Friday 29 May 2015

कहां है इंडियाज मोस्ट वांटेड दाउद इब्राहिम?

मोस्ट वांटेड आतंकी दाउद इब्राहिम कहां है, इस पर सरकार की तरफ से अलग-अलग बयान आए हैं। लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में गृह राज्यमंत्री हरी भाई परथी भाई चौधरी ने कहा कि अब तक उसका (दाउद) का पता नहीं लग सका है, मालूम होने पर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मीडिया में यह खबर आने पर इसे सरकार का यूटर्न माना गया। लेकिन छह घंटे बाद दूसरे गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि दाउद पाकिस्तान में है और सरकार अपने इस स्टैंड पर कायम है। अधिकारियों ने इस मामले में कंफ्यूजन के लिए नौकरशाही स्तर पर गलती होने की बात कही है। सरकार अरसे से कहती आ रही है कि दाउद पाकिस्तान में वहां के सुरक्षा तंत्र के संरक्षण में रहता है। दाउद के बारे में पाकिस्तान को कई डॉसियर देकर उसके ठिकाने की जानकारी भी दी गई है। उल्लेखनीय है कि दाउद इब्राहिम 12 मार्च 1993 के मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट का मुख्य आरोपी है। इस दिन मुंबई में 13 अलग-अलग जगह पर हुए ब्लास्ट में 257 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा घायल हुए थे। इंटरपोल के मोस्ट वांटेड की लिस्ट में शामिल दाउद के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी स्पेशल नोटिस जारी किया है। 2003 में अमेरिका ने उसे ग्लोबल टेरेरिस्ट घोषित किया। इंटरपोल के मुताबिक दाउद कराची में रहता है। इंटरपोल ने अपने नोटिस में उसके कराची के दो संभावित पते भी जारी किए थे। भारत सरकार भी कहती रही है कि दाउद पाकिस्तान में ही है। कहा जाता है कि दाउद को लाहौर में कई सुविधाएं भी प्राप्त हैं। वह अकसर कराची और लाहौर आता है। 27 दिसम्बर 1955 को महाराष्ट्र में रत्नागिरी जिले के मुअका में एक पुलिस कांस्टेबल के घर दाउद इब्राहिम कासकर का जन्म हुआ। 1984 में अंडरवर्ल्ड में दाउद ने पांव रखा। पहले डोगरी इलाके में चोरी, डकैतीलूटपाट करता था। बाद में तस्करी में हाजी मस्तान के गैंग में शामिल हो गया। 1993 के मुंबई में हुए बम धमाकों में दाउद मुख्य आरोपी है। एक नवम्बर 1993 में भारत के मोस्ट वांडेट आतंकियों की सूची में उसे शामिल किया गया। कई बॉलीवुड कलाकारों से दाउद के अच्छे रिश्ते हैं। कहा जाता है कि फिल्म `राम तेरी गंगा मैली' की अभिनेत्री मंदाकिनी कई साल तक दाउद के साथ रही। एक और अभिनेत्री इलियाना के दाउद से रिश्ते भी बताए जाते हैं। फिल्म `कहो न प्यार हैलाभ में हिस्सा न मिलने पर दाउद के लोगों ने फिल्मकार राकेश रोशन पर हमला कर दिया था। 2001 में बनी हॉलीवुड की फिल्म चोरी-चोरी चुपके-चुपके में दाउद ने शकील की मदद से पैसे लगाए थे। दाउद के पता ठिकाने के बारे में अनभिज्ञता जताए जाने संबंधी बयान को लेकर विपक्ष के निशाने पर आई मोदी सरकार ने पुरजोर शब्दों में कहा कि दाउद के पाकिस्तान में होने की विश्वसनीय सूचना है और सरकार उसे भारत वापस लाकर ही रहेगी। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि भारत के पास दाउद के पाकिस्तान में होने की पुख्ता सूचना है और हम उसे वापस लेकर अवश्य आएंगे।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment