Saturday 26 March 2022

दिग्गजों को हराने वाले कई विधायकों को नहीं मिली जगह

पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी दलों के राजनीतिक दिग्गजों को हराकर बड़े विजेताओं के रूप में उभरे आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायकों को मुख्यमंत्री भगवंत मान के मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई है। मंत्रिमंडल में जगह बनाने में असफल रहे आप के इन विधायकों में भदौड़ विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 37,558 मतों के अंतर से हराने वाले लाभ सिंह भी शामिल हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को उनकी पारंपरिक लांबी सीट पर 11,396 मतों से हराने वाले गुरमीत सिंह भी मंत्रिमंडल में जगह पाने में असफल रहे। लाभ सिंह आप में शामिल होने से पहले मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे जबकि गुरमीत सिंह पुड्डिया पिछले साल कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे। अमृतसर पूर्व सीट से कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को हराने वाली सामाजिक कार्यकर्ता जीवनजोत कौर (50 को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी है। आप उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने पटियाला शहरी सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को हराया, जबकि जगदीप कंबोज ने जलालाबाद से शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को हराया। यह दोनों नेता भी भगवंत मान के मंत्रिमंडल में जगह नहीं बना सके। इसके अलावा ऐसे कई विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली जो दूसरी बार पंजाब विधानसभा में चुनकर पहुंचे हैं, उनमें अमन अरोड़ा, सरबजीत कौर माणुके, बलविंदर कौर और प्रिंसिपल बुध राम शामिल हैं। भगवंत मान के मंत्रिमंडल में कुल 11 में से आठ मंत्री हैं जो पहली बार विधायक बने हैं। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment