Sunday 9 February 2020

छह करोड़ लोगों की जान खतरे में

म्यूजिशियन झांगमाऊ की दादी ने सोमवार को दम तोड़ दिया। वह कई दिनों से कोमा में थीं। अस्पताल ने उनका इलाज करने से मना कर दिया था। जॉन चेन कॉलेज से ग्रेजुएट हैं। उनकी मां कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। वह इतनी कमजोर हो गईं कि अस्पताल में इलाज की लाइन में खड़ी नहीं हो सकतीं। 30 साल का एक डॉक्टर खुद सांसें गिन रहा है। यह दहला देने वाला दृश्य हुबेई का है। चीन जिसका एक प्रांत हैं, जिसकी आबादी छह करोड़ है। चीन की सरकार ने अब इसे इसकी किस्मत पर छोड़ दिया है। कोरोना वायरस से मरने वाले 97 प्रतिशत लोग यहीं से हैं। मीडिया में चर्चा वुहान की है। दरअसल हुबेई की राजधानी है वुहान। पूरे चीन में इस वायरस से संक्रमित जितने लोग हैं उनका 67 प्रतिशत हुबेई में है। मरने वालों की तादाद दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है। लोकल हेल्थ सिस्टम की हालत खराब हो चुकी है। मरीज इतने हैं कि अस्पतालों में पांव रखने तक की जगह नहीं है। कोरोना वायरस के रहस्यमय रोगाणु ने सबसे पहले यहीं दस्तक दी। 23 जनवरी को चीन की सरकार ने पूरे हुबेई प्रांत को ही अलग-थलग कर दिया। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक हुबेई से कोई बाहर भी नहीं जा सकता। मकसद है वायरस को फैलने से रोकना ताकि पूरी दुनिया को बचाया जा सके। वुहान के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल यांग गांगहुन कहते हैं कि अगर पूरे राज्य की घेराबंदी नहीं की गई होती तो बीमार लोग इलाज के चक्कर में कहीं भी जा सकते थे। इससे पूरा चीन जानलेवा वायरस की जद में आ जाता। इससे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है, लेकिन यह जरूरी था। समझिए यह सब एक जंग लड़ने जैसा है। वुहान में एक करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं। इसे दूसरे दर्जे का शहर माना जाता है। विकास के मामले में यह शंघाई, पेइचिंग और गुआगंझाओ से पिछड़ा हुआ है। जब वायरस फैलना शुरू हुआ तो कुछ दिनों तक किसी को इसका अंदाजा नहीं था। इस वजह से यह तेजी से फैला। आधिकारिक तौर पर चीन में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 600 पार कर चुका है। 28 हजार से ज्यादा लोगों में संक्रमण पाया गया है। सिर्प कुछ ही दिनों के अंदर वायरस के केसों की संख्या 35 प्रतिशत ज्यादा हो गई है। पर चीन के टेंसेट टेक्नोलॉजी कंपनी के लीक हुए डाटा को सही मानें तो इस वायरस की वजह से करीब 25 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। यह सूचना तब आई है जब चीन में कोरोना वायरस को लेकर गलत खबर फैलाने पर मौत की सजा का ऐलान चीनी सरकार की तरफ से किया गया है। कंपनी के मुताबिक देश में 1,54,023 लोगों में वायरस का संक्रमण है। जो आंकड़े सामने आए हैं वो सरकारी आंकड़ों की तुलना में 80 गुना ज्यादा हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार की सख्ती के बाद यह कंपनी के वेबपेज पर यह रिपोर्ट अपडेट कर दी गई। टेंसेट चीन की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है, इसलिए इसकी रिपोर्ट अहम मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment