Thursday 31 March 2022

अधिकारियों के हाथों में होगी कमान

एकीकृत दिल्ली नगर निगम की कमान वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के हाथों में रहेगी। इसके अलावा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी विभागों के प्रमुख बने रहेंगे। अभी तीनों नगर निगमों में वरिष्ठ पदों पर उनके कनिष्ठ अधिकारियों के अलावा युवा आईएएस और गैर आईएएस अधिकारी नियुक्त हैं। दरअसल एकीकृत नगर निगम के समय पार्षद रहे अधिकतर नेता बुजुर्ग हो चुके हैं और उनमें से अधिकतर राजनीति से तौबा कर चुके हैं। इस तरह नगर निगम में अधिकतर पार्षद नए युवा होने की संभावना जताई जा रही है, मगर नगर निगम के अधिकारियों का काफी अनुभवी एवं वरिष्ठ होने का अनुमान है। वर्ष 2012 में नगर निगम का विभाजन होने तक उसके तमाम प्रमुख पदों पर वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त थे। सूत्रों के अनुसार पहले की तरह नगर निगम के आयुक्त के पद पर एक बार फिर सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा। इसी तरह अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त और निदेशक के पदों पर उनकी गरिमा के तहत आईएएस अधिकारी ही नियुक्त होंगे। इन पदों पर नगर निगम के कोटे के वरिष्ठ अधिकारियों को भी नियुक्त किया जाएगा। माना जा रहा है कि पहले की तरह नगर निगम में आईएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर आने में रुचि लेंगे। इस तरह केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दूसरे राज्यों से अन्य सेवाओं के अधिकारियों को नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर जगह मिलनी मुश्किल हो जाएगी। तीनों नगर निगमों में आयुक्त पदों पर कनिष्ठ आईएएस अधिकारी नियुक्त हैं। इसके अलावा उपायुक्त पदों को कुछ ही कनिष्ठ आईएएस अधिकारी संभाले हुए हैं। तीनों निगमों में अतिरिक्त आयुक्त केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार एवं अन्य राज्यों से विभिन्न सेवाओं के अधिकारी नियुक्त हैं। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment