Friday 5 September 2014

रकीबुल के सनसनीखेज खुलासे ः मददगार थे 2 दर्जन पुलिस अधिकारी व 6 जज

राष्ट्रीय शूटर तारा शाहदेव मामले के आरोपी रंजीत सिंह कोहली उर्प रकीबुल हसन ने झारखंड पुलिस के सामने कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रकीबुल हसन ने बताया कि उसके कई दिल्ली के जजों से अच्छे संबंध हैं। वह जजों से मिलकर जमानत दिलाने का धंधा करता था। इससे वह करोड़ों रुपए कमाता था। इस सिलसिले में कई जजों के घर भी आना-जाना था। रकीबुल ने दो दर्जन पुलिस अधिकारियों के नाम भी बताए हैं जो उसकी मदद करते थे। रकीबुल ने यह भी बताया कि दिल्ली के एयरपोर्ट के पास महिपालपुर इलाके के एक होटल में उसका कमरा बुक रहता था। अगर उसके किसी जानने वाले को दिल्ली में कोई काम होता था तो वह उसी कमरे में ठहराता था। रकीबुल ने दो दर्जन पुलिस अधिकारियों के बारे में यह भी खुलासा किया कि अधिकांश डीएसपी रैंक के हैं। इसके अलावा छह जज भी उससे मिले हुए थे। इनमें जिला जज और मुख्य न्यायाधीश स्तर के अधिकारी भी हैं। रकीबुल ने बताया कि दिल्ली के इशारे पर झारखंड के किसी भी जिले के कोर्ट के अधिकारी उसका कहा मानते थे। उसका पूरा काम मुश्ताक अहमद के ही जिम्मे था। काम की एवज में मिली रकम का 80 फीसदी मुश्ताक अहमद लेता था। बाकी पैसा रकीबुल को जाता था। किसी आरोपी को जमानत दिलवाने की एवज में रकीबुल दो से पांच लाख रुपए तक लेता था। कोर्ट का काम रकीबुल के ब्लेयर अपार्टमेंट से ही सुलटाया जाता था। विभिन्न जिलों के न्यायिक अधिकारी खुद रकीबुल के फ्लैट पर पहुंचते थे। पुलिस अधिकारी भी वहां आते थे। उन लोगों को पैसे के साथ-साथ लड़की भी सप्लाई की जाती थी। डीएसपी के लिए तय रकम का आधा हिस्सा रकीबुल को मिलता था। उसने सेक्स रैकेट से जुड़े कई पुलिस अधिकारियों और हाई-प्रोफाइल लोगों के नाम भी बताए। तारा द्वारा लगाए गए आरोपों को भी सही बताया। झारखंड की तारा शाहदेव अब पति की कैद से बाहर है। उसका पति रंजीत कोहली उर्प रकीबुल पुलिस गिरफ्त में है। राज्य सरकार पूरा मामला सीबीआई को सौंप चुकी है। जांच जारी है और मामले में रोज कुछ न कुछ नई बात खुल रही है। तारा शाहदेव ने बताया कि शादी के समय मुझे वायरल था। बुखार था। शादी के बाद जब ससुराल पहुंची तो रंजीत ने कहा आज की रात आराम कर लें। दूसरे ही दिन कहा कि जानती है मेरे पापा नहीं हैं। मुश्ताक अहमद ही गार्जियन है, उनकी इच्छा है कि हमारा निकाह भी हो। इससे हमारे रिश्ते को अल्लाताला की मेहर लगेगी। सब लोग हमारी नजर से नहीं देखते इसलिए इस बारे में किसी को बताना नहीं। निकाह में कुछ होता भी नहीं है। सिर्प कबूल है, कबूल है बोलना पड़ता है। मुझे सोचने का मौका भी नहीं मिला। मैंने उसके कहे अनुसार तीन बार कबूल है, कबूल है कह दिया। फिर मुझे वहां से हटा दिया गया। निकाह होते ही रकीबुल ने कहा ः ढंग से रहना, वरना दिल्ली वाली निर्भया जैसा हाल कर दूंगा। रकीबुल ने जो सनसनीखेज खुलासे किए हैं उनकी रांची पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही रकीबुल उर्प कोहली के खिलाफ आरोपों पर चार्जशीट दाखिल करेगी। तभी सही मायनों में पता चलेगा कि रकीबुल पर लगाए गए आरोप व सनसनीखेज खुलासे सही हैं या नहीं?

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment