Friday 19 February 2021

भारत के सभी राज्यों, नेपाल और श्रीलंका में भी भाजपा सरकार?

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव की टिप्पणी से नेपाल व श्रीलंका में हलचल होना स्वाभाविक ही था। रविवार को अगरतला में विप्लव कुमार देव ने पार्टी के एक कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह का हवाला देते हुए कहा था कि भाजपा न केवल भारत के सभी राज्यों में बल्कि नेपाल और श्रीलंका में भी सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा थाöगृहमंत्री जी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, मैंने एक बैठक में कहा कि अध्यक्ष जी बहुत स्टेट हम लोगों के पास हो गया है। अब तो अच्छा हो गया है। इस पर अध्यक्ष जी ने कहाöअरे काहे अच्छा हो गया है। अभी तो श्रीलंका बाकी है, नेपाल बाकी है। मतलब उस आदमी को... बोलता है कि देश का तो कर ही लेंगे... श्रीलंका है... नेपाल है... वहां भी तो पार्टी को लेकर जाना है। वहां भी जीतना है। विप्लव देव की इस टिप्पणी पर नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप ज्ञवाली ने कहा है कि इस मामले में नेपाल में भारत सरकार के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज करा दी है। नेपाली मीडिया के अनुसार भारत में नेपाल के राजदूत नीलांबर आचार्य ने सरकार के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। भारत-नेपाल के रिश्तों पर नेपाली पार्टियों ने भी कड़ा विरोध किया है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (प्रचंड ग्रुप) के केंद्रीय और नेपाली प्रवासी समन्वय समिति के अध्यक्ष युवराज चौलगाई ने बीबीसी से कहा कि विप्लव देव की यह टिप्पणी नेपाल की संप्रभुता का अपमान है। युवराज कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी से पता चलता है कि भारत का शासक वर्ग नेपाल को लेकर क्या सोचता है। आप यह कैसे कह सकते हैं? नेपाल एक संप्रभु देश है और उसके बारे में उसी सम्मान के साथ कोई टिप्पणी होनी चाहिए। युवराज कहते हैंöनेपाल को लेकर भाजपा में इतना आत्मविश्वास कहां से आता है? यह सोचने की बात है। इन्हें लगता है कि नेपाल में हिन्दू आबादी बहुसंख्यक है, तो कुछ भी बोल दो? हमारी आबादी में भले बहुसंख्यक हिन्दू हैं, लेकिन इससे हमारी संप्रभुता का सम्मान कम नहीं हो जाता है। दुनिया में कई मुस्लिम बहुल देश हैं, लेकिन वहां तो कोई बड़ा मुस्लिम बहुल देश छोटे मुस्लिम बहुल देश की संप्रभुता का अपमान इस तरह नहीं करता। विप्लव देव का यह बयान नेपाली मीडिया में भी छाया रहा। नेपाली अखबार नया पत्रिका ने 15 फरवरी को अपनी रिपोर्ट में लिखाöक्या भाजपा की यह गोपनीय योजना बाहर आ गई है? नेपाल में आरएसएस अपना विस्तार पहले से ही कर रहा है। ऐसे में भाजपा के मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सुनिश्चित है या संयोग? वीरगंज में आरएसएस का एक सम्मेलन हुआ था। इस सम्मेलन का उद्घाटन आरएसएस के राष्ट्रीय सह-संचालक कल्याण निदिल्सिनाले ने किया था। इसमें धर्मांतरण को लेकर चिंता जताई गई थी और वीरगंज बाजार से आरएसएस के स्वयंसेवकों ने एक मार्च भी निकाला था। विप्लव देव की इस टिप्पणी को मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने बकवास बताया है। कांग्रेस ने ट्वीट करके कहाöइन जैसे लोगों के बेवकूफी भरे बयानों की वजह से आज भारत के पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते सबसे खराब दौर में पहुंच चुके हैं। आप इन बेवकूफी भरे बयानों से लोगों को सिर्फ मूर्ख बना सकते हैं। बाबूराम भट्टराई की जनता समाजवादी पार्टी के नेता राज किशोर यादव कहते हैं कि विप्लव देव को टिप्पणी से कोई भी नेपाली खुश नहीं हुआ। इस तरह की टिप्पणी से भारत-नेपाल संबंध खराब ही होंगे।

No comments:

Post a Comment