Saturday 5 February 2022

75 साल पुराने पेड़ों का संरक्षण

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक नई अनूठी पहल की है। हरियाणा में 75 वर्ष पुराने पेड़ों के संरक्षकों को प्रदेश सरकार हर साल 2500 रुपए पेंशन देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को वर्ल्ड वेटलैंड-डे पर सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि संरक्षकों को पेंशन देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इस मौके पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि आज गुजरात के खिजाड़िया वन्य जीव विहार और उत्तर प्रदेश के बखीरा वन जीव विहार को रामसर स्थलों में शामिल किया गया है। देश में रामसर साइट की संख्या 49 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दो वेटलैंड हैं। सुल्तानपुर और भिंडावास में हर साल हजारों पक्षी आते हैं। सुल्तानपुर में 100 से अधिक प्रजातियों के 50 हजार पक्षियों का आगमन होता है। वहीं भिंडावास में भी 80 के करीब प्रजातियों के 40 हजार पक्षी आते हैं। दोनों झीलों के आसपास के इलाके को होम स्टे पॉलिसी के तहत विकसित किया जाएगा। उनके आसपास के गांवों में ग्रामीणों के यहां पर्यटक ठहर सकेंगे और इससे वह ग्रामीण संस्कृति को भी समझ सकेंगे। श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पौंड अथारिटी बनाकर 1900 तालाबों को इसी साल ठीक कराने का बीड़ा उठाया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 18 हजार तालाबों को साफ किया जाएगा। उन्होंने ई-कार्ट से पक्षियों को भी निहारा। हरियाणा सरकार की इस पर्यावरण संबंधी घोषणा का स्वागत है। ग्लोबल वार्मिंग के दौर में ऐसी स्कीमों की पूरे देश में सख्त जरूरत है। इसका दुप्रभाव तो हम देख ही रहे हैं। मौसम में कितना परिवर्तन आ रहा है। पर्यावरण को बचाने के लिए हरियाणा ने पहल की है उसका हम स्वागत करते हैं।

No comments:

Post a Comment