Friday 2 September 2016

5000 लड़कियों को कोठे में धकेल कर करोड़ों कमाए

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने देह व्यापार के जरिए रोजाना दस लाख रुपए कमाने वाले एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय गिरोह को पर्दाफाश किया है। 40 कमरे में ढाई सौ लड़कियों को बंधक बनाकर इस गोरखधंधे को अंजाम देने वाले पति-पत्नी सहित आठ लोगों को गिरफतार कर पुलिस ने उनके खिलाफ मकोका एक्ट में केस दर्ज किया है। दंपति ने कोठे की कमाई से नई दिल्ली से बेंगलुरू तक करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया है। छानबीन के दौरान पता चला कि कोठे की कमाई से अरोपी आफाक और सायरा ने कई जगहों पर मकान, कोठी , फार्म हाउस बना लिए हैं। इतना ही नहीं जैतपुर इलाके में उन्होंने अपनी बेटी के नाम पर बीते कुछ वर्षों से स्कूल खोल रखा है। हालांकि अरोपी का कहना है कि यह स्कूल एक ट्रस्ट चलाता है। इन्होंने घूमने के लिए फार्च्यूनर, इनोवा, होंडा सिटी आदि गाड़ियां रखी हुई थी। गिरफ्तारी के समय उनके पास से 9 लाख रुपए बरामद हुए और तीन करोड़ रुपए उनके बैंक खातों में मिले। पुलिस के अनुसार कोठों का संचालन कर पति-पत्नी आफाक और सायरा ने दिल्ली में करीब 100 करोड़ रुपए से अधिक का साम्राज्य खड़ा कर लिया। इस बात की भी आशंका है कि आफाक कई बड़े और सफेदपोश लोगों को लड़कियां सप्लाई कर रहा था। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को पता चला कि नेपाल समेत देश के कई हिस्सों से बालिग व नाबालिग लड़कियों को जीबी रोड पर देह व्यापार में धकेला जा रहा है। बताया जा रहा है कि आफाक और सायरा ने 5000 लड़कियों को देह व्यापार में धकेला है। जीबी रोड पर लगभग 80 फीसदी धंधे को दो या तीन लोग ही संचालित करते हैं। इस कड़ी में पहली बार अपराध शाखा ने मकोका के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को पता चला कि धंधे का संचालन अमरोहा जिले के कस्बा उझारी निवासी आफाक हुसैन उर्फ आफाक बाकरी उर्फ बाजी (45) और उसकी पत्नी सायरा बेगम (40) अपने गुर्गों के जरिए कर रहे हैं। पुलिस ने 25 अगस्त को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से आफाक, उसकी पत्नी सायरा बेगम दो नेपाली रमेश पांडेय और वासुदेव पांडेय को गिरफ्तार किया। आफाक और सायरा ने खुलासा किया कि जीबी रोड में इनके छह कोठे हैं, जिनमें 40 कमरे हैं। इनमें करीब 250 लड़कियां हैं और इनमें रोजाना 10 लाख से अधिक की कमाई होती है। गुर्गों को कुल कमाई का 15 फीसदी कमिशन मिलता है। पुलिस के अनुसार पिछले दो दशकों में गैंग नेपाल समेत देश भर से करीब 5000 लड़कियों को धंधे में धकेल चुका है। चारों से पूछताछ के बाद इनके बाकी चार सहयोगियों शमशाद, पूजा, शिल्पा उर्फ तुलसी और मुमताज को भी दबोच लिया गया।

No comments:

Post a Comment