Translater

Tuesday, 2 April 2019

पहले चरण में कई दिग्गजों की वोट आजमाइश होगी

लोकसभा चुनाव के पहले चरण को अब मुश्किल से नौ दिन बचे हैं। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की कुल 91 सीटों पर वोट पड़ेंगे। आंध्र (25), अरुणाचल (2), असम (5), बिहार (4), छत्तीसगढ़ (1), जेके (2), महाराष्ट्र (7), मणिपुर (1), मेघालय (2), मिजोरम (1), नगालैंड (1), उड़ीसा (4), सिक्किम (1), तेलंगाना (17), त्रिपुरा (1), उप्र (8), उत्तराखंड (5), पश्चिम बंगाल (2), अंडमान और  लक्षद्वीप में एक-एक सीट पर वोट पड़ेंगे। इस तरह 11 अप्रैल को 91 सीटों पर मतदान होगा। एक चुनावी सर्वे में कहा गया है कि इस आम चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए को 261 सीटें मिल सकती हैं। जो बहुत से 11 कम हैं। इससे पहले 10 मार्च के सी-वोटर जनमत सर्वे में यह संख्या 264 बताई  गई थी। दूसरा सर्वे बताता है कि भाजपा अपने बूते पर 241 सीटें पा सकती है। इस आम चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 42 प्रतिशत और कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए को 30.4 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। आईएनएस-सी-वोटर स्टेट ऑफ द नेशन मार्च 2019 वैव-2 में कहा गया है कि यह दूसरा सर्वेक्षण 10,280 नमूना सर्वेक्षण पर आधारित है। 543 लोकसभा सीटों के करीब 70,000 मतदाताओं की राय इस सर्वे में जानी गई है। चूंकि अभी चुनाव में समय है और रोज तस्वीर बदलेगी इसलिए इस सर्वे को हम अंतिम नहीं मान सकते। यह तो बस एक संकेत है। पहले चरण में भाजपा के कद्दावर नेता नितिन गडकरी समेत सात केंद्रीय मंत्री चुनाव मैदान में हैं। यही नहीं, तीन पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेताओं के बेटे-बेटी भी अपनी किस्मत आजमाएंगे। पहले चरण में जहां यूपी की आठ और बिहार की चार सीटों पर वोट डाले जाएंगे वहीं उत्तराखंड की सभी पांच सीटों पर मतदान होगा। नितिन गडकरी इस बार फिर से नागपुर की लोकसभा सीट से मैदान में हैं। कांग्रेस के नेता नाना पटोले से होगा उनका मुकाबला। 2014 में नितिन गडकरी ने यह सीट 2.84 लाख वोटों से जीती थी। पर्यटन मंत्री महेश शर्मा गौतमबुद्ध नगर से इस बार सपा-बसपा के सतबीर नागर और कांग्रेस के डॉ. अरविन्द चौहान से भिड़ेंगे। जनरल वीके सिंह फिर गाजियाबाद से उम्मीदवार होंगे। 2014 में उन्होंने राज बब्बर को हराया था। इस बार मुकाबला सपा-बसपा के सुरेश बंसल और कांग्रेस की डॉली शर्मा में है। उत्तराखंड की नैनीताल-उधम सिंह नगर सीट से मैदान में हैं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत। उनका मुकाबला भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अजय भट्ट से है। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे शोलापुर से मैदान में हैं। शिंदे के खिलाफ भाजपा के अलावा प्रकाश आंबेडकर भी मैदान में हैं। उत्तराखंड की हरिद्वार सीट से भाजपा प्रत्याशी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का मुकाबला कांग्रेस के अंबरीश कुमार से है। मुजफ्फरनगर सीट पर रालोद प्रमुख अजीत सिंह की टक्कर भाजपा में केंद्रीय मंत्री रह चुके संजीव बालयान से है। अरुणाचल के रिजिजू मोदी सरकार में गृह राज्यमंत्री इस बार भी अरुणाचल पश्चिम सीट से उम्मीदवार हैं। 2014 में कांग्रेस के ताकम संजौय को रिजिजू ने 41,738 वोटों से हराया था। आंध्रप्रदेश और अरुणाचल विधानसभा सीटों (175 और 56) में भी 11 अप्रैल को वोट पड़ेंगे।

No comments:

Post a Comment