Friday 11 February 2022

पकड़ा गया इंडिया की मोस्ट वांटेड लिस्ट का आतंकी

कई देशों में चल रहे भारत के एक बड़े सर्च ऑपरेशन में भारतीय एजेंसियों ने मुंबई 1993 के सीरियल बम ब्लास्ट के मामले में शामिल भारत के मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक अबू बकर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस ब्लास्ट में मुंबई में अलग-अलग जगहों पर 12 बम धमाके हुए थे, जिनमें 257 लोग मारे गए थे और 713 लोग घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार अब पकड़े गए आतंकी अबू बकर को यूएई से इंडिया लाया जाएगा। भारतीय एजेंसियों की यह एक बहुत बड़ी सफलता है कि आतंकी की धरपकड़ के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ था। अबू बकर जो हथियारों और विस्फोटकों के प्रशिक्षण के अलावा सिलसिलेवार होने वाले ब्लास्ट में इस्तेमाल किए जाने वाले आरडीएक्स की लैंडिंग में शामिल रहा है तथा संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान में रह रहा था। उसे हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर पकड़ा गया था। जानकारी के अनुसार इससे पहले 2019 में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ दस्तावेजों के अभाव के कारण वह यूएई के अधिकारियों की हिरासत से खुद को रिहा कराने में कामयाब रहा। शीर्ष सूत्रों ने पुष्टि की है कि भारतीय एजेंसियां अबू बकर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में हैं, जो लंबे समय से देश की मोस्ट वांटेड लिस्ट में था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बार अबू बकर को ठोस सुबूतों के आधार पर अरेस्ट किया गया है। अब उसे भारतीय एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा, जिससे उसे भारत लाने का रास्ता साफ हो जाएगा। हालांकि इस ब्लास्ट का मास्टर माइंड दाउद इब्राहिम आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अबू बकर पिछले 29 साल से भारतीय एजेंसियों के मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। अब यूएई से लाकर उसे कानून के कठघरे में पेश किया जाएगा। अबू बकर माफिया डॉन दाउद इब्राहिम के गुर्गे मोहम्मद और मुस्तफा दोसा के साथ मिलकर तस्करी करता था। वह खाड़ी देशों से सोना, कपड़े और इलैक्ट्रॉनिक सामान तस्करी से मुंबई और अन्य जगहों पर लाता था। फिलहाल अबू बकर के दुबई में कई बिजनेस हैं। उसने एक ईरानी महिला से शादी कर रखी है जो उसकी दूसरी पत्नी है। हम भारत की सुरक्षा एजेंसियों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हैं। अब वो दिन भी दूर नहीं जब दाउद इब्राहिम भी भारतीय एजेंसियों के काबू में होगा।

No comments:

Post a Comment