Thursday 20 April 2017

क्लाइमैक्स पर पहुंचता दिल्ली एमसीडी चुनाव

दिल्ली नगर निगम के चुनाव में मुश्किल से तीन दिन बचे हैं। रविवार 23 अप्रैल को वोट पड़ेंगे। दिल्ली में होने जा रहे निगम चुनाव में 1.10 लाख से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस लिहाज से इस बार निगम चुनाव में युवा मतदाताओं की भागीदारी को काफी अहम माना जा रहा है। स्थानीय निकायों के लिए हाल ही में किए गए परिसीमन के बाद यह पहला नगर निगम चुनाव है। 1,10,639 मतदाताओं में जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे में से 24,825 ऐसे मतदाता हैं जो अभी-अभी 18 साल के हुए हैं। नगर निगम चुनावों के अंतिम दिनों में पार्टी के स्टार प्रचारकों की ताकत दिखेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता अपनी-अपनी पार्टियों के लिए राजधानी पहुंचने वाले हैं। रविवार को भी सियासी दलों ने छुट्टी के दिन का फायदा उठाते हुए कई बड़ी रैलियों और सभाओं का आयोजन किया। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन और पूर्व मंत्री जयराम रमेश समेत कई अन्य कांग्रेसी दिग्गजों ने अलग-अलग इलाकों में सभाओं को संबोधित किया। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सूफी गायक हंसराज हंस को साथ लेकर, फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचार किया। जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने पदयात्राएं और जनसम्पर्क अभियान चलाया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में पार्टियों की योजना सघन प्रचार अभियान चलाने की है। इसमें भाजपा की ओर से योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय मंत्री और बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा अपने स्टार प्रचारकों की पूरी टीम उतारने वाली है। वहीं कांग्रेस ने भी प्रचार के लिए 90 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। इनमें पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह व नवजोत सिंह सिद्धू आदि शामिल हैं। उधर दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव में लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली से ताल्लुक रखने वाले कई नामचीन हस्तियों को पत्र लिखा है। फिल्म स्टार अक्षय कुमार, प्रीति जिन्टा के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट टीम के दो-तीन बड़े खिलाड़ियों से भी चुनाव आयोग ने सम्पर्क किया है, चुनाव आयोग ने इन नामचीन हस्तियों से एक अपील रिकार्ड कराने की गुजारिश की है। आयोग पहली बार इस तरह की पहल नगर निगम चुनाव में कर रहा है। पहले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में ऐसा होता था। वे दिन लद गए जब प्रचार के लिए तिपहिया ऑटो या रिक्शा लेकर इलाके में चुनाव प्रचार होता था। अब तो एमसीडी के सभी वार्डों में ई-रिक्शा की धूम मची हुई है। फिल्म गीत या देशभक्ति के गीतों को गाते हुए ये रिक्शा आजकल पूरी दिल्ली में प्रचार की धूम मचा रहे हैं। इनसे प्रत्याशियों को भी लाभ हो रहा है तो रिक्शा वालों की भी कमाई हो रही है। कुछ साल पहले तक का हाल यह रहा था कि निगम या अन्य चुनावों के लिए प्रत्याशियों को तिपहिया ऑटो की सेवाएं लेनी होती थीं या सामान्य रिक्शा पर प्रचार करना पड़ता था। लेकिन नगर निगम चुनाव में अब प्रचार का तरीका बदल गया है। इन रिक्शाओं के तीनों तरफ प्रत्याशी के पोस्टर लगे हुए हैं, उसकी छत पर आगे-पीछे लाउडस्पीकर बंधे हुए हैं और अंदर एक व्यक्ति बैठा हुआ प्रचार का सिस्टम बजा रहा है। नियमों के अनुसार एक वार्ड में दो वाहनों से प्रचार किया जा सकता है। इन रिक्शों से प्रचार करने का लाभ यह है कि यह सभी इलाकों में घूम आते हैं। मात्र 600 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से ये 12 घंटे प्रचार करते हैं। बता दें कि तीनों नगर निगमों में 2012 में भाजपा का बहुमत था। उत्तरी दिल्ली में 59 भाजपा, 29 कांग्रेस व 16 अन्य जीते थे। दक्षिणी दिल्ली में 44 भाजपा, 26 कांग्रेस और 34 अन्य। पूर्वी दिल्ली में 39 भाजपा, 19 कांग्रेस व छह अन्य जीते। देखें रविवार को ऊंट किस करवट बैठता है?

No comments:

Post a Comment