Friday 28 June 2013

सवाल बाइकर्स का सड़कों पर हुड़दंग मचाने का


 Published on 28 June, 2013 
 अनिल नरेन्द्र 
इंडिया गेट पर हुड़दंग करना और वाहनों पर स्टंट करने की नई बीमारी पिछले कुछ समय से नई समस्या बन गई है। कुछ लोग न तो कानून की परवाह करते हैं और न ही अपनी जान की। नवम्बर 2002 में हुड़दंगियों ने इंडिया गेट के पास नियमों की अनदेखी कर जमकर स्टंटबाजी की थी। वाहनों की रफ्तार की चपेट में आने से उस दौरान कई पुलिस कर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर वाहनों को जब्त किया था। सोमवार को शब-ए-बारात के अवसर पर इंडिया गेट के आसपास हुड़दंगियों ने जमकर उत्पात मचाया। आधी रात को इंडिया गेट और उसके आसपास हंगामे, हूटिंग और पुलिस पर पथराव से अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस को कई जगहों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। काफी तादाद में  बाइकर्स ने करीब चार घंटे तक राजधानी की कई सड़कों पर कब्जा जमाए रखा। जहां इंडिया गेट समेत आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही,  वहीं शास्त्राr पार्प इलाके में बाइकर्स ने एक कार को आग के हवाले कर दिया। स्टंटबाजी करने के चक्कर में आए जामा मस्जिद इलाके में एक शख्स की मौत भी हो गई। मामले की गम्भीरता को देखते हुए खुद पुलिस कमिश्नर को सड़क पर उतरना पड़ा। पुलिस के अनुसार शब-ए-बारात के चलते सड़कों पर लोगों की काफी भीड़ थी। इंडिया गेट व आसपास के इलाकों में रात साढ़े 11 बजे से बाइकर्स जुटने लगे। आधी रात होते-होते बाइकर्स जो सैकड़ों की तादाद में मौजूद थे इंडिया गेट पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने इंडिया गेट जाने वाले रास्तों पर बैरीकेडिंग कर दी थी, लेकिन वे इंडिया गेट तक पहुंचने में सफल रहे। वहां उन्होंने खतरनाक स्टंट करते हुए भारी हंगामा किया। इतना ही नहीं वहां से गुजर रहे लोगों और महिलाओं से बदसलूकी भी की। पुलिस ने 88 मोटर साइकिल  जब्त की हैं। उत्पात मचाने वाले पांच बाइकर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।  पहले बाइकर्स आईटीओ पर जमा हुए, देखते ही देखते बाइकर्स की संख्या हजारों में पहुंच गई। यह सभी बाइकर्स जत्थों में तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, रिंग रोड, सुभाष मार्ग, जवाहर लाल नेहरू मार्ग एवं आसफ अली मार्ग के रास्ते विभिन्न इलाकों के लिए निकल पड़े। रास्तों में ये कभी बाइक को एक पहिए पर दौड़ाते तो कभी उन्हें सड़कों पर गोल-गोल घुमाना शुरू कर देते। पुलिस को स्थिति काबू करने में चार घंटे से ज्यादा का समय लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़कों पर खतरनाक स्टंट और बदतमीजी करते बाइकर्स ने मानो शहर के एक हिस्से पर कब्जा जमा लिया। यह  बाइकर्स खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे थे। सड़कों पर मौजूद लोग काफी डर गए थे। इस बीच फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम का कहना है कि इस्लाम कतई हुड़दंगी की इजाजत नहीं देता। हम समझ सकते हैं कि युवा बाइकर्स में उत्साह होता है पर क्या इंडिया गेट सही जगह है इस उत्साह को दिखाने की। कहीं बेहतर हो कि यह बाइकर्स कुछ इंटरनेशनल सर्पिट पर जाकर स्टंटबाजी करें ताकि किसी और को कोई तकलीफ न हो और न ही कानून व्यवस्था भंग हो।

No comments:

Post a Comment