Wednesday 20 January 2021

वॉशिंगटन की किलेबंदी

अमेरिका के वॉशिंगटन में हिंसक प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर रक्षा अधिकारियों ने और सैनिकों को भेजने की मांग की थी। इसके बाद बड़ी संख्या में सैनिक विभिन्न राज्यों से बसों और विमानों के जरिये राजधानी वॉशिंगटन में आने लगे हैं। वॉशिंगटन छावनी में तब्दील हो गई है। 20 जनवरी को जो बाइडन का शपथ-ग्रहण समारोह है। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथ लेने से पहले प्रदर्शनों की आशंका को देखते हुए सेना के अधिकारियों ने राज्यों के गवर्नरों से नेशनल गार्ड के ज्यादा से ज्यादा जवानों को भेजने की अपील की थी, जिससे शहर के ज्यादातर हिस्सों में शपथ-ग्रहण से पहले लॉकडाउन लगाया जा सके। गौरतलब है कि छह जनवरी को अमेरिका की संसद भवन कैपिटल पर भीड़ ने हिंसक धावा बोला था। उसी घटना को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि हिंसक कट्टरपंथी समूह शहर को निशाना बना सकते हैं। सशस्त्र घुसपैठियों के आने तथा विस्फोटक उपकरण लगाने जैसी आशंका भी जताई गई है। वॉशिंगटन में अगले हफ्ते की शुरुआत तक 25000 से अधिक सैनिकों के आने का अनुमान है, लेकिन इसके साथ ही राज्यों के संसद भवनों में हिंसा की आशंका के संबंध में चिंता जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक बीते 72 घंटों में कम से कम 7000 सैनिक मैरीलैंड में ज्वाइंट बेस, एंड्रूज पहुंचे। कई हजार सैनिक बसों और सेना के ट्रकों में सवार हैं और वॉशिंगटन आ रहे हैं। सेना संबंधी मामलों के मंत्री रायन मैक्कर्थी ने गवर्नरों से मदद मांगी थी। एफबीआई ने भी सभी राज्यों के संसद भवनों में हिंसक हमलों की आशंका जताई है। रविवार को हमलों की आशंका के मद्देनजर सभी राज्यों की राजधानियों में हथियारों से लैस सैनिकों को तैनात किया गया है। वॉशिंगटन में पुलिस ने अमेरिकी संसद भवन कैपिटल के नजदीक एक जांच बिन्दु पर एक व्यक्ति के पास एक हैंड गन और 500 राउंड गोलियां बरामद कीं और उसे गिरफ्तार कर लिया है।

No comments:

Post a Comment