Friday 18 November 2016

एलओसी पर युद्ध तो पाकिस्तान थोप रहा है

ऐसा बहुत कम हुआ है जब जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ने खुद यह स्वीकारा हो कि भारतीय गोलाबारी में उसके सैनिक हलाक हुए हैं। बहुत सालों के बाद पाकिस्तान ने स्वीकार किया है कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर रविवार रात भारतीय सेना की फायरिंग में उसके सात सैनिक मारे गए। वास्तव में संघर्षविराम तोड़ने का अभ्यस्त पाकिस्तान केवल भारतीय पक्ष की क्षति होने का दावा करता रहा है। पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में सात पाक सैनिकों को मार गिराया है। पाक ने भी इसकी पुष्टि की है। पाक की ओर से बीते एक सप्ताह से आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराने के लिए लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। रविवार रात भी पाक की ओर से घुसपैठ कराने के लिए भिंबर में भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की गई। हालांकि भारतीय सेना के सतर्प जवानों ने नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में सात पाक सैनिक मारे गए। अपने जवानों के मारे जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त गौतम बबावले को तलब कर भारत पर संघर्षविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पाकिस्तान ने यह भी स्वीकार किया है कि भारतीय गोलाबारी में पिछले दो महीनों में उसके 26 नागरिक भी मारे गए हैं। बहुत सालों के बाद पाकिस्तान ने अपने सात सैनिकों के मारे जाने को कबूल किया है। आमतौर पर वह ऐसी बातें छुपाता है। यहां तक कि पाकिस्तान भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक को भी गलत करार दे रहा था जबकि अमेरिका ने स्वीकार किया कि भारत की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक हुआ था। बौखलाए पाकिस्तान के वजीर--आजम नवाज शरीफ कहते हैं कि पाक किसी भी तरह के आक्रमण या उकसावे का जवाब देने में सक्षम है। पाक सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ भी मुंहतोड़ जवाब देने की धमकी दे रहे हैं। पाक यह क्यों भूल रहा है कि जो कुछ उसने बोया है उसी का फल उसे मिल रहा है। भारत ने कभी अपनी ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन नहीं किया, लेकिन अगर पाक की ओर से गोलाबारी होगी तो उसका जवाब देना अपरिहार्य होगा। जिस ढंग से सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने लगातार गोलाबारी की है उससे अनेक भारतीय सीमावर्ती गांवों को खाली करना पड़ा है। वहां की जनता पलायन करने पर मजबूर है। पाकिस्तानी उच्चायुक्त कहते हैं कि युद्ध समस्या का हल नहीं है। इस उपदेश की जरूरत पाकिस्तान को ज्यादा है। युद्ध कौन चाहता है? पर पाकिस्तान ने खुद भारत पर एक अघोषित युद्ध छेड़ रखा है। सच तो यह है कि पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने 289 बार संघर्षविराम किया है। युद्ध तो वह खुद थोप रहा है।

No comments:

Post a Comment