Friday 3 June 2016

डीएसपी का बेटा, ममता कुलकर्णी का पति ड्रग्स का बादशाह

ड्रग्स का धंधा इतना बढ़ गया है कि आए दिन ड्रग्स के पकड़े जाने की खबरें आती रहती हैं। हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अफीम की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पांचों आरोपी बरेली (यूपी) के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से 105 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसे अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है। पुलिस टीम को पता चला कि गिरोह के सदस्य मणिपुर से बरेली, (यूपी) अफीम लाते हैं। यहां से इसे दिल्ली, पंजाब व यूपी के अन्य हिस्सों में सप्लाई करते हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि पांचों आरेपियों ने बोलेरो खरीदी थी। उन्होंने जीप की पिछली सीट के पास छत में अफीम छिपाने की जगह विशेष रूप से बना रखी थी। मणिपुर से आते हुए जीप की कई जगह चैकिंग होती है मगर आरोपी पकड़े नहीं जाते थे। उन्होंने अफीम को एक-एक किलो के पैकेट में रखा हुआ था। ड्रग्स में इतना पैसा हो गया है कि अब कईं बड़ी हस्तियां भी इसमें शामिल पाई जा रही हैं। बात पिछले साल मार्च की है। केन्या के मोम्बासा में अफीका के नामी-गिरामी वकील क्लिप ओम्बेटा रो पड़े। कारण था अदालत ने उनके मुवक्किल बख्ताश अक्स और उनके साथी विक्की गोस्वामी को नशीली दवा की तस्करी के आरोप में मुचलके पर रिहा किया था, जिसकी उम्मीद नहीं थी। इनके साथ दो और लोग थे। इन चारों को 21 दिन से गिरफ्तार किया हुआ था। चारों पर अमेरिका में भी नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप थे और इन्हें पत्यार्पित किया जानता था। इसमें से विक्की गोस्वामी और कोई नहीं गुजरे जमाने की हिरोइन ममता कुलकर्णी का पति है। हाल ही में महाराष्ट्र में पकड़ी गई एफिड्रिन विक्की गोस्वामी की ही बताई जा रही है और ममता कुलकर्णी को भी इसमें सह-आरोपी बनाने की खबर है। देश में अब तक पकड़ी गई नशीली दवाओं की सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है। 20 टन एफिड्रिन 2000 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। विक्की गोस्वामी मूल रूप से अहमदाबाद का रहना वाला है। उसकी कहानी अहमदाबाद में अवैध शराब बेचने से शुरू होकर अंन्तर्राष्ट्रीय ड्रग्स माफिया बनने की है। उसके पास खुद का जेट विमान है, होटल चेन है। गुजरात एटीएस के मुताबिक विक्की गोस्वामी गुजरात के रिटायर्ड डीएसपी आंनद गिरि गोस्वामी का बेटा है। जो 15 भाई-बहनों के बीच पला बढ़ा। पिता आंनद गिरि को गुजरात में अवैध शराब बेचने के मामले में सस्पेंड किया गया था। भारत में जहां ड्रग्स का सर्वाधिक उत्पादन होता है वहीं अफीकी देशों में इसकी सबसे ज्यादा खपत होती है और इसीलिए विक्की ने अफीकी देशों को अपना ठिकाना बनाया। ताकतवर दोस्तों की बदौलत विक्की ने दक्षिण अफीका में अपना साम्राज्य कायम कर लिया।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment