Tuesday 22 February 2022

दिल्ली पुलिस के त्याग व समर्पण का कोई मोल नहीं

देश की आजादी का अमृत महोत्सव के तहत दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस के 75वें साल पर मनाए गए समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी के सामने पहली चुनौती अपनी खुशियां लुटाकर हमारी-आपकी खुशियां बरकरार रखने की होती है। इसके अलावा पुलिसकर्मी हमेशा समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ही अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं। पुलिसकर्मी के त्याग, समर्पण और उसकी कर्तव्यनिष्ठा का कोई मोल नहीं आंका जा सकता। इस मौके पर अमित शाह ने कहाöकोविड-19 महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस के जवानों ने फ्रंटलाइन पर खड़े होकर लोगों की सेवा की है। लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना हो या उनके घर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाना हो, वह कभी पीछे नहीं रहे। यहां तक कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने शवों का अंतिम संस्कार भी किया। इस दौरान 79 जवानों ने असमय अपने प्राणों तक को त्याग दिया। अमित शाह ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में दंगों के दौरान सराहनीय कार्रवाई की है। विशेष रूप से दंगों की निष्पक्ष और सख्ती से जांच के लिए मैं दिल्ली पुलिस को बधाई देता हूं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से अगले पांच साल और 25 साल के बेहतर लक्ष्यों के साथ रोडमैप तैयार करने को कहा। बता दें कि 16 फरवरी को दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस के 75वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि 1948 में दिल्ली पुलिस स्वतंत्र पुलिस बल के रूप में अस्तित्व में आई थी। 75 वर्षों के साथ ही दिल्ली पुलिस ने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्र में अपनी क्षमता को साबित किया है। इस मौके पर अमित शाह ने सात पुलिस बिल्डिंग प्रोजेक्ट का रनोग्यूटेशन किया। इसके अलावा दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने ई-न्यूजलेटर किस्सा खाकी को लांच किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस में इस वर्ष पांच हजार जवानों का प्रोमोशन हुआ है। इसके अलावा 48 जवानों को ओटीपी मिला है और 45 जवानों को असाधारण कार्य से सम्मानित किया गया है। दिल्ली पुलिस ने निस्संदेह दिल्लीवासियों को सुरक्षित रखने में सराहनीय काम किया है। राजधानी दिल्ली होने के कारण आए दिन कोई न कोई खतरा बना रहता है। हाल में ही आतंकियों के प्लान को दिल्ली पुलिस ने फेल किया है। इनकी सेवा का कोई मोल नहीं है। -अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment