Tuesday 19 May 2015

तानाशाह किम जोंग ने अपने रक्षामंत्री को तोप से उड़वाया

दुनिया में सिरफिरे लोगों की कमी नहीं है। इनमें से एक हैं उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग। किम जोंग तानाशाह शासक हैं। उनकी पागल आदतों का समय-समय पर पता चलता है। ताजा घटना उत्तर कोरिया के 66 वर्षीय रक्षामंत्री ह्योन योंग चोल की है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के अनुसार ह्योन योंग चोल के झपकी लेने से तानाशाह शासक किम जोंग इतने नाराज हुए कि उन्हें सरेआम तोप से उड़ा दिया। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (एनआईएस) ने बुधवार को अपने सांसदों के साथ हुई बैठक में दी। एजेंसी के अनुसार 66 वर्षीय ह्योन को सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में 30 अप्रैल को एक सैन्य प्रशिक्षण रेंज में विमान में ही तोप से उड़ा दिया गया। एनआईएस के अनुसार ह्योन को मौत की सजा उनकी गिरफ्तारी के तीन दिन बाद दी गई थी। ह्योन पर कोई मुकदमा नहीं चलाया गया, इससे उन्हें सफाई में कुछ भी कहने का भी मौका नहीं मिला। एजेंसी के अनुसार ह्योन को सजा किम के एक कार्यक्रम में झपकी लेने और पीछे बैठक कर एक कनिष्ठ अधिकारी से बात करने की वजह से दी गई है। किम ने इसे अपने आदेशों की अवहेलना माना। यह भी कहा जा रहा है कि ह्योन किम जोंग उनके आदर्शों की लगातार अवहेलना करते आ रहे थे। कुछ समय पहले रूस में एक सम्मेलन के दौरान भी उन्होंने किम के खिलाफ टिप्पणी की थी। इससे भी किम उनसे काफी नाराज थे। हालांकि अभी तक सजा की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन माना जा रहा है कि यदि यह खबर गलत होती तो उत्तर कोरिया सरकार की ओर से अब तक इसका खंडन आ चुका होता। तानाशाह शासक किम जोंग इतने सिरफिरे हैं कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा। दिसम्बर 2013 में किम ने अपने फूफा जंग सोंग कीक को भूखे कुत्तों के पिंजरे में डाल कर दी थी मौत की सजा। मई 2014 में अपनी बुआ किम क्योंग हई को भी जहर देकर मौत के घाट उतारा। इसका खुलासा हाल में हुआ था। 2011 में अपने पिता किम जोंग इल के निधन के बाद सत्ता संभालने के बाद से किम जोंग अपने राजनीतिक विरोधियों या सत्ता को चुनौती देने वाले करीब 70 नेताओं और अधिकारियों को मौत के घाट उतार चुके हैं। ऐसे 15 लोगों को तो इसी साल सजा दी गई है। तोप से उड़ा दिए गए ह्योन 2012 में उत्तर कोरिया के रक्षामंत्री बने थे। 2010 से वह जनरल के पद पर थे। दिसम्बर 2011 में दिवंगत नेता किम जोंग इल के अंतिम संस्कार के लिए बनी समिति के लिए भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी थीं। उत्तर कोरिया आज दुनिया के सबसे असुरक्षित देशों की सूची में शुमार है। परमाणु हथियारों से लैस उत्तर कोरिया के इस सिरफिरे तानाशाह किम जोंग की वजह से अमेरिका सहित पश्चिमी देश इस देश से चिंतित रहते हैं। यह कब, क्या कर दे कोई कुछ नहीं कह सकता। आए दिन उत्तर कोरिया दक्षिण कोरिया व अमेरिका को धमकाता रहता है। परमाणु बमों से लैस उत्तर कोरिया आज दुनिया के सबसे असुरक्षित देशों में से एक बन गया है।
-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment