लगाई और सोच-समझ कर बोलने की नसीहत दी। मगर पार्टी ने गिरिराज सिंह के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई के संकेत नहीं दिए। कांग्रेस ने मंत्री गिरिराज को बर्खास्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव ने महिला संगठनों से गिरिराज सिंह को चूड़ी पहनाने का आह्वान किया है। बड़ी बात नहीं कि संसद का सत्र शुरू होने पर गिरिराज के बयान को लेकर हंगामा मचे। चूंकि मामला मोदी सरकार के मंत्री का है, इसलिए इसे मुद्दा बनाने का प्रयास हो रहा है। गिरिराज सिंह पहले ऐसे नेता नहीं जिन्होंने अपने बयान से मोदी सरकार की किरकिरी कराई हो। ऐसे नेता रह-रहकर सामने आते रहे हैं। खेदजनक यह है कि ऐसे बयानों पर खुद पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से नाराजगी जाहिर करने के बावजूद पार्टी व सरकार के नेता संयम-शालीनता का परिचय देने के प्रति सजग नहीं दिख रहे और प्रधानमंत्री के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। दुखद बात यह है कि बड़ी संख्या में ऐसे नेता हैं जो सार्वजनिक जीवन में भी विरोधी दलों के नेताओं के प्रति उपहास और असम्मानभरी भाषा का इस्तेमाल करने में संकोच नहीं करते। गिरिराज सिंह पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, महज माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। यह चौथी बार है जब उन्होंने ऊट-पटांग बयान दिया है। ऐसे नेता मंत्री पद के हकदार नहीं हैं।

No comments:

Post a Comment