Wednesday 16 March 2022

शुरू हो गई है 2024 चुनाव की रेस

जिन पांच राज्यों के चुनावों के नतीजे आए हैं, उनका असर महज उन राज्यों में सरकार बनाने तक सीमित नहीं रहने वाला है बल्कि यहां से रेस शुरू होती है 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए। इन राज्यों के सहारे अब सारा जोड़-घटाव लोकसभा चुनाव के लिए शुरू होना तय है। हालांकि इस बीच गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव भी होंगे, लेकिन नजर 2024 पर ही होगी। इन पांच राज्यों के नतीजे इसलिए अहम हैं कि जिन राज्यों से 102 लोकसभा की सीटें आती हैं और भाजपा को केंद्र में 300 के पार पहुंचाने में इन राज्यों की महत्ती भूमिका थी। विपक्ष ने इन राज्यों के जरिये परिदृश्य में बदलाव की उम्मीद पाल रखी थी लेकिन अब वह नई रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा। भाजपा के ]िलए संतोषजनक बात यह भर नहीं है कि उसने सबसे ज्यादा (80) लोकसभा सीट वाले राज्य में अपनी वापसी कर ली है बल्कि यह है, उसने अपना ऐसा एक मजबूत वोट बैंक तैयार कर लिया है जो विपक्ष के किसी भी तरह के गठबंधन से प्रभावित नहीं हो रहा। इस बार भी मोदी और योगी के चेहरे के आगे भाजपा के खिलाफ सभी फैक्टर बेअसर साबित हो गए और यहीं से योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता के पायदान पर नरेंद्र मोदी के बाद नम्बर दो पोजीशन में आने की चर्चा भी शुरू हो गई है। पंजाब में कांग्रेस का सत्ता से बेदखल होना उतनी बड़ी बात नहीं है, जितनी बड़ी बात आम आदमी पार्टी (आप) का वहां सत्ता में आना है। यह पहला मौका है जब किसी एक राज्य की पार्टी किसी दूसरे राज्य में सरकार बनाने जा रही है। आम आदमी पार्टी की जीत का मतलब यह नहीं है कि उसने पंजाब जीत लिया है, बल्कि यह है कि वह पंजाब का विकल्प बन रही है। दिल्ली के बाद पंजाब में उसका विस्तार दिखा। 2024 के मद्देनजर अब आम आदमी पार्टी गुजरात को लक्ष्य बना रही है। आम आदमी पार्टी का यह विस्तार कांग्रेस को और ज्यादा नुकसान पहुंचाएगा। अरविन्द केजरीवाल की कोशिश भी 2024 के चुनाव में प्रभावी चेहरा बनने की होगी। उत्तराखंड भी 2024 के नजरिये से भाजपा को सुकून देने वाला है। पिछले दो लोकसभा चुनाव से भाजपा यहां की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करती आ रही है। इस बार जिस तरह से चुनाव पूर्व के आखिरी छह महीनों में पार्टी को अपने दो-दो सीएम बदलने के बाद धामी को लाना पड़ा उसका असर चुनाव पर पड़ना था लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

No comments:

Post a Comment