Translater
Saturday, 19 February 2022
चन्नी के विवादित बोल पर मचा बवाल
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा दिए गए विवादित बयान पर सियासी तूफान मच गया है। दरअसल सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के अनुसार मंगलवार को पंजाब के रूप नगर में एक रोड शो के दौरान चन्नी ने कहाöप्रियंका गांधी पंजाब की बहू हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली के भैया, जो पंजाब में राज करना चाहते हैं, हम उन्हें राज्य में घुसने नहीं देंगे। आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री चन्नी की इस टिप्पणी की आलोचना की है। आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने टिप्पणी को बेहद शर्मनाक करार दिया। चन्नी के बयान के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहाöहम किसी भी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के खिलाफ की गई गलत टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। केजरीवाल ने कहा कि चन्नी ने पूर्व में उनकी त्वचा के रंग को लेकर ताना मारते हुए उन्हें काला कहा था। जब भगवंत मान ने कहा कि प्रियंका गांधी भी उत्तर प्रदेश से जुड़ी हैं, तो केजरीवाल ने कहा कि वह भी भैया हैं। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने पलटवार करते हुए कहा कि चन्नी ने जिस प्रकार से यूपी-बिहार के लोगों का अपमान किया है वह अतिशर्मनाक है। ऐसे में इन दोनों राज्यों के लोग कांग्रेस को पंजाब और यूपी में हो रहे विधानसभा चुनाव में जरूर सबक सिखाएंगे। दूसरी ओर बिहार के जल संसाधन व सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा ने चन्नी की टिप्पणी को अभद्र बताया। इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। उनकी टिप्पणी को भारत की एकता पर एक अपवित्र हमला भी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेता के इस कृत्य के लिए माफी मांगे। संजय झा ने पंजाब के सीएम को बिहार की समृद्ध विरासत की याद भी दिलाई। चुनाव के दिनों में इस प्रकार की टिप्पणी से कांग्रेस पार्टी को भारी नुकसान हो सकता है।
-अनिल नरेन्द्र
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment